चौथी-पांचवीं का छात्र पढ़ना-लिखना न जाने तो प्राचार्य-शिक्षक होंगे जिम्मेदार कमिश्नर

संभागीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर शैलेंद्र सिंह की चेतावनी, बोले- ‘गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना प्राथमिक जिम्मेदारी’
रीवा। रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेंद्र सिंह ने कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान कक्षा चौथी या पांचवीं का कोई छात्र पढ़ना-लिखना नहीं जानता मिला तो इसे गंभीर लापरवाही मानकर प्राचार्य और शिक्षकों पर कार्रवाई होगी।
केवल नामांकन पर्याप्त नहीं‘
कमिश्नर कार्यालय सभागार में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल बच्चों को स्कूल तक लाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। कमिश्नर ने कहा कि वे स्वयं विद्यालयों का निरीक्षण करेंगे।
CM हेल्पलाइन और खाद पर निर्देश
बैठक में 100 दिन से अधिक लंबित CM हेल्पलाइन शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। कृषि विभाग को किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।
ई-ऑफिस और आपदा प्रबंधन
संभागायुक्त ने अतिवृष्टि-बाढ़ से निपटने की तैयारी और जिला-विकासखंड स्तर तक सभी फाइलों का संचालन ई-ऑफिस से करने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त आयुक्त वीरेंद्र पटेल, दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त राजस्व एल.एल. अहिरवार सहित अधिकारी उपस्थित रहे।


