गोरखपुर जेल में नई व्यवस्था लागू अब होगी सुबह 7:30 बजे से बंदियों से मुलाकात

गोरखपुर जेल में नई व्यवस्था लागू अब होगी सुबह 7:30 बजे से बंदियों से मुलाकात
गोरखपुर जिला कारागार में बंदियों से मुलाकात व्यवस्था को लेकर जेल प्रशासन ने बड़ा बदलाव किया है। अब परिजन सुबह के समय भी बंदियों से मुलाकात कर सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत मुलाकात प्रक्रिया सुबह 7:30 बजे से शुरू कर दी गई है, जबकि पहले यह व्यवस्था सुबह 11 बजे के बाद शुरू होती थी।जेल प्रशासन के अनुसार पुरानी व्यवस्था में बाहर से आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। मुलाकात के लिए लंबी कतारें लगती थीं और कई बार शाम तक भीड़ बनी रहती थी। ऐसे में परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।जेल अधीक्षक दिलीप पाण्डेय ने बताया कि प्रतिदिन 200 से अधिक बंदियों से मिलने करीब 500 लोग जेल पहुंचते हैं। बढ़ती भीड़ और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह की पाली में भी मुलाकात शुरू करने का फैसला लिया गया है।नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब मुलाकात प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है। इससे दूर-दराज से आने वाले परिजनों को राहत मिलेगी और जेल परिसर में भीड़ का दबाव भी कम होगा।


