मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 16 मई 2026 शनिवार

///////////////////////////////////////

गैस टंकी लेकज से हुई आगजनी में 4 घायल हुए 

लदूना- गैस टंकी लेकज से हुई आगजनी में घायलों की स्थिति सामान्य है । घटना में जगदीश पिता मांगीलाल राठौर पत्नी राधा बाई राठौर पुत्री प्रति राठौर ओर काम करने वाला मजदूर परमेश्वर भील घायल हुए थे। जिनको सीतामऊ अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर मंदसौर रेफर कर दिया था, जहां उनकी स्थिति सामान्य है। कोई भी गंभीर नहीं है।

परिजनों ने बताया कि गैस की टंकी खत्म होने पर दूसरी टंकी का सील बंद ढक्कन जैसे ही खोला उसमें से अत्यधिक फ्रेशर के साथ lpg निकली जिसने पास ही में चल रहे चूल्हे से आग पकड़ ली और गैस के रिसाव से साथ ही पूरी रसोई में आग फेल गई , बाद में जैसे तैसे आग से काबू पाकर , घायलों को अस्पताल पहुंचाया ।

==============

नाहरगढ़ पुलिस ने पकड़ा अवैध पटाखों का जखीरा

नाहरगढ़- थाना पुलिस ने नाहरगढ़ नगर में एक अवैध पटाखा गोदाम पर‌ छापामार कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए किमत के पटाखे जप्त किए,‌ नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी व टीम ने सुचना के आधार पर अवैध पटाखा गोदाम पर छापा मारा, आगे की कार्यवाही जारी ।

=======

 आजाद समाज पार्टी का अनिश्चितकालीन धरना, बाबा साहब अंबेडकर प्रतिमा स्थापना की मांग तेज।

सीतामऊ नगर परिषद परिसर में आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

==========

राजस्व एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त निरिक्षण किया

शामगढ़ – पटाखा विक्रेताओं गोदाम दुकान पर राजस्व एवं पुलिस प्रशासन ने संयुक्त निरिक्षण किया। प्रशासनिक दल में नायब तहसीलदार भीमसिंह खराड़ी थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, पटवारी प्रभु लाल रायका निरीक्षण कर सेफ्टी एवं नियम पालन हेतु निर्देशित किया। क्षेत्र की अन्य दुकानों पर गोदाम पर निरीक्षण जारी है।*

===========

साठियाँ समुदाय को आवंटित की गई भूमि

 नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने आज मंदसौर रेलवे ब्रिज के पास साठियाँ समुदाय को आवंटित की गई भूमि का राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर के साथ निरीक्षण किया।

इस दौरान नगर पालिका द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायज़ा लिया एवं मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

उन्होंने कहा कि साठियाँ समुदाय के पुनर्वास एवं बेहतर व्यवस्थाओं हेतु नगर पालिका निरंतर हर संभव प्रयास कर रही है, ताकि सभी परिवारों को मूलभूत सुविधाएं सुगमता से प्राप्त हो सकें।

===============

भानपुरा में शराब पीकर बोलेरो दौड़ाना पड़ा भारी, पुलिस की सख्त कार्रवाई में चालक पर 14 हजार 500 रुपये का जुर्माना

बस स्टैंड क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान नशे में धुत मिला चालक, मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि

माननीय न्यायालय ने आरोपी चालक को न्यायालय उठने तक की सजा सुनाई, वाहन स्वामी को भी बनाया आरोपी थाना भानपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

============

जादू-टोना के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया

मंदसौर कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भूरू खां पिता कादर खां, निवासी सीतामऊ को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को सोने के बिस्किट निकालने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठता था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस खेल में और कौन-कौन शामिल है।

