समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 19 मई 2026 मंगलवार

////////////////////////////////
जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षाः तालाब, बावड़ी और नालों की सफाई करवायें
रतलाम : सोमवार, मई 18, 2026,

कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा की। बैठक में आयुक्त नगर निगम श्री अनिल भाना सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत किये जा रहें कार्याे की समीक्षा के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत नदी नालो, कुए ,बावड़ी की सफाई करवाये, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनवाये, पौधारोपण, तालाब निर्माण कार्य समय सीमा में करवाये। साथ ही शासन द्वारा दिये गये लक्ष्य अनुसार सभी पूर्ण कामो की जानकारी शासन के पोर्टल पर दर्ज करें।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत सभी स्कूलों की पानी की टंकियों की नियमित साफ-सफाई “वॉश ऑन व्हील” के माध्यम से करवाने के निर्देश शिक्षा अधिकारी को दिये। कृषि विभाग के अधिकारी को बलराम तालाब से संबंधित सभी जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
==========
समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न
रतलाम : सोमवार, मई 18, 2026

कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपार्जन व्यवस्था, सीएम हेल्पलाईन, समयावधि पत्रों, समाधान पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, समग्र ई केवायसी एवं अन्य विषयों पर विभाग वार समीक्षा कर विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गये । बैठक में विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में निर्देश दिए गये कि सभी विभाग प्रमुख सीएम हेल्पलाइन एवं समयावधि पत्रों के समाधानकारी निराकरण कर जवाब पोर्टल पर दर्ज करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाए जाएं। किसानों को एग्रीकल्चर लोन में लक्ष्य अनुसार उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश सहकारी बैंक के अधिकारी को दिए गए। इस हेतु कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य पालन विभाग एवं सहकारिता विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करें। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत पदाभिहीत अधिकारियों को प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभागों के जर्जर भवनों को चिन्हित कर डीस्मेंटल करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को जर्जर स्कूल भवनों को प्राथमिकता से चिन्हित कर वर्षाकाल प्रारंभ होने के पूर्व डीस्मेंटल करने की कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया।
===========
एनसीसी शिविर में पर्यावरण एवं वन्य जीव संरक्षण पर व्याख्यान
रतलाम : सोमवार, मई 18, 2026,

