मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 16 मई 2026 शनिवार

ज्ञान भारतम पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान शुरू “ज्ञान भारतम’’ मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाएगी पाण्डुलिपियों की जानकारी

ज्ञान भारतम पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान अंतर्गत जिले में प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों की खोज, दस्तावेजीकरण एवं डिजिटलीकरण कार्य किया जाएगा। अभियान अंतर्गत जिले के मंदिरों, मठों, आश्रमों, निजी ग्रंथालयों, पुस्तकालयों एवं शोध संस्थानों, सभी शासकीय/निजी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों ,छात्र-शोधार्थियों की सक्रिय भागीदारी एवं आम व्यक्तियों के पास उपलब्ध पांडुलिपियों को एकत्रित किया जाएगा। इस हेतु जिलेवासी सहयोगी बन सकते है। यदि किसी के पास में 100 वर्ष से अधिक पुराना कोई दस्तावेज हो तो उसकी छायाप्रति/छायाचित्र (फोटो) जिला कार्यालय की देवस्थान शाखा के लिपिक देवांश योगी सहायक वर्ग-3 मो. 9907423318 पर भेज सकते है। यह अभियान 15 जून तक संचालित है।

अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें कलेक्टर अध्यक्ष होंगे। समिति में सीईओ जिला पंचायत, एसडीएम, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय प्रतिनिधि, पुरातत्व/संग्रहालय विभाग प्रतिनिधि तथा जिला नोडल अधिकारी शामिल रहेंगे।

जिला स्तरीय समिति प्रत्येक 15 दिवस में अभियान की समीक्षा करेगी तथा प्रगति प्रतिवेदन संचालनालय पुरातत्व को भेजा जाएगा। आवश्यकता अनुसार विभागीय नोडल अधिकारियों से मार्गदर्शन एवं सहयोग भी प्राप्त किया जाएगा।

जिले के मंदिरों, मठों, आश्रमों, निजी ग्रंथालयों, पुस्तकालयों एवं शोध संस्थानों में उपलब्ध पांडुलिपियों का सर्वेक्षण कर जानकारी “ज्ञान भारतम’’ मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाएगी। अभियान के दौरान पांडुलिपि धारकों एवं संरक्षकों से संवाद स्थापित कर उन्हें अभियान के उद्देश्य एवं महत्व से अवगत कराया जाएगा।

==========

जिले के 7797 हैंडपंपों पर की गई कलर मार्किंग पानी की उपलब्धता और गुणवत्ता के आधार पर रंग निर्धारण

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले की ग्रामीण बसाहटों में स्थापित हैंडपंपों को पानी की उपलब्धता एवं गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग रंगों से चिन्हित किया जा रहा है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री एस.आर. जांगड़े ने बताया कि जिले के 1050 ग्रामों में कुल 9390 हैंडपंप स्थापित हैं, जिनमें से 7797 हैंडपंपों पर कलर मार्किंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि वर्षभर सुचारू रूप से चलने वाले हैंडपंपों को हरे रंग से चिन्हित किया जा रहा है, जिनकी संख्या 3772 है। रुक-रुक कर चलने वाले हैंडपंपों को पीले रंग से दर्शाया गया है, जिनकी संख्या 3816 है। वहीं गुणवत्ता प्रभावित एवं पीने योग्य नहीं पाए गए 209 हैंडपंपों पर लाल रंग किया गया है। शेष हैंडपंपों पर कलर मार्किंग का कार्य प्रगति पर है।

