पुत्रवधु को बहला-फुसलाकर ले जाने और गहने-नगदी हड़पने का आरोप, तीन के खिलाफ रिपोर्ट
मनासा थाना में दर्ज हुई धोखाधड़ी की शिकायत

*नीमच* *मनासा*
*19 मई2026*
ग्राम कचोली निवासी भोनीशंकर धनगर ने अपने बेटे की पत्नी ममता को बहला-फुसलाकर ले जाने, गहने-नगदी हड़पने और जान-माल को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मनासा थाने में लिखित शिकायत दी है।
भोनीशंकर के अनुसार उनके पुत्र अनिल का विवाह करीब 3-4 वर्ष पूर्व हिन्दू रीति-रिवाज से ममता, पिता लालुराम धनगर निवासी ग्राम भदवा से हुआ था। ममता शादी के बाद से उनके साथ पत्नी के रूप में रह रही थी। करीब 17-18 माह पहले ममता के पिता लालुराम उसे उत्तराखंड यात्रा के बहाने अपने साथ ले गए थे। तब से ममता अपने मायके ग्राम भदवा में ही रह रही है।
*गहने-नगदी हड़पने का आरोप*
शिकायतकर्ता ने बताया कि शादी के समय उन्होंने बहू ममता के लिए दो तोले का सोने का हार, 16 मोतियों की मोहनमाला, 400 ग्राम चांदी का कंदोरा, 300 ग्राम चांदी की पायजेब, 50 ग्राम की चांदी की चेन सहित करीब एक लाख रुपये के गहने बनवाए थे। साथ ही शादी में लालुराम को ढाई लाख रुपये नगदी भी दिए थे। आरोप है कि ममता 17-18 माह पहले पीहर जाने के समय ये सभी गहने अपने साथ ले गई, जो अब तक वापस नहीं किए गए।

*दूसरे युवक के साथ रहने का आरोप*
भोनीशंकर का आरोप है कि लालुराम ने ममता का विवाह देवरी बेलारा निवासी घनश्याम पिता मन्नाल धनगर के साथ करा दिया, जबकि ममता का अनिल से वैधानिक तलाक नहीं हुआ है। घनश्याम को यह पता होने के बावजूद उसने ममता को अवैध रूप से पत्नी बनाकर अपने कब्जे में रख रखा है। इसमें घनश्याम के पिता मन्नाल और मामा बापुलाल पिता लक्ष्मणजी निवासी आंत्रीखुर्द भी शामिल हैं। बापुलाल लगातार उन्हें मामले को लेकर धमकियां दे रहा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि डेढ़ माह पहले जब अनिल पत्नी को लेने भदवा गया तो लालुराम ने ममता को नहीं भेजा और न ही उससे मिलने दिया। इसकी रिपोर्ट अनिल ने 3 मई 2026 को मनासा थाने में दर्ज कराई थी। इसके दो दिन बाद जब भोनीशंकर खुद ममता को लेने गए तो लालुराम ने घनश्याम और बापुलाल का हवाला देते हुए मना कर दिया।
भोनीशंकर ने थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में सख्त कार्रवाई की मांग की है।