===========

सिंगरौली में डॉक्टर को वीडियो कॉल पर फंसाकर 5 लाख की ब्लैकमेलिंग, महिला गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के कोतवाली बैढ़न थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी युवती साक्षी डॉक्टर के क्लिनिक पर इलाज कराने आई थी। इसी दौरान डॉक्टर से उसकी पहचान हुई और बातचीत शुरू हो गई। कुछ रुपये के लेन-देन के बाद जब डॉक्टर ने पैसे वापस मांगे तो साक्षी ने वीडियो कॉल कर आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर डॉक्टर से 5 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साक्षी को गिरफ्तार कर लिया है। इस्तेमाल किया गया मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है। दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अजनबियों के साथ वीडियो कॉल पर सावधानी बरतें।

===========

 

सांसद गुप्ता ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक सहायता हेतु लिखा पत्र

मंदसौर- 10 मई रात्रि सीतामऊ किराना व्यापारी की दुकान में आगजनी घटना को लेकर सांसद सुधीर गुप्ता ने मुख्यमंत्रीजी को (मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक सहायता स्वीकृति) हेतु लिखा पत्र , अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन मंदसौर(शामगढ़) द्वारा भी सहायता हेतु मंदसौर सांसद को पत्र के माध्यम से की मांग।

=========

 

शामगढ़ में पदस्थ रेलवे इंजीनियर नौकरी से बर्खास्त, रेल पटरी की नहीं पकड़ी खामी

कोटा/शामगढ़:- कोटा मंडल रेल प्रशासन ने एक वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) शामगढ़ संतोष बौरासी को नौकरी से बर्खास्त (रिमूव फ्रॉम सर्विस) कर दिया है। बताया जा रहा है कि रेल पटरी में खामी नहीं पकड़ने के कारण संतोष को नौकरी से हटाया गया है।

संतोष की ड्यूटी अभी शामगढ़ में यूएसएफडी (अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन) मशीन द्वारा रेल पटरियों की जांच करने में लगी हुई थी।

बताया जा रहा है कि पिछले दिनों जांच करने के बाद भी संतोष पटरी में गड़बड़ी नहीं पकड़ सके। इसके चलते कुछ दिनों बाद रेल पटरी टूट गई। समय पर टूटी रेल पटरी का पता चलने से बड़ी दुर्घटना टल गई।

बाद में यह मामला कोटा मंडल रेल प्रशासन और जबलपुर मुख्यालय होता हुआ रेलवे बोर्ड तक पहुंच गया। इसके चलते रेल प्रशासन को भी मामले में जवाब देना भारी पड़ गया। बाद में मामले में जांच कमेटी बिठाई गई। इस कमेटी की रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने संतोष को रेल सेवा से हटाने का निर्णय लिया।

===========

स्कार्पियो चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी

सीतामऊ थाना क्षेत्र के खेताखेड़ा बांकली घंटे पर एक स्कार्पियो चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, इस दुर्घटना में मंदसौर निवासी अंकुश सक्सैना की मौत हो गई । घटना आज दोपहर 03 बजे के करीब की बताई जा रही है।

===========

नोटरी द्वारा किया गया तलाक मान्य नहीं पति अपनी पत्नी को 3000/महीना भरण पोषण राशि अदा करें

न्यायालय नारायणगढ़ के विद्वान न्यायिक मजिस्ट्रेट महोदय ने अपने महत्वपूर्ण आदेश मै धन्नाकुंवर राजपूत द्वारा पेश धारा 144 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता मै पेश आवेदन पत्र को स्वीकार कर विपक्षी पति जीतेन्द्रसिंह राजपूत के द्वारा पेश नोटरी तलाक को मान्य नहीं करते हुए पत्नी धन्नाकुंवर राजपूत को 3000/ हजार रूपये महीना अंतरिम भरण पोषण राशि देने का आदेश पारित किया हैं *ईस प्रकरण मै धन्नाकुंवर राजपूत की और से सफल पैरवी  कैलाशचंद्र चौधरी एडवोकेट एवं नोटरी, राहुल चौधरी, अनुराग परिहार और दीपाली चौधरी नारायणगढ़ ( बरखेड़ा देव )द्वारा की गई।

==============

औद्योगिक क्षेत्र में भूमि आवंटन के बाद विकास कार्यों में लाई जाए तेजी : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन समिति की बैठक संपन्न