रतलाम विकासखंड में स्थापित 2656 हैंडपंपों में से 2238 पर रंग चिन्हांकन किया जा चुका है। इनमें 1005 वर्षभर चलने वाले हैंडपंपों को हरे रंग, 1188 रुक-रुक कर चलने वाले हैंडपंपों को पीले रंग तथा 45 गुणवत्ता प्रभावित हैंडपंपों को लाल रंग से चिन्हित किया गया है। सैलाना विकासखंड में कुल 1716 हैंडपंपों में से 1513 पर कलर मार्किंग की गई है। इनमें 912 वर्षभर चलने वाले, 585 रुक-रुक कर चलने वाले तथा 16 पीने योग्य नहीं हैंडपंप शामिल हैं। बाजना विकासखंड में 1775 हैंडपंपों में से 1448 पर कलर मार्किंग का कार्य पूर्ण हुआ है। इनमें 831 वर्षभर चलने वाले, 486 रुक-रुक कर चलने वाले तथा 131 पीने योग्य नहीं हैंडपंप हैं। जावरा विकासखंड में कुल 1476 हैंडपंपों में से 1173 पर रंग चिन्हांकन किया गया है। इनमें 362 वर्षभर चलने वाले, 805 रुक-रुक कर चलने वाले तथा 6 गुणवत्ता प्रभावित हैंडपंप शामिल हैं। पिपलोदा विकासखंड में कुल 745 हैंडपंपों में से 625 पर कलर मार्किंग की गई है। इनमें 287 वर्षभर चलने वाले, 332 रुक-रुक कर चलने वाले तथा 6 पीने योग्य नहीं हैंडपंप हैं। आलोट-ताल क्षेत्र में कुल 1022 हैंडपंपों में से 800 पर कलर मार्किंग का कार्य किया गया है। इनमें 375 वर्षभर चलने वाले, 420 रुक-रुक कर चलने वाले तथा 5 गुणवत्ता प्रभावित हैंडपंप शामिल हैं।

=========

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों की अनंतिम सूची जारी चयन सूची पर आपत्ति हेतु एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर कर सकेंगे आवेदन

प्रभारी परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास परियोजना रतलाम ग्रामीण क्र. 01 श्रीमती प्रियंका बैरागी ने बताया कि परियोजना रतलाम ग्रामीण 01 अन्तर्गत 03 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं 04 आंगनवाड़ी सहायिका के पदों हेतु 14 मई को अनंतिम सूची का प्रकाशन किया गया । जिस पर किसी उम्मीदवार को कोई आपत्ति दर्ज करायी जानी हो तो वह सात दिवस के भीतर एम.पी. आनलाईन द्वारा “चयन पोर्टल” URL( http://chayan.mponline.gov.in) के माध्यम कर सकते है। जारी सूची अनुसार आंगनवाड़ी केंद्र उणी, शिवपुर-02 एवं छत्री हेतु कार्यकर्ता पद तथा आंगनवाड़ी केंद्र उमरथाना, मुन्दड़ी-1, पिपलीपाडा एवं टिटोड़ीपाडा हेतु सहायिका पदों की अनंतिम सूची जारी की गई है।

==========

ग्राम धतुरिया में जल चौपाल आयोजित ग्रामीण पेयजल व्यवस्था का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशों के परिपालन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग उपखंड जावरा अंतर्गत विकासखंड जावरा, पिपलोदा एवं आलोट के ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने हेतु विभागीय अधिकारीयों एवं कर्मचारियों द्वारा निरंतर भ्रमण किया जा रहा है । इसी क्रम में आलोट विकासखंड के ग्राम पंचायत थूरिया के ग्राम धतुरिया में विशेष जल चौपाल का आयोजन किया गया । जिसमें कार्यपालन यंत्री श्री एस. आर. जांगड़े, सहायक यंत्री श्री इरफान अली, उपयंत्री श्री राहुल आर्य एवं अधीनस्थ विभागीय अमले द्वारा ग्राम के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणवासियों से चर्चा कर समस्त पेयजल स्त्रोतों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम धतुरिया की वर्तमान जनसंख्या लगभग 750 पाई गई तथा ग्राम में पेयजल व्यवस्था हेतु वर्तमान में 3 हैंडपंप तथा 5 नलकूपों पर सिंगलफेस पंप सहित कार्यरत है । इसके अतिरिक्त ग्रामवासियों द्वारा 2 शासकीय कूपो के माध्यम से भी पेयजल प्राप्त किया जा रहा है । वर्तमान में ग्राम में विशेष पेयजल समस्या नहीं है। इस अवसर पर ग्राम में प्रदाय किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता के परीक्षण हेतु फील्ड टेस्ट किट (एफटीके ) ग्राम पंचायत को प्रदान की गई ।

