समाचार मध्यप्रदेश नीमच 19 मई 2026 मंगलवार

////////////////////////////////
जिला प्रशासन नीमच ने दिया ईंधन बचत का संदेश
कलेक्टर सहित सभी जिला अधिकारी एक ही बस से रात्रि चौपाल के लिए रवाना
नीमच, 18 मई 2026, प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत के किए गए आह्वान को साकार करते हुए जिला प्रशासन नीमच ने एक अनुकरणीय पहल की है। सोमवार को कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के नेतृत्व में जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी एक ही यात्री बस में सवार होकर ग्राम दलपतपुरा, तहसील जीरन में आयोजित रात्रि चौपाल के लिए नीमच से रवाना हुए। ग्राम दलपतपुरा की रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से रूबरू होने के बाद कलेक्टर श्री चंद्रा एवं सभी जिला अधिकारी इसी एक ही यात्री वाहन से वापस जिला मुख्यालय नीमच लौटेंगे।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने बताया कि शासन के ईंधन संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने एवं स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। अलग-अलग वाहनों के स्थान पर सामूहिक रूप से एक बस में यात्रा कर पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया है।
इस पहल से न केवल शासकीय व्यय में कमी आएगी बल्कि आम नागरिकों को भी ईंधन बचाने हेतु प्रेरणा मिलेगी। जिला प्रशासन की यह पहल प्रधानमंत्री जी के “ऊर्जा संरक्षण-राष्ट्र निर्माण” के संकल्प को मजबूती प्रदान करती है। रात्रि चौपाल में कलेक्टर एवं जिला अधिकारी ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण करेंगे।
प्रारंभ में कलेक्ट्रेट नीमच से कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने यात्री बस को हरी झंडी दिखाकर अधिकारियों के दल को रात्रि चौपाल दलपतपुरा के लिए रवाना किया। इस मौके पर कलेक्टर श्री चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव वन मंडलाधिकारी श्री एसके अटोदे, एडीएम श्री बीएस कलेश भी जिलाधिकारियों के साथ एक ही यात्री बस से ग्राम दलपतपुरा की रात्रि चौपाल के लिए रवाना हुए।
=============
राजस्व प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने वी.सी.के माध्यम से की विभागीय समीक्षा
नीमच 18 मई 2026, प्रमुख सचिव राजस्व श्री विवेक पोरवाल ने सोमवार को मंत्रालय से वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व विभाग की विभागीय समीक्षा की। प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने डिजीटाईजेशन आफ लेगेसी रिकार्ड, जिला स्तर पर स्केनिंग सेंटर स्थापित करने, सेंटर पर कम से कम पांच कम्प्यूटर स्केनर एवं सेटअप फर्नीचर की व्यवस्था, राजस्व अभिलेखों की स्केनिंग के लिए दस्तावेजों का चयन, पटवारियों का रोस्टर बनाने, दस्तावेजों के आवक जावक की पंजी तैयार करने, स्केनिंग सेंटर पर दस्तावेजों की सुरक्षा व्यवस्था, राजस्व न्यायालयों में नियमित सुनवाई एवं नियमित रूप से राजस्व कोर्ट के संचालन, ग्रामों में आबादी भूमि की उपलब्धता एवं चिंहाकन, स्वामित्व योजना के पट्टेधारियों को पट्टे की रजिस्ट्री करवाने संबंधी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश भी दिए।
नीमच के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, एडीएम श्री बी.एस.कलेश एवं जिला डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिह धार्वे भी मौजूद थे।
==========
जिला ताइक्वांडो व कराटे संघ, नीमच के तत्वावधान में मो फाइटिंग और बेल्ट सम्मान समारोह का आयोजन किया
