मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 12 जुलाई 2026 रविवार

////////////////////////////////////////

मन्दसौर में विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता रैली निकाली

मन्दसौर 11 जुलाई 2026/ स्वास्थ्य विभाग जिला मीडिया अधिकारी डॉ. एम.एल. कश्यप ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर मन्दसौर में परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को परिवार नियोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और सीमित परिवार के लाभों के प्रति जागरूक करना है। जिला स्वास्थ्य समिति, मन्दसौर के तत्वावधान में यह “विश्व जनसंख्या दिवस अभियान-2026” 11 जुलाई से प्रारंभ होकर 18 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा।

जागरूकता रैली का शुभारंभ मध्य प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, भोपाल की उपसंचालक श्रीमती राधिका गुप्ता एवं सहायक संचालक श्री वैभव पाटील द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। हरी झंडी दिखाने के पश्चात यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहाँ बैनर और संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

इस गरिमामयी आयोजन में प्रमुख रूप से सामाजिक कार्यकर्ता श्री बंशीलाल टॉक, आरएमओ डॉ. सौरव मंडवारिया, डॉ. निशांत शर्मा, डॉ. कमलेश कुमावत तथा जिला मीडिया अधिकारी डॉ. एम.एल. कश्यप उपस्थित रहे। रैली के सफल क्रियान्वयन में श्रीमती दीप्ति साहू, कमलेश दंडोतिया, शासकीय नर्सिंग कॉलेज की ट्यूटर्स, क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं और नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नारों के साथ जन-जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे 11 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष सप्ताह में शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध निःशुल्क परिवार कल्याण सेवाओं और सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। फोटो संलग्न

=========

एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस -बी का संक्रमण गर्भवती मां से शिशु में ना हो- डॉ राधिका गुप्ता उपसंचालक

मिशन एड्स सुरक्षा की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई

मंदसौर 11 जुलाई 2026/ राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा एचआईवी एड्स की रोकथाम हेतु मोबिलाइजेशन ऑफ एड्स सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लक्षित जनसंख्या में से 95 प्रतिशत लोगों को अपने एचआईवी स्टेटस का पता होना चाहिए। इनमें से जो एचआईवी संक्रमित पाए जाते हैं उन सभी का 95 प्रतिशत का उपचार होना चाहिए। इन सभी का 99 प्रतिशत वायरल लोड सप्रेस्ड होना चाहिए। सभी गर्भवती महिलाओं की एचआईवी सिफलिस एवं हेपेटाइटिस बी की जांच ऑफर की जाना चाहिए। उपरोक्त के संबंध में डॉ राधिका गुप्ता उप संचालक मध्य प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा समीक्षा बैठक ली गई और आवश्यक निर्देश विभाग को दिए। इसके साथ ही HMIS पोर्टल पर गर्भवती माता की एचआईवी एवं सिफलिस की जांच की जो रिपोर्ट की जा रही है उसमें अंतर है उसे दूर किया जाए।सभी लोग इमानदारी से एक टीम के रूप में कार्य करें जिससे एचआईवी एड्स के संक्रमण को रोका जा सके और निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके ।विजिट के दौरान आईसीटीसी, ए आर टी ,ब्लड बैंक का निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिए। मीटिंग के अंत में श्री राजेश रजक ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉक्टर बी एल रावत, नोडल अधिकारी डॉक्टर निशांत शर्मा, एस एमओ डॉ कमलेश कुमावत, वैभव पाटील सहायक संचालक ,बीएमओ डॉक्टर अभिषेक जैन, डॉ बीके सुरा, डॉ घनश्याम पाटीदार, डीसीएम,दिशा स्टाफ, बीपीएम, बीसीएम, काउंसलर लैब टेक्नीशियन, बिहान, टी आई एवं लिंक वर्कर परियोजना का स्टाफ उपस्थित थे ।

==============

निःशुल्क 30 दिवसीय रेफ्रीजरेटर एंड एयर कंडीशनिंग इंस्टालेशन एवं रिपेयरिंग की ट्रेनिंग 15 जुलाई से प्रारंभ

मंदसौर 11 जुलाई 26 / ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान प्रबंधक द्वारा बताया गया कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान मंदसौर द्वारा निःशुल्क 30 दिवसीय रेफ्रीजरेटर एंड एयर कंडीशनिंग इंस्टालेशन एवं रिपेयरिंग की ट्रेनिंग पुरुषों हेतु 15 जुलाई 2026 से प्रारंभ।

