समाचार मध्यप्रदेश नीमच 29 जून 2026 सोमवार

प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया आज नीमच आएगी
नीमच 28 जून 2026, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास विभाग म.प्र.शासन मंत्री तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया आज 29 जून 2026 को नीमच आएगी और माननीय मुख्यमंत्री जी के साथ नीमच में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेगी। प्रभारी मंत्री सोमवार 29 जून को प्रात: 9 बजे सडक मार्ग से झाबुआ से प्रस्थान कर, दोपहर एक बजे नीमच पहुच कर मुख्यमंत्री जी के साथ कार्यक्रमों में शामिल होगी। वे शाम 4 बजे नीमच से कार द्वारा झाबुओं के लिए प्रस्थान करेगी।
============
नीमच में 39.23 करोड़ की लागत से सांदीपनि विद्यालय निर्माण के लिए लेआउट कार्य पूर्ण, शीघ्र होगा निर्माण प्रारंभ
नीमच, 28 जून 2026, जिले में शिक्षा के स्तर को उन्नत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 39.23 करोड़ की लागत से निर्मित किए जा रहे सांदीपनि विद्यालय, नीमच के निर्माण कार्य हेतु क्रमांक-2 में लेआउट किया गया है।
परियोजना क्रियान्वयन इकाई के इंजीनियर श्री रिंकू चौहान ने बताया, कि इस परियोजना की लागत 39.23 करोड़ की लागत से बनने वाला यह विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसका उद्देश्य जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराना है।
लेआउट पूर्ण- निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में स्थल का लेआउट पूर्ण कर लिया गया है। अब शीघ्र ही भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
सांदीपनि विद्यालय नीमच के निर्माण से विद्यार्थियों को आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा।
==========
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव आज नीमच आएंगे
नीमच 28 जून 2026, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव आज 29 जून को नीमच जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव केंद्रीय नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रहलाद जोशी जी के साथ भोपाल से 12.15 बजे प्रस्थान कर दोपहर 1.30 बजे नीमच हेलीपेड पहुंचेगे और स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव दोपहर 3.30 बजे नीमच से प्रस्थान कर, सिंगोली जिला नीमच सौलर पार्क का हवाई सर्वे कर शाम 4.10 बजे ग्रीनको हेलीपेड पहुचेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद शाम 4.55 बजे ग्रीनको हेलीपेड से हेलीकाप्टर द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
=========
केबिनेट मंत्री श्री प्रहलाद जोशी आज नीमच
नीमच 28 जून 2026, केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग भारत सरकार के मंत्री श्री प्रहलाद जोशी आज 29 जून 2026 को 12.15 से भोपाल से प्रस्थान कर 1.30 बजे नीमच हेलीपेड आएंगे। दोपहर 2.05 बजे नीमच में आयोजित आमसभा कार्यक्रम में 500 मेगावाट सिंगोली नीमच के सोलर प्रोजेक्ट एवं शाजापुर में 450 मेगावाट सौलर पार्क का उदघाटन करेंगे। नीमच से 3.20 बजे हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर, 3.50 बजे नीमच सिंगोली के सौलर पार्क का हवाई सर्वेक्षण कर शाम 4.10 बजे ग्रीनको हेलीपेड पर पहुचकर ग्रीनको परिसर में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे शाम 4.55 बजे ग्रीनको हेलीपेड से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।=
========
श्री बाबुलाल बंजारा आज नीमच आएंगे
नीमच 28 जून 2026, म.प्र.विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु समुदाय विकास अभिकरण श्री बाबूलाल बंजारा आज 29 जून 2026 को प्रात-8 बजे बगुनिया जिला मंदसौर से प्रस्थान कर, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे शाम 6 बजे बगुनिया जिला मंदसौर के लिए के लिए प्रस्थान करेंगे।
===========
मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीमच में 3949 करोड से अधिक के विकास एवं निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे
नीमच 28 जून 2026, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव आज 29 जून 2026 को नीमच प्रवास के दौरान हवाई पट्टी के सामने नीमच पर आयोजित कार्यक्रम में 3949.84 करोड की लागत के विभिन्न 162 विकास एवं निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 1686.54 करोड के 64 विकास एवं निर्माण कार्यो का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 2263.3 करोड लागत के विभिन्न 98 कार्यो का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री डॉ.यादव व्दारा किया जावेगा। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को मुख्यमंत्री डॉ.यादव व्दारा हितलाभ भी वितरित किये जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री यादव सिंगोली एवं शाजापुर के सौलर पार्क का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव नीमच में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ.यादव एमएसएमई विभाग के विभिन्न 20 कार्यो का भूमिपूजन एवं तीन कार्यो का लोकार्पण करेंगे। इनकी कुल लागत 51.67 करोड है। एमपीआईडीसी विभाग के 1430.96 करोड के 10 उद्योगो का भूमिपूजन एवं 71.35 करोड के 5 उद्योगो का लोकार्पण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 9.94 करोड लागत के कुल 6 कार्यो का लोकापर्ण एवं भूमिपूजन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 18.75 करोड के 85 कार्यो, उच्च शिक्षा विभाग के 6.66 करोड के दो कार्यो, लोक निर्माण विभाग भवन के 76.85 करोड के 13 कार्यो, लोक निर्माण विभाग सडक के 168.31 करोड के 7 कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, विद्युत विभाग के 5.04 करोड के 2 कार्यो का लोकार्पण, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग की सिंगोली में स्थापित 500 मेगावाट सौलर परियोजना लागत 550 करोड एवं नवीन एवं शाजापुर में स्थापित 1530 करोड की लागत से स्थापित 450 मेगावाट क्षमता के सौलर प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे, नगरीय निकाय विभाग के 4.72 करोड के दो कार्यो का भूमिपूजन एवं, सेतु निगम द्वारा 25.59 करोड की लागत से निर्मित 4 ब्रीज का लोकार्पण भी समारोह में किया जाएगा।