नीमच। जिला ताइक्वांडो व कराटे संघ, नीमच के तत्वावधान में एसोसिएशन कार्यालय पर एक भव्य डेमो फाइटिंग और बेल्ट सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीमच के पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रतनलाल निर्वाण ने की, जबकि संचालन ताइक्वांडो के मुख्य निर्देशक व सचिव जयप्रकाश लोधा द्वारा किया गया। रेफरी की भूमिका कु. भूमिका गोयल एवं ब्लैक बेल्ट सूरज सिंह ने निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। मंच से जय भीम के नारों के बीच बालक-बालिकाओं ने आत्मरक्षा और ताइक्वांडो फाइट का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न खेल व सामाजिक प्रतिभाओं का शाल, श्रीफल और माल्यार्पण कर विशेष सम्मान किया गया – रमेश कदमः अंबेडकर स्टैच्यू की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ समाजसेवी। सेवानिवृत्त मुख्य टिकट निरीक्षक प्रहलाद अहीरः पश्चिम रेलवे के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी व बेस्ट स्कोरर, जिनका चयन एशिया की टीमों में भी हुआ था। रामू राम डागरः प्रख्यात समाजसेवी। लेखराज वमार्ः एस.सी/एस.टी.एसोसिएशन नीमच ब्रांच के नवागत अध्यक्ष (ऑफिस सुपरिटेंडेंट) एवं ए.सी. वर्मा। श्री नंदकिशोर धोबावतः मूक-बधिर एवं विकलांग संघ के प्रदेश अध्यक्ष। श्री अमन पतरेः भोपाल से पधारे कराटे कोच।
खेलों से मिलता है सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसरः एसपी
खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि, ‘‘शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का खेलों में आगे बढ़ना बेहद जरूरी है। मैं सभी माताओं और बहनों से अपील करता हूँ कि बच्चों को स्पोर्ट्स में रुचि लेने के लिए प्रेरित करें। खेल के क्षेत्र में नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से सीधे नौकरियों का लाभ मिल रहा है।‘‘
इसी दौरान जब अध्यक्ष रतनलाल निर्वाण ने बच्चों के लिए खेल किट उपलब्ध कराने की मांग रखी, तो एसपी साहब ने तुरंत सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें सोमवार को कार्यालय आमंत्रित किया और स्पोर्ट्स कोटे से किट दिलाने का भरोसा दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा कुल 24 बालक-बालिकाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेल्ट व प्रमाण पत्र सौंपे गए। बेल्ट हासिल करने वाले होनहार खिलाड़ियों के नाम इस प्रकार हैंः ब्लैक बेल्टः मेघना सिंह जुरेल, मोक्षिता जैन। ब्लू बेल्ट (ब्लू-ब्लू वन)ः दीपिका राठौर, वेदिका अहीर, उमेश लोधा। ग्रीन बेल्ट (ग्रीन-ग्रीन वन)ः वानी शर्मा, अर्शीन, दक्षा चौधरी, प्रिंस वेस्टली, इमैनुएल पॉल, हिमांशी शर्मा, योगिता भाटी, भूमिका सैनी, विविका सैनी, वासु। येलो बेल्टः केशव सेन, माया (राधिका) लोधा, मोहित लोधा, नैना लोधा, खुशी खान, अलीना खान, नूर खान, अब्दुल मन्नान, मंतशा खान।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता बच्चों और संघ के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक महोदय का हृदय से आभार व्यक्त किया।
===========
सभी क्षीरधारा ग्रामों में स्व सहायता समूहों को पशुपालन गतिविधियों से जोड़े-श्री चंद्रा
पशुओं की समुचित देखभाल, पशु प्रबंधन पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की जाए
क्षीर धारा ग्राम योजना के तहत अर्न्तविभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
नीमच 18 मई 2026, जिले के सभी 82 क्षीरधारा ग्रामों में एक-एक स्व सहायता समूहों का गठन कर इन समूहों के सदस्यों को उन्नत पशुपालन गतिविधियों से जोड़े। पशुओं की समुचित देखभाल, पशु प्रबंधन पर पशुपालकों की जागरूकता कार्यशाला आयोजित की जाए। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में क्षीर धारा ग्राम योजना के तहत गठित अंर्तविभागीय समन्वय समिति की बैठक में पशुपालन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, उप संचालक पशुपालन डॉ.राजेश पाटीदार सहित समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा, कि क्षीर धारा ग्राम योजना का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन बढ़ाना है। इसके लिए पशुओं में नस्ल सुधार, उन्नत चारा विकास, पशुओं का समुचित प्रबंधन, पशुशेड का निर्माण आदि बिंदुओं पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है। सभी विभाग समन्वित प्रयास कर उन्नत पशुपालन को बढावा देने का कार्य करें। कलेक्टर ने चारा विकास के लिए आंकलन कर पशुपालकों को मल्टीकट मल्टी इयर चारा बीज कीट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