18 से 50 वर्ष वाले इच्छुक प्रत्याशी अपना रजिस्ट्रेशन जल्द से जल्द करवा लेवे जिससे उनका स्थान सुरक्षित हो जाए। प्रत्याशी अपने साथ दो फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड, समग्र आईडी कार्ड, अंतिम मार्कशीट और बैंक खाते की डिटेल फोटो प्रति लेकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते है।

प्रवेश संबंधित अधिक जानकारी के लिए सर्किट हाउस के पहले नई आबादी पुलिस थाने के पास ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया आरसेटी) मोबाईल नम्‍बर 6269058449 7999852839, 9111858590, 8435806297 में प्रातः 10 से शाम 5 बजे कार्यालयीन समय पर संपर्क कर सकते हैं।

===

जिले के संपूर्ण क्षेत्र में नलकूप खनन पर 31 जुलाई तक प्रतिबंध

मंदसौर 11 जुलाई 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने मध्य प्रदेश पेयजल परिक्षण अधिनियम 1986 की धारा 3 संशोधित अधिनियम 2002 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत सम्‍पूर्ण जिले में अशासकीय व निजी नलकूप खनन करने पर 31 जुलाई 2026 तक प्रतिबंध लगाया गया है।

मंदसौर जिले में कोई भी व्यक्ति बिना अनुज्ञा के नलकूप खनन नहीं कर सकेगा। जो व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करेगा वह अधिनियम की धारा -3 या धारा -4 के उपबंध का उल्‍लंघन करने पर दो हजार रू के जुर्माने तथा दो वर्ष तक के कारावास या दोनों से दण्डित किया गया जायेगा। शासकीय योजना के अंतर्गत किये जाने वाले नलकूप उत्‍खनन पर यह आदेश लागू नहीं होगा। इस हेतु अनुज्ञा प्राप्‍त किया जाना आवश्‍यक नहीं होगा।

========

जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारी के सम्बन्ध में वृहद बैठक का आयोजन
12 जुलाई, रविवार को सायं ठीक 5 बजे

मन्दसौर (निप्र) 500 वर्ष प्राचीन मध्यप्रदेश के एकमात्र भगवान जगन्नाथजी के चमत्कारी सिद्ध स्थल से 16 जुलाई 2026, गुरुवार को पहली भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी ।
भव्य रथयात्रा की तैयारी के सम्बन्ध में एक वृहद बैठक रथयात्रा प्रमुख श्री राजेश बंशीलाल गुर्जर की अध्यक्षता में दिनांक 12 जुलाई 2026, रविवार को सायं ठीक 5 बजे, सिंधु महल, वीर सावरकर पुल के पास, धानमंडी रोड, मन्दसौर पर रखी गई है । कृपया आप सभी मातृशक्ति, पुरुष व युवा भगवान जगन्नाथ के भक्तजन पधारकर अपना अनमोल मार्गदर्शन प्रदान करें ताकि आप सबके सानिध्य में म . प्र. के एकमात्र सिद्ध स्थल से भगवान जगन्नाथजी की भव्य रथयात्रा को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान कर मन्दसौर नगरवासी गौरव की अनुभूति कर मन्दसौर की प्रतिष्ठा में अभिवृद्धि हो सके ।

===========

उद्यानिकी महाविद्यालय मंदसौर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न

