समाचार मध्यप्रदेश नीमच 05 मई 2026 मंगलवार

/////////////////////////
मनासा में देवस्थान की 82 करोड़ की शासकीय भूमि से हटाया अतिक्रमण
कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, पुलिस व नगर परिषद की संयुक्त कार्रवाई,0.770 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमण मुक्त
नीमच 04 मई 2026, मनासा में शासन संधारित देवस्थान की शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्यवाही प्रशासन द्वारा की गई।
कार्यवाही का विवरण: कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर के निर्देशानुसार सोमवार को मनासा क्षेत्र में स्थित मंदिर श्री बद्रीनारायण की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उपखण्ड मनासा सुश्री किरण आंजना एवं तहसीलदार मनासा श्री मुकेश निगम द्वारा की गई है।
भूमि का मूल्य: तह.मनासा श्री मुकेश निगम ने बताया कि उक्त भूमि का कुल रकबा 0.770 हेक्टेयर है। जिसका बाजार मूल्य लगभग 82 करोड़ रुपये एवं गाइड लाइन अनुसार लगभग 22 करोड़ रुपये आंका गया है।
संयुक्त दल द्वारा कार्रवाई: कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर पुलिस विभाग, नगर परिषद एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
कलेक्टर ने कहा, कि जिले में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमणकर्ताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
==================
बी.आर.सी.,बी.एस.सी.सहित जावद के जनशिक्षकों को नोटिस जारी
एक-एक वेतनवृद्धि रोकी
नीमच 04 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा पीएमश्री कस्मारिया का आकस्मिक निरीक्षण 15 अप्रेल 2026 को किया गया था। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बच्चों का शैक्षणिक स्तर बहुत ही न्यून पाया गया एवं शिक्षकों द्वारा शैक्षणिक स्तर में सुधार हेतु कोई प्रयास नही किये गये एवं संचालित विभागीय गतिविधियों के बारे में जानकारी भी नहीं होने से बीआरसीसी जावद श्री घनश्याम मेघवाल, बीएसी जावद श्री कमलेश बाडिका- एवं बीएसी जावद श्री अशोक कुमार सकवाडिया, जनशिक्षक श्री धीरज पाटीदार एवं जनशिक्षक शा.उ.मा.वि.रतनगढ श्री लक्ष्मीचंद सैनी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। जिसका जवाब संतोषप्रद नही होने से सभी संबंधितों की एक-एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने की कार्यवाही की गई है।यह जानकारी डी.पी.सी. नीमच श्री दिलीप व्यास ने दी है।
===================
मैरिज गार्डन व मांगलिक भवन संचालक सफाई-पार्किंग का रखें विशेष ध्यान, लापरवाही पर होगी सीलिंग की कार्रवाई : एसडीएम संजीव साहू
रात 10 बजे बाद डीजे प्रतिबंधित, अग्निशमन यंत्र व रजिस्ट्रेशन अनिवार्य;
निरीक्षण में गंदगी मिली तो लगेगा जुर्माना
नीमच, 04 मई 2026, नीमच शहर में संचालित निजी मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन व सामुदायिक भवनों के संचालकों की बैठक सोमवार को तहसील कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में एसडीएम श्री संजीव साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक के मुख्य बिंदु: बैठक में विवाह समारोह व अन्य आयोजनों के बाद होने वाली गंदगी, बदबू तथा पार्किंग की समस्या पर मुख्य रूप से चर्चा हुई।
एसडीएम की सख्त हिदायत: एसडीएम श्री साहू ने सभी मेरिज गार्डन, मांगलिक भवन संचालकों को पर्याप्त साफ-सफाई रखने व पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था रखने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान यदि कहीं भी गंदगी पाई गई अथवा पार्किंग व्यवस्था के अभाव में आवागमन प्रभावित होता पाया गया, तो संबंधित के विरुद्ध जुर्माना एवं मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन को सील करने जैसी सख्त कार्यवाही की जावेगी।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:
ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण: रात 10:00 बजे बाद ध्वनि विस्तार यंत्रों (डीजे) का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
अग्नि सुरक्षा: सभी मांगलिक भवनों में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए।
रजिस्ट्रेशन: मांगलिक भवन का नियमानुसार रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है।
नियमों का पालन: मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन संचालकों को शासन के सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपस्थित अधिकारी: बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया सहित नीमच शहर में संचालित विभिन्न मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन व सामुदायिक भवन के संचालक तथा स्वास्थ्य शाखा व राजस्व शाखा के कर्मचारी उपस्थित थे।
एसडीएम श्री साहू ने कहा, कि शहर की स्वच्छता एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
============