पशुपालन विभाग की विभागीय गतिविधियों की समीक्षा में कलेक्टर ने निर्देश दिए, कि सभी गांवों में पशुपालकों के के.सी.सी.प्रकरण बनाने के लिए शिविरों का आयोजन किया जाए। कोई भी पशुपालक के.सी.सी.के लाभ से वंचित ना रहे। कलेक्टर ने एक माह में एक हजार नवीन पशुपालकों को नवीन के.सी.सी.प्रदान करने और शतप्रतिशत पुराने के.सी.सी. का नवीनीकरण कर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश जिला सहकारी बैंक के श्री आर.पी.नागदा व उप संचालक पशुपालन को दिए है।
कलेक्टर ने क्षीर धारा योजना के तहत चयनित सभी 82 ग्रामों में शतप्रतिशत पशुओं का टीकाकरण करवाने और शतप्रतिशत पशुपालकों को के.सी.सी.जारी कर इन गांवों को सेचुरेटेड करने के निर्देश भी दिए है। उन्होने वन क्षेत्र से लगे सभी गांवों में पशुओं का सर्वे करवाकर शतप्रतिशत पशुओं का टीकाकरण करवाने के निर्देश भी दिए है।
=================
जल निगम जिले के शेष सभी स्कूलों एवं आंगनवाडियों में एक माह में नल कनेक्शन उपलब्ध कराए – श्री चंद्रा
जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
नीमच 18 मई 2026, जल निगम नीमच जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाडी केंद्र भवनों में हर घर नल से जल योजना के तहत एक माह में नल कनेक्शन उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। कोई भी स्कूल, आंगनवाडी या बसाहट हर घर नल से जल के लाभ से वंचित ना रहे। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिला स्तरीय जल एवं स्वच्छता मिशन तहत संचालित कार्यो की समीक्षा बैठक में दिए।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में सोमवार को आयोजित इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, जल निगम महाप्रबंधक श्री धीरेन्द्र बिजोरिया, लो.स्वा.या.विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री दीपेश वास्पत व अन्य जिला अधिकारी व समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में जल निगम के महाप्रबंधक को निर्देश दिए, कि जिले के ऐसे मजरे टोले बसाहटे जो गांधी सागर समूह जल प्रदाय योजना के लाभ से वंचित है। उन सभी मजरों, टोलो, बसाहटों को सूचीबद्ध कर, वहां हर घर नल कनेक्शन के लिए प्रस्ताव तैयार कर लो.स्वा.या.विभाग के सचिव एवं जल निगम के प्रबंध संचालक को प्रस्ताव भेजे।
बैठक में बताया गया, कि जिले के 377 स्कूलों, एवं 149 आंगनवाडी भवनों में नल कनेक्शन होना शेष है। स्कूलों व आंगनवाडी केंद्रों में नल कनेक्शन का कार्य निरंतर जारी है। कलेक्टर ने निर्देश दिए, कि एक माह में शेष सभी शालाओं, आंगनवाडी केंद्रों में नल कनेक्शन उपलब्ध करवा दिया जाए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने रोड़ रेस्टोरेशन कार्य की प्रगति की समीक्षा में निर्देश दिए, कि अब तक जिले में किए गये रोड रेस्टोरेशन कार्य की ग्रामवार सूची उपलब्ध करवाए। इस सूची का पंचायतों से सत्यापन करवाया जाएगा, कि रोड़ रेस्टोरेशन का समुचित गुणवत्तापूर्ण कार्य हुआ है अथवा नही ? कलेक्टर ने लो.स्वा.यां.विभाग एवं जल निगम को निर्देश दिए, कि वे हर ग्राम पंचायत में एक-एक वाल्वमेन, पम्प आपरेटर चयनित कर उसे योजना के संचालन का प्रशिक्षण दिलाए।
बैठक में बताया गया, कि जिले में हाल ही में 18 नवीन नलकूप खनन के कार्य स्वीकृत किए गये है। जिन पर नलकूप खनन का कार्य प्रारंभ हो गया है। आगामी दिनों में 18 और नलकूप खनन का कार्य किया जावेगा। बैठक में लो.स्वा.यां.विभागों को बंद पडे 10-10 नलकूपों में रिचार्ज पिट संरचनाओं का निर्माण करने के निर्देश भी दिए गये।
बैठक में कलेक्टर ने पंचायतों द्वारा जलकर संग्रहण की समीक्षा में निर्देश दिए, कि ग्राम पंचायतों को जलकर संग्रहण बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाए। जलकर की वसूली की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होने जनपद सीईओ को निर्देश दिए, कि जिले में एक माह में जलकर संग्रहण 5 लाख रूपये से बढ़ाकर 10 लाख रूपये तक किया जाए।