मंदसौर। पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के विकास तथा विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से उद्यानिकी महाविद्यालय, मंदसौर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा शनिवार, 11 जुलाई 2026 को महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने आम, अमरूद, आंवला, जामुन, नींबू तथा अन्य फलदार 200 पौधों का रोपण किया। पौधारोपण के उपरांत पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं वैज्ञानिक देखभाल सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. दीपक हरि रानडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि वृक्ष मानव जीवन, कृषि एवं पर्यावरणीय संतुलन के आधार हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र एवं जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण से ही संभव है। उद्यानिकी के विद्यार्थियों की भूमिका इस दिशा में विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे केवल पौध उत्पादन की तकनीक ही नहीं सीखते, बल्कि हरित विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के दूत भी बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना ही इस कार्यक्रम की वास्तविक सफलता होगी।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रदीप तुरुकमाने ने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामुदायिक सेवा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आजीवन दायित्व का प्रतीक है। यदि प्रत्येक स्वयंसेवक एक पौधे के संरक्षण का संकल्प लेकर उसे विकसित करे, तो पर्यावरण संरक्षण का अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सकता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय में संचालित ग्रीन ग्रेजुएट प्रोग्राम की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग, जैव विविधता संवर्धन, जल एवं मृदा संरक्षण, स्वच्छ परिसर, जैविक अपशिष्ट प्रबंधन तथा पौधारोपण एवं पौध संरक्षण जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाता है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्रीधारी नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी एवं व्यवहारिक रूप से जागरूक नागरिक के रूप में विकसित करना है। ग्रीन ग्रेजुएट प्रोग्राम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक जीवन में हरित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाता है, जिससे वे समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रभावी संदेशवाहक बन सकें।
ग्रीन ग्रेजुएट प्रोग्राम (Green Graduate Program) एक अनूठी पहल है। इसका मुख्य लक्ष्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत छात्रों को कॉलेज या विश्वविद्यालय में अपनी पढ़ाई के दौरान पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का काम सौंपा जाता है।
पौधा लगाना: कॉलेज में प्रवेश लेते ही प्रत्येक छात्र को एक पौधा लगाना होता है।
देखभाल: छात्र को अपनी पूरी पढ़ाई (जैसे 3 या 4 साल) के दौरान उस पौधे की नियमित रूप से देखभाल करनी होती है।
सत्यापन: पौधे के बड़े होने पर समय-समय पर उसकी तस्वीरें और स्थिति विश्वविद्यालय को देनी पड़ती है।
विशेष डिग्री: सभी शर्तों को पूरा करने वाले छात्रों को विश्वविद्यालय से जो डिग्री या मार्कशीट मिलती है, उस पर ‘ग्रीन ग्रेजुएट’ (Green Graduate) अंकित होता है। जिम्मेदारी की भावना: यह छात्रों को प्रकृति के करीब लाता है और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी बढ़ाता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय सेवा योजना एवं ग्रीन ग्रेजुएट प्रोग्राम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

======

उत्साह, प्रतियोगिता और आत्मिक स्तवन से सराबोर रही चंदनबाला महिला मंडल की मासिक बैठक


मन्दसौर। चंदनबाला महिला मंडल की मासिक बैठक उत्साह एवं धार्मिक वातावरण में संपन्न हुई। बैठक के दौरान एक रोचक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बहनों ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में दीपा मारू, रेखा लाबरिया, प्रतिभा तरवेचा, इंद्रा रांका, मंजू क़ीमती, इंदू चौधरी, सीमा चौरड़िया, अनिता मारू एवं नीता चपलोत ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता के परिणामों में प्रथम स्थान दीपा मारू, द्वितीय स्थान अनिता मारू तथा तृतीय स्थान सीमा चौरड़िया ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता का निष्पक्ष निर्णय अतिथि निर्णायक स्वाति रिछावरा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष शशि मारू ने आत्मिक स्तवन की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी बहनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। मंडल की सभी बहनों की सक्रिय उपस्थिति एवं सहभागिता ने कार्यक्रम की शोभा में चार चाँद लगा दिए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अध्यक्ष श्रद्धा कटारिया, सचिव साधना जैन तथा मंत्री रेखा लाबरिया ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं उपस्थित बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

==========

सकल जैन समाज महिला प्रकोष्ठ ने जरूरतमंद महिला को प्रदान की सिलाई मशीन, स्वरोजगार की ओर बढ़ाया कदम

