नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 13 जुलाई 2026 सोमवार

//////////////////////////////////////////

दुग्ध समृद्धि अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत 13 जुलाई से

प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से 21 जुलाई तक चलेगा विशेष जनसंपर्क अभियान

नीमच, 12 जुलाई 2026। प्रदेश शासन द्वारा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने एवं वैज्ञानिक पशुपालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “दुग्ध समृद्धि अभियान” के तृतीय चरण का आयोजन 13 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में पशुपालकों से सीधे संपर्क कर उन्हें उन्नत पशुपालन, नस्ल सुधार, पशु पोषण एवं पशु स्वास्थ्य संबंधी वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की जाएगी।

अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर डॉ.संदीप शर्मा को नोडल अधिकारी तथा विकासखंड स्तर पर संबंधित विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभियान के अंतर्गत 3 से 4 गौवंश एवं भैंसवंशीय पशु रखने वाले पशुपालकों के घर-घर जाकर संपर्क किया जाएगा।

जिले में अभियान के लिए 201 प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है, जिन्हें जिला एवं विकासखंड स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। अभियान के दौरान जिले के 10,084 पशुपालकों से संपर्क करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

गृह भ्रमण के दौरान कार्यकर्ता पशुपालकों को नस्ल सुधार, संतुलित एवं वैज्ञानिक पशु आहार, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी देंगे। साथ ही हरे चारे के महत्व, साइलेज के उपयोग एवं उपलब्धता के संबंध में जागरूक करेंगे। उन्नत पशुपालन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए पशुपालकों को चार शैक्षणिक रील साझा की जाएंगी तथा वैज्ञानिक पशु पोषण को सरल बनाने हेतु शासन द्वारा विकसित “गोरस ऐप” डाउनलोड भी कराया जाएगा।

अभियान के दौरान पशुपालकों के पास उपलब्ध पशुओं का ऑनलाइन पंजीयन एवं विवरण भी अद्यतन किया जाएगा। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की जाएगी तथा जनप्रतिनिधियों को भी अभियान में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

========

जिले में अब तक औसत 258.2 मि.मी. वर्षा दर्ज

नीमच, 12 जुलाई 2026। जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान 1 जून 2026 से 12 जुलाई 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले में औसत 258.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 338.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।

अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में तहसीलवार वर्षा का विवरण इस प्रकार है— नीमच में 333.0 मि.मी., जावद में 239.0 मि.मी., सिंगोली में 240.9 मि.मी. तथा मनासा में 220.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।

गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 303.0 मि.मी., जावद में 402.0 मि.मी., सिंगोली में 449.1 मि.मी. तथा मनासा में 201.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।

इसी प्रकार, 12 जुलाई 2026 की प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान जिले में औसतन वर्षा दर्ज नहीं की गई। इस अवधि में नीमच, जावद, सिंगोली एवं मनासा तहसीलों में वर्षा शून्य रही।

================

अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर सख्त कार्रवाई

अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के तीन प्रकरणों में 1.76 लाख रुपये से अधिक की शास्ति अधिरोपित

नीमच, 12 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत तीन अलग-अलग प्रकरणों में वाहन मालिकों पर कुल 1 लाख 76 हजार 550 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है।

जारी आदेशों के अनुसार, पुलिस थाना बघाना द्वारा जप्त जेसीबी क्रमांक RJ35EA1285 से बिना रॉयल्टी मुरूम का अवैध उत्खनन पाए जाने पर वाहन मालिक राजेन्द्रसिंह पिता गणपतलाल बावरी, निवासी साण्डीखेड़ा पर 58 हजार 500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। इसमें 29 हजार 250 रुपये रॉयल्टी का 15 गुना तथा 29 हजार 250 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति शामिल है।

इसी प्रकार पुलिस थाना नीमच द्वारा रेत का अवैध भंडारण पाए जाने पर वाहन मालिक महेश पिता किशनलाल अहिर, निवासी वार्ड क्रमांक-10, बंगाली कॉलोनी, ग्वालटोली, नीमच पर 11 हजार 250 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। इसमें 5 हजार 625 रुपये रॉयल्टी का 15 गुना तथा 5 हजार 625 रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति शामिल है।

वहीं पुलिस थाना नयागांव द्वारा डम्पर क्रमांक MP09HH3919 से गिट्टी का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक अंकुश पिता पंकज मित्तल, निवासी 75, नया बाजार, तिलक पथ, नीमच केंट पर 1 लाख 6 हजार 800 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। इसमें 10 हजार 800 रुपये रॉयल्टी का 15 गुना तथा 96 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति शामिल है।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने खनिज अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि अधिरोपित अर्थदंड की राशि 15 दिवस के भीतर शासकीय कोष में जमा होने की पुष्टि के उपरांत ही जप्त वाहनों को मुक्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

==============

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}