मंदसौर 15 मई 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन समिति की बैठक सुशासन भवन स्थित सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में जिले के औद्योगिक विकास, एमएसएमई उद्योगों की प्रगति तथा नए औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि आवंटन के पश्चात विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जाए, ताकि नवीन उद्योग शीघ्र स्थापित हो सकें। उन्होंने कहा कि उद्योगों में रोजगार के निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा स्थानीय लोगों को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली, पानी एवं सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। साथ ही नक्शा एवं खसरे के अनुसार विकास कार्यों में अमल सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2025-26 के दौरान लघु उद्योग अंतर्गत जिले में 283 उद्योग पंजीकृत किए गए, जिनमें 1428 लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ तथा 8782.23 लाख रुपए का निवेश प्राप्त हुआ।

एमपीआईडीसी अंतर्गत जिले में तीन नए औद्योगिक क्षेत्रों — जग्गाखेड़ी फेस-2, बसई एवं सेमली काकड़ — में विकास कार्य निरंतर जारी हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के बाद आवंटन प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए।

उन्होंने उद्योग विभाग को निर्देशित किया कि एमएसएमई उद्योगों के आवंटन की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए। आवेदन प्रक्रिया को सुविधाजनक रखते हुए उद्योग स्थापना को प्रोत्साहित किया जाए।

बैठक के दौरान उद्योगपतियों द्वारा भी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से अवगत कराया गया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

===============

नारकोटिक्स नियंत्रण हेतु सभी विभाग संयुक्त एवं प्रभावी कार्रवाई करें : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

तीन फार्मासिस्ट दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड, 6 को नोटिस जारी

नारकोटिक्स एवं नशीली दवाओं की रोकथाम को लेकर बैठक संपन्न

मंदसौर 15 मई 26 / जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम, नियंत्रण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला अफीम अधिकारी, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, कृषि, परिवहन, स्वास्थ्य, आबकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिले में फार्मासिस्ट एवं केमिस्ट दुकानों की नियमित जांच करते हुए लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं, जिसके तहत 6 दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं तथा 3 दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं।

कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि नारकोटिक्स के विरुद्ध कार्रवाई में आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है। सभी विभाग संयुक्त रूप से कार्य करें तथा सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करें। उन्होंने अंतरराज्यीय बसों में विशेष सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

बैठक में शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। साथ ही विद्यार्थियों एवं आमजन को एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों तथा मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाए।

================

पीएचसी भेसोदा में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं

शिविर में कुल 42 मरीजों ने करवाई स्वास्थ्य जांच

मंदसौर 15 मई 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में जिले में सतत आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेसोदा में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणजनों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं तथा टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर में कुल 42 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई। इनमें 17 पुरुष एवं 24 महिला मरीज शामिल रहे। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 41 एक्सरे किए गए, जिनमें 2 एक्सरे एब्नार्मल पाए गए। साथ ही 2 स्पूटम सैंपल कलेक्शन किए गए तथा 5 सीवाई टेस्ट किए गए।

शिविर में जांच एवं जागरूकता गतिविधियां संपन्न

आयोजित शिविर में 14 हितग्राहियों की हीमोग्लोबिन जांच एवं 14 व्यक्तियों की ब्लड शुगर जांच की गई। इसके अतिरिक्त 32 लोगों का बीपी परीक्षण भी किया गया। शिविर में टीबी उन्मूलन के लिए लोगों को जागरूक करते हुए टीबी शपथ दिलाई गई।

शिविर के दौरान निक्षय मित्र, फूड बास्केट वितरण एवं टीबी चैंपियन गतिविधियों में किसी का पंजीयन नहीं हुआ। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तथा टीबी एवं अन्य बीमारियों के प्रति जागरूक रहें।