मंदसौर। सकल जैन समाज महिला प्रकोष्ठ के तत्वाधान में सेवा और सहयोग की भावना को चरितार्थ करते हुए एक सराहनीय कार्य किया गया। 8 जुलाई को शाम 3 बजे उषा सिलाई मशीन केंद्र पर आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में, एक गुप्त दानदाता के विशेष सहयोग से जरूरतमंद महिला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन प्रदान की गई। यह मशीन पूर्व महामंत्री शशि जी मारू के कर-कमलों द्वारा लाभार्थी महिला को सौंपी गई, जिससे एक बेरोजगार परिवार को रोजगार का नया साधन मिल सका। इस पुनीत कार्य के लिए समाज जनों ने दानदाता और सहयोगियों की हृदय से भूरि-भूरि अनुमोदना की।
इस अवसर पर सकल जैन समाज महिला प्रकोष्ठ की महामंत्री विनाली मेहता ने उपस्थित समाज जनों को संबोधित करते हुए कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। जब हम किसी जरूरतमंद को आत्मनिर्भर बनने का साधन प्रदान करते हैं, तो हम केवल एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे परिवार की मदद कर रहे होते हैं। आज इस सिलाई मशीन के माध्यम से एक बहन को न केवल रोजगार मिला है, बल्कि समाज में स्वाभिमान से जीने की नई राह भी मिली है। हमारा संगठन भविष्य में भी महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें पैरों पर खड़ा करने के लिए इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा। विनाली मेहता ने गुप्त दानदाता और पूर्व महामंत्री शशि जी मारू का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे निस्वार्थ सहयोग ही समाज को मजबूती प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंत्री पूर्णिमा चोरड़िया, नीमा जैन, अलका जैन, कोषाध्यक्ष प्रीति नगरीवाला सहित  सह-मंत्रियों किरण जैन और सकल जैन समाज महिला प्रकोष्ठ मंदसौर के पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा। सभी सदस्यों ने एकजुट होकर इस सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।

=========

‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव’

युवाओं के सपनों को पूरा करने हर संभव मदद करेगी सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इनफ्लुएंसर्स से किया संवाद 
  • देश के साथ प्रदेश की समृद्धि के सूत्रधार बनेंगे 2 करोड़ युवा 
  • राष्ट्र के नवनिर्माण में युवा शक्ति की प्रतिभा को निखारने करेंगे सभी संभव उपाय
  • प्रदेश सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाने दे रही है स्पेशल ट्रेनिंग
  • कॉन्क्लेव से प्राप्त सुझाव पर बनायेंगे युवा नीति
  • अपनी क्षमता, योग्यता, बुद्धिमता और उद्यमिता से युवा ही बनायेंगे विकसित भारत 
  • युवा शक्ति को जोड़ेंगे प्रदेश के विकास यज्ञ में
  • रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले उद्यमी बनें युवा 
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव का शुभारंभ कर प्रदेश के सभी युवाओं को दिया संदेश 
  • युवाओं ने सौंपा विकसित मध्यप्रदेश@2047 के संकल्प-पत्र का मसौदा 

भोपाल/ मंदसौर 11 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिये हर संभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 2 करोड़ युवा विकसित भारत @2047 के निर्माण में सहभागी बनते हुए प्रदेश की समृद्धि के भी सूत्रधार बनेंगे। राष्ट्र के नवनिर्माण में युवा शक्ति की प्रतिभा को निखारने के लिये हम प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिये संत रविदास ग्लोबल स्किल पार्क जैसे कौशल उन्नयन संस्थानों के द्वारा स्पेशल ट्रेनिंग दे रही है। दुनिया की सबसे बड़ी यंग जनरेशन भारत में है। हमारा देश युवाओं का देश है। युवाओं के बलबूते ही भारत हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। अपनी क्षमता, दक्षता, योग्यता, जोखिम लेने का साहस, बुद्धिमता और उद्यमशीलता से यही युवा नये विकसित भारत का निर्माण करेंगे। भारत के हृदय प्रदेश, मध्यप्रदेश  में 2 करोड़ से अधिक युवा हैं। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेन्टर में आयोजित ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव’ के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कॉन्क्लेव का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने की डिजिटल कंटेंट अवार्ड की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश यूथ कॉन्क्लेव-2026में इंफ्लुएंसर्स के साथ संवाद किया। उन्होंने युवाओं के उत्थान और जन जागरूकता के लिए डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के योगदान को सराहा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के डिजिटल इंफ्लुएंसर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डिजिटल कंटेंट अवॉर्डप्रदान किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक सोच, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के साथ काम करने वाले युवा आज समाज में परिवर्तन के सशक्त वाहक बन रहे हैं और उनके योगदान को सम्मानित किया जाना आवश्यक है। कार्यक्रम में इंदौर, उज्जैन, धार सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों के 200 से अधिक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्ल्यूएंसर्स शामिल हुये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं से संवाद करते हुए समाज निर्माण, सकारात्मक परिवर्तन और जनजागरूकता में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म समाज को दिशा देने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। आज का यूथ केवल कंटेंट नहीं बना रहा, बल्कि विचारों को दिशा दे रहा है, समाज को जोड़ रहा है और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को स्वर दे रहा है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और जिम्मेदार डिजिटल कंटेंट के माध्यम से युवा समाज में रचनात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।

