अडमालिया स्कूल में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने 52 छात्र-छात्राओं को वितरित की निःशुल्क साइकिलें

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण, हरियाली उत्सव का शुभारंभ
नीमच। ग्राम अडमालिया स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने 52 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने एवं विद्यालय तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है।
कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष रतन मालावत, जनपद सदस्य वासुदेव मेघवाल, राजीव गरासिया, अनिल शर्मा, सरपंच शांतिलाल तथा विद्यालय के प्राचार्य सचिन जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर हरियाली उत्सव का शुभारंभ किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।



