समाचार मध्यप्रदेश नीमच 21 जुलाई 2026 मंगलवार

//////////////////////////////
जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक संपन्न
स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान, हॉट स्पॉट क्षेत्रों में शिविर एवं सख्त निगरानी पर जोर
नीमच, 20 जुलाई 2026, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर सभाकक्ष, नीमच में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने की।
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम एवं नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सात प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की गई। इसके तहत जिले में अफीम, गांजा एवं भांग की अवैध खेती की सघन निगरानी, अंतर्राज्यीय प्रकरणों की जांच की नियमित समीक्षा, स्कूलों एवं कॉलेजों में नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता अभियान, मादक फसलों की अवैध खेती से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रमों का संचालन, जिले में संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का नियमित पर्यवेक्षण, नशे के आदी व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा नशा प्रभावित क्षेत्रों (हॉट स्पॉट) का चिन्हांकन कर वहां विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के नशे से संबंधित सामग्री की बिक्री पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने, नशे की रोकथाम के लिए बेहतर सर्विलांस तंत्र विकसित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भादौरिया,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, मनोवैज्ञानिक एवं नशा मुक्ति केंद्र से श्री जीवन तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
=================
सीईओ जिला पंचायत की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी पालन के लिए दिए गए सख्त निर्देश
नीमच, 20 जुलाई 2026। कलेक्टर सभागार में सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में ब्लैक फिल्म लगे वाहनों तथा ब्लैक फिल्म लगाने वाली दुकानों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई, जब्ती एवं सीलिंग की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वाहनों के आगे-पीछे विभिन्न जाति एवं समुदायों के नाम लिखकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत ने ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर ढाबों के बाहर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों पर नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूल बसों में इमरजेंसी एग्जिट, पैनिक बटन एवं अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कराने तथा आरटीओ के माध्यम से बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्रों का परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को सभी सार्वजनिक वाहनों एवं स्कूल बसों की फिटनेस जांच, ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई, स्कूल बस चालकों एवं परिचालकों की नेत्र जांच तथा शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी निर्माण विभागों को सड़कों की मरम्मत, ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने तथा वर्षाकाल में जलभराव या पुल-पुलियों पर पानी के बहाव की स्थिति वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं स्टॉप गेट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नीमच को सड़क पर अतिक्रमण कर सामान बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध जब्ती एवं चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने यातायात पुलिस को नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में वाहन स्वामी के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राहत एवं राहवीर योजना के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
=========
बाल कल्याण समिति के कानूनी अभिभावक प्रमाण पत्र से दो दिन में बना अनाथ बालिका का आधार कार्ड
नीमच, 20 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार अनाथ एवं निराश्रित बच्चों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में आधार कार्ड नहीं बन पाने की समस्या से जूझ रही बालिका रेखा को त्वरित राहत प्रदान की गई।
बालिका रेखा के माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है। उसके आधार कार्ड के लिए कानूनी अभिभावक का प्रमाण आवश्यक था। बाल कल्याण समिति, नीमच द्वारा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत बालिका की नानी श्रीमती सुंदर बाई को विधिक अभिभावक (लीगल गार्जियन) नियुक्त किया गया।
इसके बाद कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार यूआईडीएआई भोपाल की टीम से समन्वय स्थापित कर मात्र दो दिनों में बालिका का आधार कार्ड बनवा दिया गया।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि जिन बच्चों के माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है और कानूनी अभिभावक के अभाव में उनका आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है, उनके अभिभावक पहले बाल कल्याण समिति से लीगल गार्जियन (कानूनी अभिभावक) प्रमाण पत्र प्राप्त करें। इसके आधार पर संबंधित बच्चे का आधार कार्ड आसानी से बनवाया जा सकता है।
=============
रोगी कल्याण समिति की कार्यकारी बैठक आज
नीमच, 20 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की कार्यकारी बैठक का आयोजन 21 जुलाई को दोपहर 4:00 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में किया जाएगा।
बैठक में रोगी कल्याण समिति के कार्यों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक में सर्वसंबंधितों से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपेक्षा की गई है।
======
23 जुलाई को आईटीआई नीमच में लगेगा युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला
नीमच, 20 जुलाई 2026। तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय, नीमच के माध्यम से “युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला, नीमच” का आयोजन 23 जुलाई 2026 (गुरुवार) को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), ग्राम डूंगलावदा, जिला नीमच में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया जाएगा।
मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं किसी भी विषय में स्नातक उत्तीर्ण, लगभग 18 से 35 वर्ष आयु के इच्छुक युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता से संबंधित समस्त मूल दस्तावेज एवं छायाप्रति, रोजगार पंजीयन कार्ड, नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र लेकर उपस्थित होना होगा।
जिला रोजगार कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि मेले की संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रहेगी तथा किसी भी अभ्यर्थी से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिले के अधिक से अधिक पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर प्राप्त करने की अपील की गई है।
==============