वर्ष 2027 होगा युवाओं का साल : युवाओं के कल्याण की इसी साल से हो गई शुरुआत 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अगला साल (2027) प्रदेश की युवा शक्ति को समर्पित रहेगा। युवाओं के समग्र कल्याण सहित इन्हें रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार सभी जरूरी कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा कल्याण की शुरूआत इसी साल से इस ‘यूथ कॉन्क्लेव’ के जरिए हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए युवाओं की सहभागिता बेहद आवश्यक है। हम प्रदेश के विकास यज्ञ में युवाओं की शत्-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा साथी अपने जीवन में आगे बढ़ने और कुछ नया कर गुजरने के सपने देंखे, युवाओं के सपनों को पूरा करने में हमारी सरकार सभी प्रकार की मदद करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को कॉन्क्लेव में आए युवाओं ने ‘मध्यप्रदेश युवा संकल्प-2026’ का मसौदा सौंपा। मुख्यमंत्री ने दस्तावेज तैयार करने के लिए अपने सुझाव देने वाले सभी युवा चिंतकों को शुभकामनाएं दीं।

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार का एक फैसला लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल देता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को बैंकिंग प्रणाली और यूपीआई से जोड़ने के लिए करोड़ों लोगों के जीरो बैलेंस में बैंक खाते खुलवाए। यह वित्तीय समावेशन की दिशा में उठाया गया विश्व का सबसे बड़ा और क्रांतिकारी कदम था। उन्होंने कहा कि जो काम पहले असंभव मान लिया गया था, हमारी सरकार ने पुरजोर प्रयास कर उसे धरातल पर उतारा है। आज इंदौर शहर को भी नर्मदा का पवित्र जल मिल रहा है। प्रदेश में केन-बेतवा नदी लिंक और पीकेसी नदी लिंक परियोजनाओं पर काम जारी है। हमारी सरकार युवा शक्ति को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है। युवा शक्ति अवसरों का भरपूर लाभ उठाए। 

होम-स्टे से युवाओं को ग्रामीण अंचलों में मिल रहा है रोजगार 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा शक्ति अपनी प्रतिभा से देश और समाज में अलग पहचान बनाए। राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में होम-स्टे तैयार करने के लिए युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई के लिए शिक्षा ऋण आसानी से उपलब्ध कराया जा रहा है। रोजगारपरक उद्योग स्थापित करने पर ऐसे उद्यमियों को हमारी सरकार प्रत्येक श्रमिक के वेतन में 5 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन सहायता दे रही है। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने राहवीर योजना की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि मानवीय संवेदनाओं को प्रोत्साहित करते हुए किसी सड़क हादसे के घायलों की मदद करने वाले वीरों को सरकार द्वारा इनाम के रूप में 25 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। प्रदेश के गरीब-जरूरतमंदों को कठिन समय में पीएम हेली सेवा और पीएमश्री एयर एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, मदनलाल ढींगरा जैसे वीरों ने भारत माता की सेवा करते हुए स्वयं को बलिदान कर दिया। झाबुआ जिले के भाबरा में जन्मे चंद्रशेखर आजाद ने जिंदा रहते हुए तक खुद को अंग्रेजों को हाथ नहीं लगाने दिया। क्रांतिसूर्य टंट्या मामा ने ब्रिटिश सरकार को चुनौती दी थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी के पिता श्री धीरू भाई ने पेट्रोल पंप पर नौकरी करते हुए संघर्ष किया और  अपना व्यवसाय स्थापित किया। यह सब इस बात का प्रतीक है कि युवाओं ने ही देश को नई दिशा दी है।