======
नवाचारों ने बदली शिक्षा की दिशा, बच्चों ने रचे सफलता के नए कीर्तिमान
नीमच 28 जून 2026, शासकीय प्राथमिक विद्यालय ढोलपुरा में किए गए नवाचारों का प्रभाव केवल विद्यालय की व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में भी अभूतपूर्व सुधार देखने को मिला है। एक समय ऐसा था जब गांव में माध्यमिक स्तर की परीक्षाओं में भी अच्छे परिणाम दुर्लभ थे, वहीं आज इसी गांव के विद्यार्थी उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर रहे हैं।
विद्यालय में वर्ष 2018 से प्रधानाध्यापक सिद्धूलाल पुरोहित द्वारा प्रारंभ किए गए नवाचारों, नियमित शैक्षणिक मार्गदर्शन, सामुदायिक सहभागिता एवं प्रेरणादायी गतिविधियों के परिणामस्वरूप आज गांव के लगभग 35 विद्यार्थी प्रदेश के उत्कृष्ट शासकीय शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत हैं।
इनमें से 4 विद्यार्थियों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है, जबकि 28 विद्यार्थी सीएम राइज एवं उत्कृष्ट विद्यालयों में अध्ययन कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त गांव के 2 विद्यार्थी नीट एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच भोपाल सिंह अहीर भी अनेक अवसरों पर यह बात सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि एक समय ऐसा था जब गांव में दसवीं कक्षा भी अच्छे अंकों से उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी बहुत कम थे, लेकिन आज इसी गांव के बच्चे 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
यह परिवर्तन विद्यालय में लागू किए गए नवाचारों, विद्यार्थियों के प्रति शिक्षक की सतत प्रतिबद्धता, अभिभावकों के सहयोग तथा समाज की सहभागिता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। शिक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि न केवल ढोलपुरा गांव बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
शिक्षा, संस्कार और नवाचार का संगम
बाल गोपाल बैंक, माता-पिता पूजन दिवस, सांदीपनि पुरस्कार, सामुदायिक सहयोग, प्रतिभा सम्मान, जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता तथा बचत और संस्कार आधारित गतिविधियों ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण विकसित किया है। यही कारण है कि आज शासकीय प्राथमिक विद्यालय ढोलपुरा केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि ग्रामीण शिक्षा परिवर्तन का एक सफल मॉडल बन चुका है, जिसकी चर्चा जिला स्तर से लेकर विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक मंचों तक हो रही है।
“जहां कभी शैक्षणिक उपलब्धियां सीमित थीं, वहीं आज उसी गांव के विद्यार्थी नवोदय, सीएम राइज, उत्कृष्ट विद्यालय, नीट और जेईई जैसे उच्च शैक्षणिक लक्ष्यों की ओर अग्रसर हैं। यह परिवर्तन नवाचार, समर्पण और सतत प्रयासों की प्रेरक कहानी है।”
============
विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने किया तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
नगरवासियों से की 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को “दो बूंद जिंदगी की” पिलाने की अपील
नीमच, 28 जून 2026, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आज जिले में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ। स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक (“दो बूंद जिंदगी की”) पिलाकर इस महाअभियान की शुरुआत (उद्घाटन) की गई।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर विधायक श्री परिहार ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने में इस अभियान की बहुत बड़ी भूमिका है। उन्होंने नगर के सभी जागरूक नागरिकों से अपील करते हुए कहा:
“0 से 5 वर्ष तक की आयु के कोई भी बच्चे पोलियो की खुराक से वंचित न रहें। सभी माता-पिता अपने नजदीकी पोलियो केंद्र पर जाकर अपने बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ अवश्य पिलाएं और देश के इस सुरक्षित भविष्य के निर्माण में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।”
इस कार्यक्रम में डॉ. दिनेश प्रसाद , डॉ. महेंद्र पाटिल, डॉ. मनीष यादव साथ ही अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने वाले जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर, जिला वैक्सीन कोल्ड चैन मैनेजर, जिला कोल्ड चैन टेक्नीशियन, जिला वैक्सीन स्टोर मैनेजर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित थे।
यह अभियान अगले तीन दिनों तक निरंतर चलेगा, जिसके तहत छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर भी दवा पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का अनुरोध किया है।
=============
कलेक्टर श्री चंद्रा ने नीमच एवं खिमला में मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
अधिकारियों को दिए निर्देश
