
अनुकंपा नौकरी और जमीन हड़पने को 1 महीने रेकी की, स्कॉर्पियो से कुचलकर सड़क हादसा दिखाने की थी प्लानिंग
राजस्थान की राजधानी जयपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पति की मौत के बाद अकेले परिवार चला रही एक मां की हत्या की साजिश उसकी अपनी बेटी ने ही रच डाली। 14 करोड़ की संपत्ति, अनुकंपा नौकरी और जमीन हड़पने के लालच में बेटी ने ताऊ और अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर मां की सुपारी दे दी।
मामला प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है, जहां कोर्ट में एलडीसी पद पर कार्यरत नीरज शर्मा की हत्या की कोशिश की गई। नीरज के पति की पहले ही मौत हो चुकी थी। पति के निधन के बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और वह अपने बीमार बेटे का इलाज कराकर घर का खर्च चला रही थीं।
पहले थार, फिर स्कॉर्पियो से रची साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले भरतपुर से एक थार गाड़ी मंगाकर नीरज को रास्ते में कुचलने की योजना बनाई थी, लेकिन वह नाकाम रही। इसके बाद करीब 1 महीने तक नीरज की रेकी की गई।
आखिरकार साजिशकर्ताओं ने हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो का इस्तेमाल कर नीरज शर्मा को कुचलकर हत्या को सड़क हादसा दिखाने की पूरी प्लानिंग की।
CCTV ने खोली पोल, 7 आरोपी गिरफ्तार
वारदात के बाद प्रताप नगर थाना पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कॉल डिटेल निकाली। जांच में पूरा षड्यंत्र सामने आ गया।
पुलिस ने नीरज की बेटी आयुषी शर्मा, उसके ताऊ मोहन स्वरूप शर्मा, हेमंत शर्मा, आकाश शर्मा, मोहित शर्मा, अरविंद शर्मा और रोहित जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि साजिश में और कौन-कौन शामिल थे।
परिवार में मचा कोहराम
नीरज शर्मा अपने बीमार बेटे के साथ किराए के मकान में रह रही थीं। परिवार और पड़ोसियों का कहना है कि वह बहुत मेहनती थीं और अकेले ही घर संभाल रही थीं। इस घटना के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है।


