समाचार मध्यप्रदेश नीमच 09 जुलाई 2026 गुरुवार

///////////////////////////////////////////
कलेक्टर ने जावी की आंगनवाड़ी में बच्चों के बीच बैठकर परखी शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता
बच्चों से संवाद कर परखा उनका शैक्षणिक स्तरनीमच, 8 जुलाई 2026।कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जिले के जावी एवं मालखेड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों को प्रदान की जा रही शाला पूर्व शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में संचालित प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) गतिविधियों का अवलोकन करते हुए बच्चों के सीखने के स्तर का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कार्यपुस्तिका के माध्यम से अक्षर ज्ञान, अंक ज्ञान, चित्र पहचान तथा फलों के नाम आदि से संबंधित गतिविधियां कराईं। बच्चों से गिनती, अंग्रेजी वर्णमाला तथा कविताएं सुनकर उनके शैक्षणिक स्तर का परीक्षण किया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक 20 तक गिनती सुनाई, फलों के नाम बताए तथा कविताएं भी प्रस्तुत कीं। बच्चों की सक्रिय सहभागिता एवं आंगनवाड़ी केंद्र में संचालित प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा गतिविधियों की कलेक्टर ने सराहना की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई तथा कार्यपुस्तिकाओं को समय पर पूर्ण नहीं कराने सहित अन्य व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों पर संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन, नियमित टीकाकरण तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी हितग्राहियों तक विभागीय सेवाएं समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री पराग जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता, परियोजना अधिकारी श्री ईरफान अंसारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित
==============
कोटड़ी इस्तमुरार व आकली में 52 लाख के कम्युनिटी हॉल का भूमि पूजन

विधायक दिलीप सिंह परिहार बोले— ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का लगातार हो रहा विस्तार
नीमच, 8 जुलाई। नीमच विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोटड़ी इस्तमुरार एवं आकली में कुल 52 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कम्युनिटी हॉल (सार्वजनिक डोम) का भूमि पूजन सोमवार को विधायक दिलीप सिंह परिहार ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। इसमें कोटड़ी इस्तमुरार में 40 लाख रुपये तथा आकली में 12 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक श्री परिहार ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गांवों में कम्युनिटी हॉल बनने से सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय स्तर पर विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नीमच विधानसभा क्षेत्र में विकास की श्रृंखला लगातार जारी रहेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर, वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह भाटी, सरपंच श्रीपाल सिंह सिसोदिया, मंडल महामंत्री दिलीप सिंह चौहान, किशन अहिरवार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष निलेश पाटीदार, नगर पंचायत उपाध्यक्ष मुकेश राव तावरे, मंडल मंत्री श्रीमती ऊषा सोनी, शुभम शर्मा, महेंद्र सिंह शक्तावत, हस्तीमल जांगिड़, ओम सिंह हाड़ा, प्रेमसिंह पंवार, दुर्गाशंकर मेघवाल, दिलीप सुथार, विकास सुथार, विनोद पाटीदार, जितेंद्र अहीर, मनोहर रावत, पुखराज जाट, मुकेश जाट, नारायण खंडेलवाल, कमल सिंह सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
=====
पशुपालकों से संवाद कर कलेक्टर ने परखी डेयरी योजनाओं की प्रगति
पात्र पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड शीघ्र बनवाने के दिए निर्देशनीमच, 8 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जिले में डेयरी प्लस एवं आचार्य विद्यासागर योजना से लाभान्वित पशुपालकों के फार्म का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने पशुपालकों से संवाद कर दुग्ध उत्पादन, पशुपालन से होने वाली आय तथा शासन की योजनाओं से प्राप्त लाभ की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने डेयरी प्लस योजना से लाभान्वित पशुपालक श्री विष्णु पाटीदार के फार्म का अवलोकन किया। पशुपालक ने बताया कि मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के अंतर्गत उन्होंने दो उन्नत नस्ल की मुर्रा भैंसें खरीदी हैं। इसके लिए राइट्स ऑफ कॉर्पोरेशन के माध्यम से 1.47 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ है तथा योजना के अंतर्गत 50 से 75 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ भी मिल रहा है।
पशुपालक श्री पाटीदार ने बताया कि मुर्रा नस्ल की भैंसों से प्रतिदिन सुबह-शाम लगभग 5-5 लीटर दूध प्राप्त हो रहा है। फार्म पर एचएफ नस्ल की गाय भी है, जिससे कुल मिलाकर प्रतिदिन लगभग 50 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। कलेक्टर ने पशुओं के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की स्थिति की भी जानकारी ली।