=======

अवैध मदिरा परिवहन पर आबकारी विभाग की कार्रवाई 57 बल्क लीटर शराब जब्त

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त डॉ शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी एस.एन. सिंगनाथ के नेतृत्व में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी है।

इसी क्रम में वृत जावरा प्रभारी एवं आबकारी उपनिरीक्षक संतोष मंडलोई को मुखबिर से सूचना मिली कि पल्सर बाइक क्रमांक एमपी 43 ईजे 0429 से सरसी रोड पर अवैध मदिरा का परिवहन किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने घेराबंदी कर बाइक को रोका। इस दौरान वाहन चालक के पीछे बैठा एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पंचों के समक्ष बाइक पर रखे दो काले कट्टों की तलाशी लेने पर 5 पेटी प्लेन मदिरा एवं 1 पेटी बोल्ट बीयर सहित कुल 57 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई।

जप्त मदिरा की अनुमानित किमत 25, 860 रुपए तथा वाहन की अनुमानित कीमत 80000 रुपए बताई गई है। वाहन चालक रणजीत सिंह पिता रामसिंह निवासी गड़गड़िया, जावरा जिला रतलाम द्वारा कोई वैध पास या परमिट प्रस्तुत नहीं किए जाने पर आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। कार्यवाही में आबकारी मुख्य आरक्षक ओमप्रकाश सावरिया एवं आबकारी आरक्षक प्रहलाद सिंह राठौर का योगदान रहा।

=====

असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को मिलेगी 3000 रुपये मासिक पेंशन सुविधा

सहायक श्रम पदाधिकारी श्री सुधीश कमल ने बताया प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (पीएमएसवायएम) भारत सरकार की महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना है। योजना के अंतर्गत 18 से 40 वर्ष आयु के ऐसे कर्मचारी पात्र होंगे जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये से कम हो, जो आयकर दाता न हों तथा कर्मचारी भविष्य निधि, राज्य कर्मचारी बीमा या राष्ट्रीय पेंशन योजना के सदस्य न हों।

योजना के तहत हितग्राहियों को आयु के अनुसार 55 रुपये से 200 रुपये तक मासिक अंशदान जमा करना होगा। हितग्राही द्वारा जमा की जाने वाली राशि के बराबर अंशदान केंद्र सरकार द्वारा भी जमा किया जाएगा। योजना में शामिल हितग्राहियों को 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 3000 रुपये प्रतिमाह की सुनिश्चित पेंशन प्रदान की जाएगी। हितग्राही की मृत्यु होने पर उसके पति या पत्नी को 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। जिले के सभी विभागों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों का प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन कराया जाएगा ताकि उन्हें भविष्य में वृद्धावस्था पेंशन का लाभ प्राप्त हो सके।

===============

महिला बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रामनिवास बुधौलिया तथा प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनीष सिंह द्वारा रतलाम शहर के वार्ड क्रमांक 10 सुयोग परिसर में टीकाकरण केंद्र का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गर्भवती माता एवं शिशुओं की ड्यू लिस्ट, टीकाकरण की स्थिति, शिशु और गर्भवती माता को दिए जा रहे पोषण आहार, कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र पर भर्ती करने, टीकाकरण के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल अनुसार सेवाएं प्रदान करने की विस्तार से मॉनिटरिंग की।

निरीक्षण के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वर्षा कुरील, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ गौरव बोरीवाल , सीडीपीओ रतलाम शहर, ए एन एम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शहरी आशा कार्यकर्ता उपस्थित थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}