21 मप्र बटालियन एनसीसी, रतलाम द्वारा वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 11 मई से 20 मई तक शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सैलाना में आयोजित किया जा रहा है ।
शिविर में कमान अधिकारी कर्नल राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एव प्रशासनिक अधिकारी कर्नल संदीप अहलावत के निर्देशन में प्रतिदिन प्रातः सैन्य विषय के प्रशिक्षण अन्तर्गत शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, नेवीगेशन, टेन्ट पिंचिंग, कवायद, मेप रीडिंग इत्यादि विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के मोटिवेशनल एवं सुरक्षात्मक विषयो पर व्याख्यान कैडेटस को दिए जा रहे है।
शिविर में कर्नल राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत 18 मई को वन विभाग सैलाना के श्री जी एस डोडियार, वनपाल अधिकारी तथा वनरक्षक श्री रमेश पानू, द्वारा पर्यावरण एवं वन्य जीव संरक्षण विषय पर जागरूकता हेतु व्याख्यान दिया गया। उनके द्वारा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। श्री डोडियार द्वारा बताया गया कि बढता प्रदूषण औंर वनों की कटाई मानव जीवन एवं वन्यजीवों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। आपने खरमोर अभ्यारण्य की जानकारी भी दी ज्ञात हो कि खरमोर एक विलुप्त पक्षी हैै जो 2018-19 के बाद इस क्षेत्र मे नगण्य रह गये है इसका कारण मानवीय हस्तक्षेप से उत्पन्न पर्यावरण अंसतुलन है। शासन के द्वारा इस ओर पुनः ध्यान दिया गया है तथा उनके पुर्नवास हेतु जन-जागरूकता अभियान में एनसीसी कैडेटो की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। कार्यक्रम के अंत में श्री रमेश पानू नें कैडेटस को पर्यावरण संरक्षण एवं वन्यजीव सुरक्षा की शपथ दिलाई साथ ही सभी कैडेटस को अपने-अपने क्षेंत्र मे दो-दो पौधे अनिवार्य रूप से लगाने एवं उनके पालन पोषण की जिम्मेदारी लेने हेतु प्रेरित किया ।
इस दौरान मेजर डॉ गोपाल भूरिया, लेफ्टिनेंट विजेन्द्र सोंलंकी, सी/ओ डॉ विजयसिंह पुरावत, एफ/ओ जाकिर खान, एफ/ओ रेमसिंह डामोर, एस/ओ रीता माहेश्वरी, एस/ओ हरीश कुमार परिहार, एस/ओ कंवलजीत सिंह गंभीर, एस/ओ गौरव चौहान सहित पीआई स्टॉफ तथा कार्यालयीन स्टॉफ उपस्थित थे ।
==========
जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत ग्राम झर्निया ऊकाला तथा ग्राम झालवा में जल चौपाल आयोजित
रतलाम : सोमवार, मई 18, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन एवं उप संचालक उद्यानिकी श्री मंगल सिंह डोडवे के मार्गदर्शन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को , ड्रीप/स्प्रिंकलर सिंचाई अपना कर कम पानी मे भी अधिक उत्पादन के लिए विभागीय अधिकारियों द्वारा जल चौपाल लगा कर जानकारी दी जा रही है।
आज जावरा विकासखंड के ग्राम झालवा, झर्निया, ऊकाला, रतलाम विकासखंड के पिपलोदी,पिपलौदा विकास खण्ड के ग्राम मचून,बडौदा,शेरपुर एवं बाजना विकासखण्ड मे जल चौपाल आयोजित की गई।
चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी साझा किए। किसानों को उद्यानिकी फसलों के उत्पादन के लिए तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों द्वारा अमरूद के बगीचे का निरीक्षण कर किसान के खेत पर जाकर किसानों को अमरूद फसल उत्पादन की तकनीकी जानकारी दी गई । चौपाल मे उद्यानिकी विभाग के मैदानी अधिकारी/कर्मचारी सहित किसान उपस्थित थे ।
==========
संत रविदास एवं डॉ भीमराव आर्थिक कल्याण योजना-
अनुसूचित जाति वर्ग के युवक एवं युवतियों को 50 लाख तक ऋण पर मिलेगा ब्याज अनुदान
रतलाम : सोमवार, मई 18, 2026,
कार्यपालन अधिकारी जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्या. रतलाम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-2027 हेतु अनुसूचित जाति वर्ग के युवक एवं युवतियों को स्वयं का व्यवसाय एवं सेवा ईकाई के लिये बैंक के माध्यम से ऋण प्रदाय करने हेतु शासन द्वारा संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना संचालित की गयी है।
संत रविदास स्वरोजगार योजना अंतर्गत 18 से 45 वर्ष के युवक एवं युवति जो न्युनतम कक्षा 8 वी उर्तीण हो तथा परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो, बैंक अथवा किसी भी वित्तीय संस्था से आयकर दाता न हो, ऐसे आवेदको को 1 लाख से 50 लाख तक ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान 7 प्रतिवर्ष तक दिया जाएगा। डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजनांतर्गत 18 से 55 वर्ष के युवक एवं युवति जो आयकर दाता न हो, को 10 हजार से 1 लाख तक ऋण पर 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान 5 वर्ष तक नियमित रुप से ऋण भुगतान पर प्रदाय किया जाएगा।
उक्त योजना में आवेदक एमपीऑनलाईन के माध्यम से samast.mponline.gov.in पोर्टल पर आवेदन कर सकते है एवं अधिक जानकारी हेतु जिला अन्त्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्या. महलवाडा रतलाम (म.प्र.) से दूरभाष 07412-235380 एवं कार्यालय में आकर संपर्क कर सकते है।
==========
20 मई को दवा विक्रेताओं की हड़ताल के दौरान चयनित मेडिकल संस्थान रहेंगे खुले
रतलाम : सोमवार, मई 18, 2026,
एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर जिला औषधि विक्रेता संघ, रतलाम द्वारा 20 मई को एक दिवसीय हड़ताल आयोजित की जा रही है। हड़ताल के दौरान आम नागरिकों एवं मरीजों को दवाइयों की उपलब्धता में असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं औषधि विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जिला औषधि विक्रेता संघ रतलाम से चर्चा उपरांत शहर एवं जिले के विभिन्न नर्सिंग होम, अस्पताल, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र एवं रेडक्रॉस मेडिकल संस्थानों को खुले रखने पर सहमति प्राप्त हुई है, ताकि मरीजों को आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होती रहें।
20 मई को हड़ताल के दौरान रतलाम शहर में आशीर्वाद फार्मेसी, अंकुर नर्सिंग होम, मेहरा नर्सिंग होम, जी.डी. हॉस्पिटल, रतलाम हॉस्पिटल, गायत्री हॉस्पिटल, आरोग्य हॉस्पिटल, आयुष्मान हॉस्पिटल, रेडक्रॉस मेडिकल (जिला चिकित्सालय एवं बाल चिकित्सालय), प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र रतलाम, आलोट, बांगरोद, पिपलौदा, सैलाना, ताल एवं जावरा में भी दवाइयां उपलब्ध रहेंगी।
==========
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान हेतु बैठक संपन्न
सुदूर जनजातीय ग्रामों में लगेंगे स्वास्थ्य, संतुष्टि एवं जनसुनवाई शिविर
रतलाम : सोमवार, मई 18, 2026,

कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन की अध्यक्षता मे आयोजित बैठक के साथ धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जनभागीदारी सप्ताह का विधिवत शुभारंभ किया गया। बैठक मे सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रंजना सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे । बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। सभी संबंधित विभाग प्रमुखों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अंतिम छोर के नागरिक तक शासन शासन के निर्देशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु निर्देशित किया । बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत चयनित ग्रामों में सघन स्वास्थ्य शिविर, हितग्राही संतुष्टि शिविर तथा वन विभाग के समन्वय से व्यापक वृक्षारोपण अभियान का सुचारू रूप से संचालन करने हेतु संबन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही शिविरों की प्रगति पोर्टल पर भी दर्ज करने के निर्देश दिए गये ।
ग्रामीण स्तर पर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए आगामी जनसुनवाई की तिथियों की जानकारी देने तथा ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए लोक सेवा केंद्रों पर विशेष जनसुनवाई आयोजित करने हेतु निर्देश दिए गये।कृत कारवाई को फोटो सहित आदि प्रसारण पोर्टल पर अपलोड करने हेतु निर्देशित किया गया।
==============
एसडीएम आलोट एवं जावरा द्वारा मैगजीन गोडाउन का निरीक्षण किया गया
रतलाम : सोमवार, मई 18, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले में मैगजीन गोडाउन की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच हेतु प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। आज एसडीएम आलोट सुश्री रचना शर्मा द्वारा ग्राम बर्डिया राठौर एवं एसडीएम जावरा श्री सुनील जयसवाल द्वारा ग्राम बड़ावदा स्थित मैगजीन गोडाउन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक बिंदुओं की जांच कर मौका जांच पंचनामा तैयार किया गया।
=========
कृषि रथ द्वारा भ्रमण कर, ग्राम पंचायतों में किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई
रतलाम : सोमवार, मई 18, 2026,

उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्री आर के सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 16 मई से 26 मई तक जिले मे कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है। जिसमें कृषि एवं संबद्ध विषयों जैसे उद्यानिकी, पशुपालन, आत्मा, मत्स्य पालन आदि पर किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा संपर्क कायम कर नवीन एवं वैज्ञानिकी तकनीकी सुधार की जानकारी कृषकों को दी जा रही। आज 18 मई को विकासखंड आलोट के भोजाखेडी, कलासिया, भीमाखेडी विकासखंड बाजना के झरनिया, उकाला, गढी कटाराकला, करबलखोरा विकासखंड सैलाना के चावडाखेडी, सरवन, पुन्याखेडी विकासखंड रतलाम के बिरमावल, पिपलौदी, पिपलखूंटा विकासखंड जावरा के झालवा, रीछाचांदा, कलालिया विकासखंड पिपलौदा के शेरपुर, बडोदा, मचुन में कृषि रथ द्वारा भ्रमण कर जैविक खेती एवं प्राकृतिक कृषि क्षेत्रों का विस्तार, पराली न जलाने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय, फसल विविधीकरण को बढावा देना, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, ई विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था, के संबंध में कृषकों को जानकारी दी गई।
19 मई को विकासखंड रतलाम के ग्राम बिलपांक, रेन मउ, बदनारा, विकासखंड सैलाना के सालरापाडा, कोलपुरा, कुण्डा, विकासखंड बाजना के पिपलीपाडा, खेरदा, रतनगडपीठ, विकासखंड जावरा के बहादुरपुर जागीर, लालाखेडा, भुतेडा, विकासखंड आलोट के खजुरी देवडा, पिपलिया सिसोदिया, रजला विकासखंड पिपलोदा के हतनारा, नांदलेटा, बडायला माताजी में रथ भ्रमण करेगा। किसान भाई इन पंचायतों में सम्मिलित होकर उक्त योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते है।