=======

राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की अपील

मंदसौर 15 मई 26 / आगामी 16 मई को मनाए जाने वाले ’’राष्ट्रीय डेंगू दिवस ’’ के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने आम जनमानस से डेंगू जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। डेंगू एक वायरल बीमारी है जो मादा ’’एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। यह मच्छर गंदे नालों में नहीं, बल्कि हमारे घरों के अंदर या आस-पास जमा हुए साफ और रूके हुए पानी में पनपता है। इस वर्ष डेंगू दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग का मुख्य नारा अपील है – ’’ अपने ही घर में डेंगू के लार्वा को जाॅचे, सफाई करें और ढकें’’। डेंगू से बचाव ही इसका सबसे प्रभावी उपचार है। इस उपदेश्य की पूर्ति हेतु जिला स्वास्थ्य समिति एवं मलेरिया विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से निम्नलिखित तीन आसान कदम उठाने का आग्रह किया है।

जॉंचे अपने घर छत और आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण करें। फ्रिज के पीछे की ट्रे, एसी का पानी, कूलर, गमलों के नीचे की प्लेट, छत पर रखे पुराने टायर, टूटे-फूटे बर्तन, और नारियल के खोल आदि में पानी जमा न होने दें। यही वह जगहें है जहाॅ एडीज मच्छर अंडे देता है। और लार्वा पनपता है। सफाई करें- सप्ताह में कम से कम एक दिन ’’ड्राई डे’’ मनाए। कूलर और टंकियों का पानी पूरी तरह खाली करें, उन्हें ब्रश से अच्छी तरह रगड़कर साफ करें और धूप में सुखाकर ही दोबारा पानी भरें। केवल पानी फेंकना काफी नहीं है, क्योंकि मच्छरों के अंडे किनारों पर चिपके रहते हैं, जिन्हें रगड़कर साफ करना जरूरी है। ढकें -पानी जमा करने वाले सभी स्थायी बर्तनों, ड्रम और ओवरहेड टंकियों को एयर-टाइट ढक्कन या मोटे कपड़े से कसकर ढकें ताकि मच्छर अंदर जाकर अंडे न दे सकें।

लक्षण और उपचार:-

अचानक तेज बुखार आना, सिर दर्द, आखों के पीछे दर्द, जोड़ों एवं मांसपेशियों में भयंकर दर्द होना, और शरीर पर लाल दाने उभरना डेंगू के मुख्य लक्षण है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया हैं कि ऐसे लक्षण दिखने पर जिला चिकित्सालय में संपर्क करें, बिना डाॅक्टरी सलाह के दर्द निवारक दवाइयां न लें।

===================

सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार 2025-26 के लिए 15 जून तक आवेदन आमंत्रित

विकासखंड स्तर पर 10 हजार रूपये एवं जिला स्तर ‌पर 25 हजार रूपये का पुरस्कार

कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य व कृषि अभियांत्रिकी के कृषक कर सकेंगे आवेदन

मंदसौर 15 मई 26 / आत्मा परियोजना संचालक द्वारा बताया गया कि सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन आत्मा परियोजना के तहत मूल्यांकन वर्ष 2025-26 की गतिविधियों के आधार पर कृषक पुरुस्कार (कृषि, उ‌द्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, कृषि अभियांत्रिकी) के प्रति विकासखंड 5 सर्वोत्तम कृषक पुरुस्कार जिनकी प्रति पुरुस्कार राशि 10 हजार रुपये एवं 10 जिला स्तरीय सर्वोतम कृषक पुरुस्कार जिसकी प्रति पुरुस्कार राशि 25 हजार रुपये दिये जाने के लक्ष्य प्राप्त हुये है।

इसके लिए कृषकों द्वारा खेती में अपनाई गई नई कृषि तकनीकी उपज एवं उत्पादकता के आधार पर कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मतस्यपालन, एवं कृषि अभियांत्रिकी संबंधित गतिविधियों के आधार पर इच्छुक कृषक अपने अपने आवेदन कार्यालय वरिष्ट कृषि विकास अधिकारी/बी.टी.एम./ए.टी.एम. विकासखंड मंदसौर, मल्हारगढ़, सीतामऊ,गरोठ,भानपुरा से प्राप्त कर आवेदन कर सकते है। सहयोगी विभागों के आवेदन सम्बंधित विभागों के कार्यालयों में जमा किये जा सकते है।

आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जून 2026 तक निर्धारित की जाती है। निर्धारित प्रारूप में आवेदन की सम्पूर्ण प्रविष्टियाँ एवं आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर वरिष्ट कृषि विकास अधिकारी/बी.टी.एम./ए.टी.एम. विकासखंड मंदसौर, मल्हारगढ़, सीतामऊ, गरोठ, भानपुरा में जमा कर सकते है।

प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन निर्धारित प्रक्रिया एवं जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति के द्वारा मूल्यांकन प्रक्रिया पूर्ण कर अंतिम चयन किया जावेगा। चयन में कलेक्टर सह अध्यक्ष आत्मा गवर्निंग बोर्ड जिला मंदसौर का निर्णय अंतिम होगा।

====================

जिले के आदिवासी वर्ग के बेरोजगार युवा टंटया मामा

आर्थिक कल्‍याण योजना का लाभ लेने के लिए आनलाईन वेबसाइट पर आवेदन करें

मंदसौर 15 मई 26 / मध्यप्रदेश शासन आदिम जाति कल्याण विभाग के तत्वाधान में जिले के आदिवासी वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतियों को टंटया मामा आर्थिक कल्याण योजना विनिर्माण हेतु 10 हजार से 01 लाख तक परियोजना हेतु योजनांतर्गत रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवेदन-पत्र आंमत्रित किए गए हैं।

योजनांतर्गत लगने वाले सहपत्र जाति- प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र गरीबी रेखा के नीचे हेतु खाघ सुरक्षा प्रमाण, शैक्षणिक योग्यता आठवी उत्तीर्ण, आयु 18 से 55 वर्ष, पासपोर्ट साईज फोटो। समस्त दस्तावेज आवश्यक होंगे।

योजनांतर्गत 10 हजार से 01 लाख तक का बैंको के माध्यम से ऋण वितरित/शेष ऋण पर 7 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से ब्याज अनुदान की पात्रता होंगी। हितग्राही किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक, वित्तीय संस्था/सहकारी योजना बैंक का चूककर्ता/अशोधी नहीं होना चाहिए।

योजना में समस्त पोर्टल म0प्र0 आनलाईन के माध्यम से आवेदन-पत्र भरे जाकर वेबसाइट https://samast.mponline.gov.in पर आवेदन-पत्र कर सकते हैं।

================

आदिवासी वर्ग के बेरोजगार युवा स्‍वरोजगार स्‍थापित करने हेतु  आवेदन करें

भगवान बिरसा मुण्‍डा स्‍वरोजगार योजना का लाभ ले

मंदसौर 15 मई 26 / जनजातीय कार्य विभाग जिला संयोजक श्रीमती अंगुरबाला भगोरा द्वारा बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन आदिम जाति कल्याण विभाग के तत्वधान में जिले के आदिवासी वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना विनिर्माण हेतु 01 लाख से 50 लाख तक सेवा/व्यवसाय 01 लाख से 25 लाख तक परियोजना हेतु योजनांतर्गत रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवेदन-पत्र आंमत्रित किए गए हैं।

योजनांतर्गत लगने वाले सहपत्र- जाति प्रमाण, मूल निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, पेन कार्ड शैक्षणिक योग्यता आठवी उत्तीर्ण आयु 18 से 45 वर्ष दो पासपोर्ट फोटो, समस्त दस्तावेज होना आवश्यक होगा।

योजनांतर्गत 01 लाख से 50 लाख तक सेवा/व्यवसाय 01 लाख से 25 लाख तक बैंको के माध्यम से हितग्राहियों को बैंक वितरित/शेष ऋण पर 5 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से ब्याज अनुदान की पात्रता होगी/ हितग्राही किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक, वित्तीय संस्था/सहकारी योजना बैंक का चूककर्ता/अशोधी नहीं होना चाहिए।

योजना में समस्त पोर्टल म0प्र0 आनलाईन के माध्यम से आवेदन-पत्र भरे जाकर वेबसाइट https://samast.mponline.gov.in पर आवेदन-पत्र कर सकते हैं।

=============

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}