पीपीगंज नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हुआ जलमग्न, मरीजों व कर्मचारियों को आवागमन में हो रही है भारी परेशानी

पीपीगंज नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हुआ जलमग्न, मरीजों व कर्मचारियों को आवागमन में हो रही है भारी परेशानी
गोरखपुर पीपीगंज बारिश के कारण नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पीपीगंज का परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है। अस्पताल परिसर में घुटनों तक पानी भर जाने से मरीजों, उनके तीमारदारों व स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है।अस्पताल परिसर के कई हिस्सों में पानी जमा होने से मरीजों को पानी के बीच होकर अस्पताल तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों का कहना है कि जलभराव के कारण फिसलने की आशंका के साथ-साथ संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है।इलाज कराने पहुंचे अंजनी, शमीमा खातून, सुनीता साहनी व अशोक कुमार ने बताया कि अस्पताल परिसर में जलभराव के चलते उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने मांग की कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए अस्पताल परिसर से जल्द पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाए।स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में समुचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उनका आरोप है कि समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है ।हालांकि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, लेकिन जलभराव के कारण मरीजों और कर्मचारियों को काफी असुविधा झेलनी पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी कराने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी स्थिति से बचाव के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।



