समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 30 मई 2026 शनिवार

गर्भवती महिलाओं की प्रथम जांच गर्भ के 12 सप्ताह के अंदर सुनिश्चित की जाए-कलेक्टर
स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त बैठक संपन्न
रतलाम : शुक्रवार, मई 29, 2026,

कलेक्टर सभा कक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। समीक्षा बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन,डीन मेडीकल कालेज अनिता मुथा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या बेलसरे,जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री रामनिवास बुधौलिया सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण संबंधित आंकड़े स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत किए जाए तथा मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को सेवाएं प्रदान करें। गर्भवती महिलाओं की प्रथम जांच गर्भ के 12 सप्ताह के अंदर सुनिश्चित की जाए। मातृ-मृत्यु मामलों की समीक्षा करते हुए सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की प्रसव की अनुमानित तिथि के आधार पर नजदीकी प्रसव केन्द्र के साथ उनकी मैपिंग की जाए और समय पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाए। कलेक्टर ने विगत बैठक से अब तक की प्रगति की तुलनात्मक समीक्षा की। कलेक्टर ने जिले की समस्त गर्भवती महिलाओं की अनमोल पोर्टल पर प्रविष्टि करते हुए प्रोटोकॉल अनुसार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने एवं गर्भवती महिलाओं में सीवियर एनीमिया मैनेजमेंट, नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस के स्टैंडर्ड के अनुसार गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सेक्टर मेडिकल ऑफिसर मैदानी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे हैं कार्य की प्रति सप्ताह समीक्षा कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री टी बी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग करके पॉजिटिव मरीजो को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए निर्देशित किया।
=============
रतलाम मंडी में किसानों को भुगतान व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित
रतलाम : शुक्रवार, मई 29, 2026

कृषि उपज मंडी सचिव के.के. नरगाँवे ने बताया कि अनुविभागीय (राजस्व) रतलाम एवं भारसाधक अधिकारी आर्ची हरित की अध्यक्षता में आज 29 मई को मंडी कार्यालय के सभाकक्ष में कृषको को नगद भुगतान संबंधी आवश्यक बैठक आयोजित की गई |
बैठक में कृषक संघ, व्यापारी संघ एवं मंडी प्रशासन द्वारा आपसी सामंजस्य से कृषको को उनकी उपज की कीमत का, बैंको द्वारा नगद राशि को उपलब्ध करवाने तक न्यूनतम 10000 रूपए नगद एवं शेष राशि NEFT/RTGS के माध्यम से उसी दिवस / अगले कार्य दिवस अथवा बैंक के अगले कार्यदिवस, उपज के विक्रय के 03 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाएगा |
कृषक बंधुओ से मंडी प्रशासन अपील करता है कि अपनी उपज मंडी प्रांगण/उपमंडी प्रांगण में विक्रय हेतु लाते समय उपज का भुगतान प्राप्त करने हेतु अपनी बैंक पासबुक एवं आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ में लेकर आये ताकि राशि का भुगतान बैंक खाते में RTGS/NEFT के माध्यम से प्राप्त कर सके एवं किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके |
=======
निकायों में जल/स्वच्छता एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए हुआ संध्याकालीन शिविरों का आयोजन
समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण
रतलाम : शुक्रवार, मई 29, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले के सभी नगर पालिका/नगर परिषदों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सायं 06 बजे से संध्याकालीन वार्ड वार शिविरों का आयोजन प्रारंभ किया गया। जिसमें जल से संबंधित समस्याओं की कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 08 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया। पेयजल प्रदाय से संबंधित 04 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 01 शिकायत का त्वरित निराकरण किया गया। सफाई से संबंधित 04 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 02 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया तथा स्ट्रीट लाइट से संबंधित 03 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 02 शिकायत का त्वरित निराकरण किया गया। पीओ डूडा श्री अरुण पाठक द्वारा नगर पालिका जावरा पहुंचकर शिविर का औचक निरीक्षण किया गया।
=========
जिले में पेट्रोल/डीजल ड्रम-कैन में सप्लाई पर रोक जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर होगी कार्यवाही
रतलाम : शुक्रवार, मई 29, 2026
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार एवं अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव के आदेशानुसार जिले में हाई स्पीड डीजल (एचएसडी) की बिक्री में असामान्य बढ़ोतरी को देखते हुए सभी पेट्रोल पंप संचालकों को डिब्बे, ड्रम, और केन में पेट्रोल/डीजल देने पर रोक लगाई गई है। पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी या कालाबाजारी सूचना/शिकायत पाये जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी।
======
निर्माणाधीन बंजली इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण
रतलाम : शुक्रवार, मई 29, 2026,

खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा निर्माणाधीन बंजली इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निरीक्षण जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान श्री बलवंत भाटी ने जिला खेल अधिकारी सुश्री रुचि शर्मा के साथ किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर श्री बलवंत भाटी ने कहा कि इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण से रतलाम जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। निरीक्षण के दौरान खेल प्रशिक्षक श्री जितेन्द्र धुलिया सहित निर्माण एजेंसी के सुपरवाइजर एवं इंजीनियर उपस्थित थे ।
=========
महिला एवं बाल विकास विभाग एवं पुलिस विभाग की सक्रियता से बाजना में नाबालिग दूल्हे का बाल विवाह रुकवाया गया
रतलाम : शुक्रवार, मई 29, 2026,

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि चाइल्डलाइन एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सैलाना को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम धोलपुरा निवासी बालिका छाया पिता राकेश का विवाह ग्राम हाली वाला भगोरा निवासी निलेश पिता कैलाश भगोरा के साथ 29 मई को कराया जा रहा है।
एसडीएम सैलाना श्री तरुण जैन के निर्देश पर बाजना परियोजना अधिकारी एहतेशाम अंसारी, पर्यवेक्षक रजनी मईडा, हबीबनूर पठान एवं ऑपरेटर परवेज खान, पुलिस विभाग से टीआई बाजना श्री रविन्द्र दंडोतिया के निर्देशन में एएसआई कालू सिंह जामोद भी मौके पर उपस्थित थे ।
बताया गया कि बारात प्रातः 4 बजे ग्राम धोलपुरा पहुंच चुकी थी। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस विभाग की टीम सुबह 6 बजे मौके पर पहुंची। टीम द्वारा दुल्हन छाया वसुनिया के आधार कार्ड से उम्र का सत्यापन किया गया, जिसमें उसकी जन्मतिथि 1 जुलाई 2007 पाई गई और उसकी आयु 18 वर्ष 10 माह होना सामने आया। वहीं दूल्हे निलेश के आधार एवं अंकसूची के सत्यापन में उसकी जन्मतिथि 1 नवंबर 2007 पाई गई तथा उसकी आयु 18 वर्ष 6 माह होना पाया गया। इस प्रकार दूल्हा नाबालिग पाया गया।
टीम द्वारा दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए बताया गया कि बाल विवाह कानूनी अपराध है तथा दूल्हे की आयु 21 वर्ष पूर्ण होना आवश्यक है। परिवारों को बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधान एवं सजा की जानकारी भी दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिवारजनों ने लिखित कथन प्रस्तुत कर सहमति दी कि बच्चों का विवाह दूल्हे के बालिग होने के बाद ही किया जाएगा।
समझाइश के बाद दोनों पक्ष विवाह नहीं करने पर सहमत हुए तथा बारात बिना फेरे लिए वापस लौट गई। कार्यवाही के दौरान क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रेखा एवं सहायिका कैलाशी उपस्थित थी ।
========
निशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित
रतलाम : शुक्रवार, मई 29, 2026,
प्रभारी प्रबंधक म.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड जिला पंचायत रतलाम ने बताया कि म.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा कौशल विकास योजनांतर्गत निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इच्छुक प्रशिक्षणार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नवीन आवेदकों के आवेदन पत्र प्राप्त करने हेतु बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://mpkhadigramodyog.com /admin/registration/student login.phg के माध्यम से 12 जून 2026 तक आवेदन कर सकते है।