=====================
जमुनिया कला में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
नीमच, 18 मई 2026, आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमुनिया कला के औषधालय परिसर में सोमवार को योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लाभार्थियों को योग के महत्व एवं नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभ की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विशेषज्ञों द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम एवं कपालभाति सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम में “योगः कर्मसु कौशलम्॥” अर्थात योग व्यक्ति को कर्मों में कुशलता एवं जीवन में संतुलन प्रदान करता है, का संदेश देते हुए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में कुल 24 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। इस मौके पर डॉ. विमला पाटीदार, श्रीमती भावना बैरागी, श्री विनीत सोनी, श्री आनंद शर्मा एवं श्रीमती श्वेता जोशी ने विशेष सहयोग दिया।
====================
अफीम व डोडाचूरा की तस्करी करने वाले तस्कर को 13 वर्ष का सश्रम कारावास
नीमच।विशेष न्यायाधीश (एन.डी.पी.एस. एक्ट) श्री जितेन्द्र कुमार बाजोलिया, जिला-नीमच द्वारा ट्रक में 2 किलो 300 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम तथा 26 कट्टों में 523 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की तस्करी करने वाले आरोपी नवीन पिता रमेष मराठा, उम्र-28 वर्ष, निवासी-ग्राम पालखेड़ी, तहसील डुंगला, थाना मंगलवाड़, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को धारा 8/15(सी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत 13 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 02 लाख रूपये अर्थदण्ड एवं धारा 8/18(सी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत 5 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 40000रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
अभियोजन मीडिया सेल प्रभारी एडीपीओ रितेश कुमार सोमपुरा द्वारा घटना की जानकारी देते हुुए बताया कि घटना दिनांक 29.01.2025 को रात्री के लगभग 8 बजे उदयपुर-भीलवाड़ा मार्ग स्थित गंगरार टोल की हैं। कार्यालय उपनारकोटिक्स आयुक्त नीमच में मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रक से अफीम व डोडाचूरा की तस्करी की खेप पंजाब पँहुंचने वाली हैं। मुखबीर सूचना पर से निवारक दल का गठन कर गंगरार टोल नाके पर नाकाबंदी किये जाने पर चित्तौड़गढ़ की तरफ से ट्रक आता हुवा दिखाई दिया, जिसको घेराबंदी कर रोका गया। निवारक दल द्वारा आगे की कार्यवाहीं किये जाने हेतु सुरक्षा की दृष्टि से दोनो आरोपी व ट्रक को कार्यालय उपनाराकोटिक्स आयुक्त, नीमच ले लेकर आया गया, जहाँ पर ट्रक की तलाषी लिये जाने पर उसमें 26 कट्टों में कुल 530 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा तथा ट्रक की कैबीन में गुप्त स्थान पर से पीले रंग की थैली में 2 किलो 300 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम मिली, जिस कारण डोडाचूरा, अफीम व ट्रक को जप्त किया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके पष्चात् सभी आवश्यक अनुसंधान उपरांत परिवाद माननीय विशेष न्यायालय, नीमच में प्रस्तुत किया गया।
विचारण के दौरान सी.बी.एन. के विशेष लोक अभियोजक श्री सुशील ऐरन द्वारा सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान कराकर आरोपी द्वारा कार से अवैध मादक पदार्थ अफीम व डोडाचूरा की अंतर्राज्यीय तस्करी किये जाने के अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कराते हुवे, उसकों को कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी कोे उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक श्री सुशील ऐरन द्वारा की गई।
================
एआई तकनीक से पत्रकारिता में आएगा बड़ा बदलाव,निष्पक्षता और ग्रामीण मुद्दों पर जोर जरूरी — प्रोफेसर आशीष जोशी