कलेक्टर श्री चंद्र ने पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. ए.आर. धाकड़ को निर्देश दिए कि जिले के अधिक से अधिक पात्र पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आवश्यकतानुसार आसानी से ऋण सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री चंद्रा ने ग्राम उच्चेड़ में आचार्य विद्यासागर योजना से लाभान्वित पशुपालक श्री प्रकाश सालवी के डेयरी फार्म का भी निरीक्षण किया। पशुपालक ने बताया कि उन्होंने योजना के तहत 6 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर राजस्थान से सात उन्नत नस्ल की मुर्रा भैंसें खरीदी हैं। वर्तमान में इनसे प्रतिदिन सुबह-शाम 4 से 5 लीटर प्रति पशु दूध प्राप्त हो रहा है।
श्री सालवी ने बताया कि योजना का लाभ लेने से पहले उनके पास केवल दो गाय थीं, जिनसे सुबह-शाम मिलाकर लगभग एक लीटर दूध ही प्राप्त होता था। योजना का लाभ मिलने के बाद दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे उनकी आय में भी बढ़ोतरी हुई है।
निरीक्षण के दौरान नीमच एसडीएम श्री पराग जैन, मनासा एसडीएम सुश्री किरण आंजना, तहसीलदार श्री संतोष कुमार, पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. ए.आर. धाकड़, डॉ. शंकरलाल चौहान, कृषि विभाग के श्री नगीन सिंह रावत तथा उद्यानिकी विभाग के श्री पी.एस. कनेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
===========
कलेक्टर ने मालखेड़ा एवं जावी के प्राथमिक विद्यालयों का किया निरीक्षण
गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के दिए निर्देशनीमच, 08 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जिले के मालखेड़ा एवं जावी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता तथा विद्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मालखेड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में कलेक्टर श्री चंद्रा ने छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से गणित विषय के प्रश्न पूछे तथा बच्चों से ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न हल करवाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कक्षा पहली एवं दूसरी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए संचालित गतिविधि आधारित शिक्षण को देखकर कलेक्टर ने विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती चंद्रा श्योपुरा की सराहना की। उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को निर्देश दिए कि नवप्रवेशी बच्चों के सहज शिक्षण एवं विद्यालयीन वातावरण से जुड़ाव के लिए प्रत्येक विद्यालय में शैक्षणिक सत्र के प्रारंभिक 10 से 15 दिनों तक गतिविधि आधारित कक्षाएं संचालित की जाएं।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री चंद्रा ने जावी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों के बीच बैठकर हिंदी विषय की पाठ्यपुस्तक से पाठ पढ़ाया तथा बच्चों के साथ संवाद कर उनकी पठन क्षमता एवं सीखने की गुणवत्ता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा, जिला परियोजना समन्वयक श्री दिलीप व्यास, मालखेड़ा विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती ममता बीरवाल तथा जावी विद्यालय के संस्था प्रधान श्री बालमुकुंद सुथार सहित संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
===========
कलेक्टर श्री चंद्रा ने मालखेड़ा और जावी में जैविक खेती का किया निरीक्षण
जैविक खेती को बढ़ावा देने, प्राकृतिक खाद के उपयोग और सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई को अपनाने पर दिया जोरनीमच, 8 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जिले के मालखेड़ा एवं जावी ग्रामों में जैविक खेती कर रहे किसानों के खेतों का निरीक्षण कर प्राकृतिक खेती की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर जैविक खेती की तकनीकों, प्राकृतिक खाद के उपयोग तथा शासन की योजनाओं से प्राप्त लाभ की जानकारी ली।
मालखेड़ा में कलेक्टर श्री चंद्रा ने कृषक श्री नंदकिशोर पाटीदार के खेत का निरीक्षण किया। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट इकाई, केंचुआ खाद, जैविक खेती तथा उड़द एवं मक्का की फसलों का अवलोकन किया। कृषक श्री पाटीदार ने बताया कि वे गोबर से तैयार जैविक खाद का उपयोग कर खेती एवं सब्जियों का उत्पादन करते हैं। उन्होंने बताया कि गांव के लगभग 10 किसान जैविक खेती अपना रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने किसानों को तालाबों से निकली उपजाऊ मिट्टी अपने खेतों में उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे भूमि की उर्वरता बढ़ने के साथ उत्पादन में भी लाभ मिलेगा।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री चंद्रा ने जावी ग्राम में जैविक खेती का निरीक्षण किया। यहां कृषक श्री जानकीलाल पाटीदार द्वारा जैविक खाद के उपयोग से मिर्च एवं टमाटर की खेती की जा रही है। उन्होंने बताया, कि शासन की योजना के अंतर्गत स्थापित 7 एचपी सोलर पंप से सिंचाई की सुविधा मिलने के बाद बिजली संबंधी समस्या समाप्त हो गई है।
