
समाचार लिखते समय से अपनी राजनीतिक भावना से बचें – प्रांताध्यक्ष भदौरिया
ताल तहसील ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
शाजापुर जिले के कालापीपल मुख्यालय पर स्थित शासकीय महाविद्यालय के सभागार में मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिला सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में जिले भर के पत्रकारों ने हिस्सा लिया और पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं। कार्यक्रम में संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता शाजापुर जिला इकाई के अध्यक्ष अभिषेक सक्सेना ने की।
कार्यक्रम में सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, महंत कल्याण दास, नगर परिषद अध्यक्ष एवं पत्रकार जय प्रकाश अग्रवाल और प्राचार्य ओम प्रकाश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शुरुआत में अतिथियों ने माँ सरस्वती की पूजा अर्चना की। कलाकारों ने ” सात स्वरों की देवी सरस्वती दे मुझे वरदान, मधुर स्वरों से करता रहूं गुणगान” वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भावपूर्ण बना दिया। सभी अतिथियों का शाल श्रीफल, स्मृति चिन्ह और पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया।
उज्जैन संभाग अध्यक्ष मनोज जैन ने कहा कि गर्व की बात है कि हमारे प्रांताध्यक्ष 55 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और लगातार 33 वर्षों से संगठन की बागडोर संभाले हुए हैं। उन्होंने बताया कि संगठन की 59 जिला इकाइयां और 13 संभाग इकाइयां ब्लॉक स्तर तक सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि अभी सिर्फ महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू है, हमारा संगठन प्रदेश में भी इसकी मांग कर रहा है।
शासन एवं संगठन समन्वय समिति के सदस्य वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र पुरोहित ने संगठन की विशेषता और उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए सरकार से अधिमान्यता के नियमों में शिथिलता लाने की मांग की। महंत कल्याण दास ने भी पत्रकार सुरक्षा कानून का समर्थन किया। स्थानीय पत्रकारों ने सांसद और विधायक को ज्ञापन सौंपकर पत्रकार भवन के लिए पुराना सरकारी भवन देने और 5-5 लाख रुपये की मांग की।
विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने कहा कि वे विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के समय से प्रदेश अध्यक्ष दद्दा को जानते हैं। उन्होंने पत्रकारों से प्रमाणित खबरें प्रकाशित करने का आग्रह किया। सरकारी भवन देने की प्रक्रिया समझने के बाद ही कुछ कहने की बात कही।
सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी ने अपने संबोधन में कहा कि भदौरिया जी ने जो कठोर उद्बोधन दिया है वह उत्तम भाषण है। उन्होंने कहा कि यहां कही गई बातें हम पर भी लागू होती हैं। काम करते समय त्रुटियां होती हैं लेकिन जानबूझकर की गई त्रुटि के लिए दंड का प्रावधान भी होता है। उन्होंने पत्रकार भवन के लिए 5 लाख, लाइब्रेरी के लिए 1 लाख और वृक्षारोपण के लिए 1 लाख, इस प्रकार कुल 7 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह अंतिम नहीं है।
सांसद ने कहा कि यदि पत्रकारों के प्रति कुछ नकारात्मकता का भाव उपजा है तो निश्चित ही कोई कमी आई होगी। सभी को नियमों और सदाचार का पालन करना चाहिए।
प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने अपने संबोधन में पत्रकारिता में आ रही गिरावट पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नकारात्मक खबरों में रंग भरना बंद करना होगा और वापस समाज के पास लौटना होगा। बलात्कार जैसी खबरों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर कोई किसी विचारधारा से प्रभावित हो सकता है पर खबर लिखते समय अपनी विचारधारा अलग रखनी होगी।
कार्यक्रम में कलाकारों ने “हम पत्रकार हम पत्रकार” गीत प्रस्तुत कर सभागार को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन कालापीपल ब्लाक अध्यक्ष अनिल शर्मा और आभार प्रदर्शन जिला महासचिव राजेन्द्र राठौर ने किया।