नीमच 28 जून 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने रविवार को नीमच हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के आमसभा लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम तथा खिमला में ग्रीनको प्रोजेक्ट की साईड विजीट कार्यक्रम की प्रशासनिक तैयारियों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने आमसभा स्थल नीमच पर मंच निर्माण व्यवस्था ग्रीन रूम निर्माण हितग्राहियों, जनप्रतिनिधियों, पुरूषों एवं महिलाओं व मीडिया के लिए अलग अलग सेक्टर निर्माण कार्य, प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था तथा वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, पेयजल एवं साफ-सफाई व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था सहित अन्य प्रबंधों का अवलोकन किया और अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रबंध समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने खिमला में हेलीपेड, प्रोजेक्ट की साईड विजीट के व्यू पाईंड एवं संवाद स्थल का निरीक्षण कर, व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रतलाम रेंज के डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल, एसपी श्री राजेश व्यास ने भी नीमच में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर सभा स्थल पर डीआईजी एवं एसपी की उपस्थिति में पुलिस अधिकारी, जवानों की ब्रीफींग भी की गई। इस मौके पर एडीएम श्री बी.एस.कलेश एवं डीएफओ श्री एस.के.अटोदे एवं अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
===========
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नीमच में आज करेंगे 1,554 करोड़ की 38 औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण
30 इकाइयों का होगा भूमिपूजन, 8 इकाइयों का लोकार्पण, 3201 रोजगार का सृजन
नीमच, 28 जून 2026, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव 29 जून को नीमच जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में 1,553.98 करोड़ के प्रस्तावित निवेश वाली 38 औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में 30 नई औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन तथा 8 इकाइयों का लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं के माध्यम से 3201 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इनमें एमपीआईडीसी की 15 परियोजनाओं के साथ एमएसएमई विभाग की 23 औद्योगिक इकाइयां भी शामिल हैं, जो जिले के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेंगी।
प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश सरकार की उद्योग एवं निवेश प्रोत्साहन नीतियों, रोजगार सृजन तथा विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में औद्योगिक विकास की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। वे निवेशकों को मध्यप्रदेश में उपलब्ध उद्योग अनुकूल वातावरण, बेहतर अधोसंरचना तथा पारदर्शी एवं समयबद्ध अनुमतियों की व्यवस्था से भी अवगत कराएंगे।
कार्यक्रम में जिन प्रमुख परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा, उनमें धानुका बायोटेक की लगभग 1,247.71 करोड़ निवेश वाली सोलर टेम्पर्ड ग्लास निर्माण इकाई सबसे बड़ी परियोजना है, जिससे 1690 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके अलावा बाबजी इंडस्ट्रियल की 81.30 करोड़ लागत की पॉलिएस्टर स्टेपल फाइबर इकाई, विश्वेश्वरा डेनिम प्रा. लि. की 66 करोड़ लागत की अपैरल एवं टेक्सटाइल इकाई तथा बिग सी रिन्यूएबल एनर्जी की 61 करोड़ निवेश वाली बायो-सीएनजी परियोजना प्रमुख हैं। वहीं श्रीवीर इंफ्रा बिल्ड सोल्यूशंस प्रा. लि. की 31.50 करोड़ लागत की सीमेंट उत्पाद निर्माण इकाई, एस.एन. फैब्रिक्स, बेतूल फैब्रिकेशन, सिंघल इंटरनेशनल, गर्ग कैटल फीड, कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी, विनटेक्स मल्टीक्राफ्ट, जे.के. सुपर इंजीनियरिंग, देवेंद्र वुडन फर्नीचर, वीनी प्रोडक्ट्स, नीरज कुमार निकेश कुमार तथा ब्राइट इंडस्ट्रीज सहित अनेक औद्योगिक इकाइयों का शुभारंभ भी प्रस्तावित है।
एमएसएमई विभाग की परियोजनाओं में खाद्य प्रसंस्करण, मसाला प्रसंस्करण, एग्रो फूड्स, प्लास्टिक उत्पाद, सीमेंट उत्पाद, फेंसिंग वायर, हर्बल प्रोसेसिंग, पीपी ग्रेन्यूल्स, पोल्ट्री फीड तथा अन्य विनिर्माण इकाइयों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के विस्तार को भी नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत एमपीआईडीसी की 15 परियोजनाओं में लगभग 1,502.31 करोड़ का निवेश तथा 2753 रोजगार, जबकि एमएसएमई विभाग की 23 परियोजनाओं में लगभग 51.67 करोड़ का निवेश एवं 448 रोजगार प्रस्तावित हैं। इस प्रकार कुल 38 परियोजनाओं में 1,553.98 करोड़ के निवेश से 3201 रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
नीमच में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जिले को ग्रीन एनर्जी, टेक्सटाइल, एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, मेडिकल डिवाइस तथा आधुनिक विनिर्माण क्षेत्रों में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रदेश सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों, इन्वेस्ट एमपी पहल तथा सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रस्तावित परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास तथा स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे और नीमच के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। यह जानकारी एमपीआईडीसी कार्यालय उज्जैन से प्राप्त हुई है।
======