निरीक्षण के दौरान कृषि सखी श्रीमती कांता पाटीदार एवं श्रीमती सीता बैरागी ने किसानों को जैविक अमृत (जीवामृत) तैयार करने की विधि का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया, कि गोबर, गोमूत्र, बेसन का घोल एवं गुड़ जैसी प्राकृतिक सामग्री से तैयार जैविक घोल सात दिनों तक उपयोग में लाया जा सकता है। कृषि सखियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी देकर जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री पराग जैन, तहसीलदार श्री संतोष कुमार, कृषि विभाग के उप संचालक श्री नगिन सिंह रावत तथा उद्यानिकी विभाग के श्री पी.एस.कनेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
===============
कलेक्टर ने जावी में पूजा घाणी एवं लघु उद्योग का किया निरीक्षण
पीएमएफएमई योजना के तहत स्थापित इकाई का लिया जायजा
नीमच, 8 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्र ने बुधवार को ग्राम जावी स्थित पूजा घाणी एवं लघु उद्योग का निरीक्षण कर वहां संचालित मूंगफली तेल उत्पादन इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने इकाई में मूंगफली से तेल निकालने, रिफाइनिंग की प्रक्रिया तथा उत्पादन व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
पीएमएफएमई (प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना) से लाभान्वित हितग्राही श्री शंभूलाल राठौर ने कलेक्टर को बताया, कि शासन की इस योजना के अंतर्गत उन्हें 2.59 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है, जिसके माध्यम से उन्होंने लघु उद्योग स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि तेल उत्पादन के साथ-साथ पशु आहार के लिए खल का भी उत्पादन होता है, जिससे उनकी मासिक आय लगभग 30 हजार रुपये तक हो जाती है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने योजना के माध्यम से स्वरोजगार एवं आयवृद्धि के संबंध में जानकारी लेते हुए इकाई के संचालन की सराहना की तथा शासन की रोजगारोन्मुखी योजनाओं का प्रभावी लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर बल दिया।
इस अवसर पर एसडीएम श्री पराग जैन, तहसीलदार श्री संतोष कुमार तथा उद्यानिकी विभाग से श्री पी.एस. कनेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
===========
कलेक्टर ने पिपलिया रुंडी में एनएलएम बकरी पालन इकाई का किया निरीक्षण
नीमच, 8 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को ग्राम पिपलिया रुंडी स्थित राष्ट्रीय पशुधन मिशन (एनएलएम) उद्यमिता विकास परियोजना के अंतर्गत संचालित बकरी पालन इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने इकाई की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर परियोजना के क्रियान्वयन तथा पशुपालन गतिविधियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान हितग्राही पशुपालक श्री गोपाल जाटव ने बताया कि उनके फार्म पर वर्तमान में लगभग 500 बकरियों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की गई है। इसके लिए 40 लाख रुपये का बैंक ऋण, 45 लाख रुपये का शासकीय अनुदान तथा 12 लाख रुपये का हितग्राही अंशदान स्वीकृत किया गया है।
श्री जाटव ने बताया, कि इस परियोजना से उन्हें प्रतिमाह लगभग एक लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है तथा पशुपालन के क्षेत्र में स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने परियोजना के संचालन,पशुओं के रखरखाव तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए शासन की स्वरोजगार एवं पशुपालन प्रोत्साहन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया।
=============
जिले में अब तक औसत 231.1 मि.मी. वर्षा दर्ज
नीमच 8 जुलाई 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 321.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 315.1 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।
अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से 8 जुलाई 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का विवरण इस प्रकार है- नीमच में 285.0 मि.मी., जावद में 222.0 मि.मी., सिंगोली में 231.7 मि.मी. तथा मनासा में 186.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 293.6 मि.मी., जावद में 330.0 मि.मी., सिंगोली में 437.0मि.मी. तथा मनासा में 200.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।
इसी प्रकार, 8 जुलाई 2026 को प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 12.0 मि.मी.वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान नीमच तहसील में 30.0 मि.मी., जावद में 4.0 मि.मी. मनासा में 14.0 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई तथा सिंगोली में वर्षा दर्ज नहीं की गई।
================
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
15 दिन में अस्पतालों एवं होटलों की फायर सेफ्टी व्यवस्था का निरीक्षण कर प्रस्तुत करें रिपोर्ट