मनासा । प्रेस क्लब मनासा द्वारा नगर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित एक दिवसीय पत्रकार कार्यशाला में एआई तकनीक, निष्पक्ष पत्रकारिता और ग्रामीण पत्रकारिता की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने पत्रकारों को नई तकनीक अपनाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए प्रोफेसर आशीष जोशी ने कहा कि पहले एक टीवी चैनल स्थापित करने में लगभग 100 करोड़ रुपए खर्च होते थे, लेकिन एआई तकनीक आने के बाद वही कार्य अब बहुत कम लागत में संभव हो गया है। उन्होंने कहा कि एआई के उपयोग से पत्रकार घंटों का कार्य मिनटों में कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज भी कई पत्रकार टीवी चैनलों में एजेंट या प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने ग्रामीण पत्रकारिता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत गांवों में बसता है और ग्रामीण क्षेत्रों से उठने वाले मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर परिवर्तन ला सकते हैं। अंतिम पंक्ति में बैठे हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और सत्यापित खबरें लिखनी चाहिए।
वहीं प्रोफेसर जे.एस. दूबे ने कहा कि पत्रकारिता हमें समाज के सामने जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत होना सिखाती है। खबरों में विश्वसनीयता होना आवश्यक है ताकि लोगों का भरोसा कायम रहे। उन्होंने फेक न्यूज से बचने और खबर की तह तक पहुंचने के बाद ही उसे प्रकाशित करने की बात कही।
कार्यशाला का दूसरा सत्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित रहा, जिसे संबोधित करते हुए अभिलाष चौबे ने बताया कि एआई का उपयोग भाषा परिवर्तन, शिक्षा, चिकित्सा और कृषि जैसे क्षेत्रों में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जहां एआई लाभदायक है, वहीं इसके दुरुपयोग से फेक वीडियो जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं, हालांकि एआई की मदद से उनकी सच्चाई भी उजागर की जा सकती है।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि पत्रकार का नैतिक कर्तव्य है कि वह समाज की अच्छाइयों के साथ बुराइयों को भी प्रमुखता से उजागर करे। उन्होंने कहा कि पत्रकार यदि लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करें तो समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर किया जा सकता है। पत्रकारों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाजहित में कार्य करना चाहिए।
श्याम सोनी ने कहा कि पत्रकारिता आसान कार्य नहीं है। देश की आजादी में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पत्रकार समाज का आईना होता है और उसे टीआरपी बढ़ाने के लिए झूठ का सहारा नहीं लेना चाहिए। सत्य के मार्ग पर चलते हुए सत्ता से सवाल पूछना पत्रकार का कर्तव्य है।
डॉ. सीमा तिवारी ने कहा कि पत्रकार और जनप्रतिनिधि दोनों को निरंतर नई चीजें सीखनी होती हैं। पत्रकारों से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सही दिशा मिलती है। वहीं अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता और राजनीति दोनों का उद्देश्य समाज में सुधार और परिवर्तन होना चाहिए।
श्याम गुर्जर ने कहा कि एआई समय की मांग है और इससे पत्रकारिता में क्रांतिकारी परिवर्तन आएंगे। कार्यक्रम में टीके झाला, सीमा जागीरदार तथा नरेंद्र मालवीय ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 20 से अधिक समाजसेवियों का सम्मान किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में जगदीश छाबड़ा एवं रामप्रसाद कसेरा, रक्तदान के लिए राकेश खींची, पर्यावरण संरक्षण के लिए आनंद मानावत एवं अनूप शर्मा, विधवा पेंशन सेवा के लिए सेवा अर्पण संस्था, मरीजों को स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध कराने के लिए कर्तव्य एक प्रयास संस्था, गौसेवा के लिए सर्वेश झवर, लोकेश बंटू सचदेवा, नारायण चिचानी, कमलेश आगर तथा कला क्षेत्र में मदनलाल राठौर का प्रमाण पत्र, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यशाला में सहभागी बने सभी पत्रकारों को भी प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामधन विजयवर्गीय ने की।