युवाओं ने रखी अपनी बात

कॉन्क्लेव में युवा सुश्री कशिश आहूजा और श्री संकल्प सिंह चौहान ने शिक्षा-कौशल विकास तथा सुश्री अमीक अमानी ने खेल क्षेत्र में संकल्प पत्र का वाचन किया। डॉ. महक भंडारी ने स्वास्थ्य के क्षेत्र पर अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में आभा आईडी के माध्यम से सभी रिपोर्ट्स अब मोबाइल पर डिजिटल फॉर्म में उपलब्ध हैं। हमारे युवा स्वास्थ्य कर्मी वॉलेंटियर्स बनकर सिंहस्थ 2028 के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करें। सुश्री सानिया जसवानी ने एमएसएमई सेक्टर के संकल्प पत्र पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रदेश की युवा शक्ति नई ऊर्जा से भरी हुई है। हम नवाचारों को लेकर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि समृद्ध मध्यप्रदेश @2047 के संकल्प में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

युवा श्री लखन पाटीदार और श्री जितेंद्र पाटीदार ने कृषि, उद्यानिकी एवं फूड प्रोसेसिंग के संकल्प पत्र का वाचन करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती से हम पर्यावरण संरक्षण के प्रति अधिक जिम्मेदार बन रहे हैं। हमारे युवा प्राकृतिक खेती कर अपना ब्रांड बनाएं और अपनी फसल डिजिटल मार्केटिंग से बेचकर अधिक आय कमाएं। अब ग्रामीण हाट बाजारों में प्राकृतिक खेती के उत्पाद नजर आने लगे हैं। उद्यानिकी विभाग के माध्यम से पॉलीहाउस लगाने की सुविधा मिलती है। इससे युवा संरक्षित खेती अपना सकते हैं। इससे मौसम की मार और विपरीत परिस्थितियों में भी अच्छा फसल उत्पादन लिया जा सकता है।

प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन श्री राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनियाभर में अपने झंडे गाड़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज ही आजाद बाइक रैली को झंडी दिखाई है, जो अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली चन्द्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) तक जाएगी। उन्होंने कहा कि माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026में पांच अलग-अलग विषयों पर युवाओं ने अपने रोचक विचार व्यक्त किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प लिया है। युवा शक्ति हमारा भविष्य है, जो विकसित भारत @2047 के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। 

कॉन्क्लेव में शिक्षा एवं कौशल विकास, खेल एवं स्वास्थ्य और जनअभियान विषयों पर कार्यशाला एवं संस्कृति, कला, पर्यटन युवा संकल्प निर्माण और सामुदायिक नेतृत्व के क्षेत्र में कार्यरत विशेषज्ञों के साथ युवाओं के मार्गदर्शन के लिये उपयोगी संवाद सत्रों का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री एवं विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर, पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री महेंद्र हार्डिया, विधायक श्री मधु वर्मा, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक श्री गोलू शुक्ला, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उद्यमी, शिक्षाविद्, शोधकर्ता, प्रोफेशनल्स उपस्थित थे।  

माय यूथ – माय प्राउडकॉन्क्लेव की प्रमुख झलकियां

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही युवाओं में अपार उत्साह, ऊर्जा और उमंग का माहौल देखने को मिला।
  • मुख्यमंत्री ने शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाभरा के लिए आयोजित बाइक रैली और ओंकारेश्वर के लिए साइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया।
  • मुख्यमंत्री भी बाइक पर सवार हुए और बाइकर्स का उत्साहवर्धन किया।
  • मुख्यमंत्री ने हेलमेट पहनकर युवाओं को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
  • युवाओं के लिए कार्यक्रम स्थल पर इंदौरी जायकों से सुसज्जित फूड स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें युवाओं का शानदार प्रतिसाद मिला।
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी मालवा के प्रसिद्ध व्यंजनोंशिकंजी, भुट्टे की किस, कांजी वड़ा और रसगुल्ले का स्वाद लिया।
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर रहे युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
  • युवाओं द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का अवलोकन कर उनकी मुक्त कंठ से सराहना की।

विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने मुख्यमंत्री से आत्मीय भेंट कर अपने नवाचार, स्टार्ट-अप, करियर और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। 

  • युवाओं के साथ अनौपचारिक बातचीत की और सेल्फी खिंचवाई।
  • लाइव म्यूजिक बैंड और ऑर्केस्ट्रा की आकर्षक प्रस्तुतियों ने युवाओं को रोमांचित कर दिया। मुख्यमंत्री स्वयं मंच पर पहुंचकर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों और बैंड के युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
  • पूरे कार्यक्रम में युवाओं का जोश, नवाचार, रचनात्मकता और मध्यप्रदेश के विकास में सहभागी बनने का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।                   

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}