राष्ट्रीय राजमार्ग के महत्वपूर्ण स्थानों पर साइनेज लगाना सुनिश्चित करें : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

लंबित सड़क निर्माण कार्यों पर लगेगी पेनल्टी, समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश
मंदसौर। सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक सुशासन भवन स्थित सभागृह में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने NHAI के अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के महत्वपूर्ण स्थानों पर अनिवार्य रूप से साइनेज लगाए जाएं। विशेष रूप से इंटरचेंज, रोड मर्जिंग पॉइंट एवं प्रमुख चौराहों पर स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं, ताकि यातायात सुगम एवं सुरक्षित रह सके। साथ ही कनेक्टिविटी का सत्यापन कर क्रॉस रोड विकसित करने तथा सभी स्थानों पर स्मूथ इंटरसेक्शन बनाने के निर्देश दिए, जिनका ढलान अधिक न हो।उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही किए जाएं तथा गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। रोड इंजीनियरिंग एवं डिजाइन में बिना अनुमति परिवर्तन न करने के निर्देश भी दिए गए। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।कलेक्टर ने NHAI को निर्देश दिए कि एंबुलेंस मूवमेंट को बेहतर बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मरीजों को समय पर सेवा उपलब्ध हो तथा एंबुलेंस निर्धारित समय में वापसी भी सुनिश्चित करे। साथ ही एंबुलेंस के साथ आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।अंडरपास में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वहां ड्रेनेज पाइपलाइन डालने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा के समय यातायात बाधित न हो।बैठक में पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई एवं एमपीआरडीसी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सब-डिवीजन स्तर पर प्रत्येक सड़क की प्रगति की जानकारी ली। वर्ष 2023-24 से लंबित कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि ऐसे कार्यों पर पेनल्टी लगाई जाए तथा जिम्मेदार एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो कार्य लंबे समय से विलंबित हैं, उनके लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। इसके अतिरिक्त सिपरी सॉफ्टवेयर के माध्यम से स्थल चिन्हित कर लोक कल्याण सरोवर निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
==========