इस अवसर पर ललित सिंह चुंडावत, मुकेश शर्मा, भारत सोलंकी, पंकज श्रीवास्तव, राजू नागदा, अर्जुन सिंह जायसवाल, पवन राव शिंदे तथा प्रदीप जैन सहित नीमच, सरवानिया, जावद, रतनगढ़, मोरवन, सिंगोली, डिक्केन, जीरन, रामपुरा, कुकडेश्वर, कंजार्डा, आतरी माता एवं मनासा क्षेत्र के बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन यशवंत राठौर ने किया एवं आभार भरत कनेरिया ने व्यक्त किया।
==============
रेडक्रॉस में वृद्धाश्रम एवं मूक बधिर बच्चों के लिए किये सेवा कार्य
नीमच। रेडक्रॉस के तत्वाधान एवं सहयोग से श्रीमती इंदु वेद की प्रथम पुण्यतिथि पर परिवार जन द्वारा उनकी स्मृति में वृद्धाश्रम के बुजुर्गों और मूक बधिर बच्चों के साथ बनाया वहां पर सभी वृद्ध और बच्चों को भोजन कराया ओर उन्हें फल, बिस्कुट,चॉकलेट आदि वितरित भी किए और उनके साथ बहुत अच्छा समय भी बिताया। श्रीमती इंदु की याद में उनकी बेटी किरण आंचलिया और दामाद पंकज आंचलिया एवं दोनों नाता – नातिन ने कहा कि उनका जाना हमारे लिए बहुत बड़ी शती है जिसे कोई पूरा नहीं कर सकता और उन्हीं के दिए संस्कार से हम ये सेवा कार्य कर रहे है। इस दौरान पंकज आंचलिया किरण आंचलिया, अशोक आंचलिया, शांता आंचलिया, विद्या कमल वेद, पिंकी दसेड़ा, कल्पना बडाला, इंदु शर्मा, अनामिका शर्मा, सम्यक दसेड़ा, नैवेद्य, ऋत्वि, प्रिंस, अरिहा, सिया आदि उपस्थित थे।
टेंडर के बाद भी बनाई जा रही आधी सड़क, रहवासियों में भारी आक्रोश
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की कार्यप्रणाली इन दिनों विवादों के घेरे में है। शहर के वार्ड नंबर 8 में नपाध्यक्ष पति की हठधर्मिता और तानाशाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ पूरी सड़क का टेंडर स्वीकृत होने के बावजूद ठेकेदार द्वारा केवल आधी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इस सौतेले व्यवहार और अधूरी सड़क को लेकर क्षेत्र के रहवासियों सहित खुद सत्ताधारी दल भाजपा के कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है।अच्छी सड़कों का नवीनीकरण, जरूरत वाली जगह अनदेखीएक तरफ जहाँ नीमच शहर के अन्य इलाकों में पहले से अच्छी-भली बनी हुई सड़कों पर दोबारा डामरीकरण और निर्माण का ‘खेल’ खेला जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ वार्ड नंबर 8 में जनता की बेहद जरूरी मांग को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी आवश्यक सड़क को पूरा नहीं बनाया जा रहा है, जिससे नपा की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।”जिनकी सरकार, वही परेशान” – भाजपा कार्यकर्ता भी उतरे विरोध में इस समस्या को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और इसी क्षेत्र के वरिष्ठ रहवासी नरेंद्र शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि इस मनमानी और जनता की परेशानी से नपाध्यक्ष प्रतिनिधि को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद उन्होंने जनसमस्या को पूरी तरह अनसुना कर दिया।नरेंद्र शर्मा ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि आज हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि प्रदेश में जिनकी सरकार है, जमीनी स्तर पर उन्हीं के लोग और कार्यकर्ता सबसे ज्यादा दुखी और परेशान हैं। नपाध्यक्ष की यह रहस्यमयी कार्यप्रणाली किसी की समझ से परे हो चुकी है।अधूरी सड़क से बढ़ेगा हादसों का खतरारहवासियों का कहना है कि आधी सड़क बनने से वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी होगी और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहेगा। यदि नपा प्रशासन ने जल्द ही पूरे टेंडर के मुताबिक सड़क का निर्माण नहीं कराया, तो वार्ड की जनता और भाजपा कार्यकर्ता मिलकर उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।