अतिक्रमण,खाद-बीज की कालाबाजारी और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर
नीमच, 7 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रक (टीएल) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों एवं विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के सभी अस्पतालों एवं होटलों में अग्नि सुरक्षा मानकों की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय दंडाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी अस्पतालों एवं होटलों का आगामी 15 दिनों के भीतर निरीक्षण कर फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच करें तथा विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
शहर में बढ़ते अतिक्रमण एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए कलेक्टर ने तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा ट्रैफिक प्रभारी को संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कृषि सीजन को मद्देनजर रखते हुए खाद एवं बीज की कालाबाजारी पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले के प्रमुख देवस्थानों पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संबंधित प्रबंधन समितियों का गठन आगामी 15 दिनों के भीतर करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में पोर्टल पर उसका निराकरण दर्ज कराया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयडिया सहित जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
==============
कलेक्टर ने जनसुनवाई में 148 आवेदकों की सुनीं समस्याएँ
संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश
नीमच, 7 जुलाई 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 148 आवेदकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने सभी प्रकरणों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार, संवेदनशीलता के साथ तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्वालटोली निवासी श्रीमती शीलादेवी ने अपनी दिव्यांग पुत्री का नाम राशन कार्ड में जोड़ने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर नाम दर्ज करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार स्टेशन रोड, वार्ड क्रमांक 35 निवासी श्रीमती जेबुन्निसा ने विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन दिया। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रकरण का शीघ्र परीक्षण कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खातीखेड़ा निवासी श्री राधेश्याम तेली ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण नहीं हो पाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कब्रिस्तान की पुश्तैनी भूमि को राजस्व अभिलेख में दर्ज कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, मजदूरी का समय पर भुगतान कराने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के आकस्मिक निधन पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, कृषि भूमि का कब्जा एवं आवागमन का रास्ता दिलाने, अर्जित अवकाश भुगतान, नवीन पात्रता पर्ची जारी कराने, लाड़ली बहना योजना की राशि दिलाने, गृह ऋण संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न राजस्व, सामाजिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की आवश्यक जांच कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण लोकहितैषी व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयड़िया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
=============
कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल श्री थावरचंद गेहलोत ने हरकियाखाल बालाजी मंदिर में की पूजा-अर्चना
प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की
नीमच, 07 जुलाई 2026। कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल श्री थावरचंद गेहलोत ने मंगलवार को परिवार सहित नीमच जिले के सुप्रसिद्ध श्री संकट मोचन हरकियाखाल बालाजी मंदिर पहुंचकर, भगवान बालाजी के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश एवं देश के सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि, शांति और वैभवपूर्ण जीवन की मंगलकामना की।
महामहिम राज्यपाल के हरकियाखाल बालाजी मंदिर आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
मंदिर समिति की ओर से मुख्य पुजारी पंडित श्री लक्ष्मीनारायण शर्मा, श्री दशरथ भाई एवं समिति के पदाधिकारियों ने शाल एवं श्रीफल भेंटकर महामहिम राज्यपाल का सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल ने भी मुख्य पुजारी का सम्मान कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
इस अवसर पर विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार, सांसद प्रतिनिधि नागदा श्री ओ.पी.गेहलोत, पूर्व विधायक आलोट श्री जितेंद्र गेहलोत, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, एसडीएम श्री पराग जैन, मंदिर समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शनार्थी उपस्थित रहे।
=============