रात्रि चौपाल के लिए डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे नोडल अधिकारी नियुक्त
एसडीएम व जनपद सीईओ करेंगे व्यवस्था की मॉनिटरिंग
नीमच 04 मई 2026, जनसामान्य एवं ग्रामीणजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के तीनों विकासखण्डों में प्रतिमाह आयोजित की जा रही रात्रि चौपाल के सफल क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया हैं।
नोडल अधिकारी नियुक्त: रात्रि चौपाल की जिला स्तरीय व्यवस्थाओं एवं जानकारी के समन्वय हेतु श्री चंद्रसिंह धार्वे, डिप्टी कलेक्टर, नीमच को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
रात्रि चौपाल का उद्देश्य:जिले में प्रतिमाह आयोजित की जा रही रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करना तथा उन्हें शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए पात्रतानुसार लाभ दिलाना है।
व्यवस्था की जिम्मेदारी:आदेश में समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत को निर्देशित किया गया है, कि जिस उपखण्ड/विकासखण्ड क्षेत्र में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा, उसकी सम्पूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत की होगी। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।
==============
जावद में ‘सांवरिया धाम’ आवासीय कॉलोनी विकास की सशर्त अनुमति जारी
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने दी अनुमति
1.31 हेक्टेयर भूमि पर विकसित होगी कॉलोनी, 33 भूखंड नगर परिषद के पास बंधक
नीमच 04 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा मध्यप्रदेश नगरपालिका (कॉलोनी विकास) नियम 2001 के तहत कस्बा जावद स्थित भूमि पर आवासीय कॉलोनी ‘सांवरिया धाम’ को विकसित करने की सशर्त अनुमति जारी की गई है।
भूमि का विवरण: यह अनुमति कस्बा जावद स्थित निम्नलिखित सर्वे नंबरो की भूमि पर दी गई है: सर्वे नं. 2083/1/2 रकबा 0.403 हेक्टेयर., सर्वे नं. 2083/4 रकबा 0.439 हेक्टेयर, सर्वे नं. 2083/2/3 रकबा 0.277 हेक्टेयर, सर्वे नं. 2083/5/6/2 रकबा 0.099 हेक्टेयर, सर्वे नं. 2101/3/1 रकबा 0.0922 हेक्टेयर कुल रकबा 1.479 हेक्टेयर में से रकबा 1.3102 हेक्टेयर. भूमि पर आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी।
बंधक भूखंडों की शर्त: कलेक्टर द्वारा कॉलोनी ‘सांवरिया धाम’ के भूखण्ड क्रं. 2, 3 तथा 9 से लगायत 18, 21 से लगायत 28, 32 से लगायत 38, 41 से लगायत 45 एवं 48 कुल 33 भूखण्ड, जिनका कुल क्षेत्रफल 4040.56 वर्ग मीटर है, नगर परिषद जावद के पास बंधक रखे गए हैं।
विक्रय पर रोक: आदेशानुसार उक्त बंधक रखे गए भूखण्डों का किसी भी प्रकार से कलेक्टर की अनुमति के बिना विक्रय नहीं किया जा सकेगा। कॉलोनी विकासकर्ता को सभी शर्तों एवं म.प्र. कॉलोनी विकास नियम 2001 के प्रावधानों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्पष्ट किया है कि शर्तों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
===============
कलेक्टोरेट में सामुहिक राष्ट्रगॉन एवं वन्दे मातरम का गायन
नीमच 04 मई 2026, कलेक्टर कार्यालय नीमच में सोमवार को सामुहिक राष्ट्रगॉन एवं वंदेमातरम का गायन किया गया। राष्ट्रगॉन, म.प्र.गान एवं वन्देमातरम का गायन एडीएम श्री बी.एस.कलेश एवं जिला अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में हुआ।
इस मौके पर कलेक्टोरेट परिसर स्थित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामुहिक रूप से राष्ट्रगॉन, वंदे मातरम एवं म.प्र.गॉन का गायन किया। तदपश्चात मई माह में शासकीय कार्यो की शुरूआत की गई।
इस अवसर पर कलेक्टोरेट, राजस्व, भू-अभिलेख, श्रम, सहकारिता विभाग, शिक्षा, कोषालय, जनसंपर्क कार्यालय, शहरी विकास अभिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।
============
चार लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत
नीमच 04 मई 2026, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उपखण्ड मनासा श्रीमती किरण आंजना द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत एक पीडित परिवार को तालाब के पानी में डूबने से मृत्यु हो जाने पर 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। एसडीएम मनासा द्वारा जमुनियारावजी निवासी गुलाबसिह पिता हिम्मतसिह झाला की पानी में डूबने से मृत्यु हो जाने पर मृतक की वारिस पत्नि पप्पुकुंवर बेवा गुलाबसिह झाला को चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। तहसीलदार मनासा द्वारा आर्थिक सहायता का प्रकरण तैयार कर स्वीकृति के लिए एसडीएम मनासा को प्रस्तुत किया गया था।
=================
उपार्जन केंद्रों पर हम्माल बढ़ाएं, 6 मई तक गेहूं का परिवहन सुनिश्चित करें: श्री चंद्रा
समर्थन मूल्य खरीदी की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश,
सभी केंद्रों पर न्यूनतम 6 तौल कांटे लगाने के आदेश
नीमच 04 मई 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उपार्जन केंद्रों के नोडल अधिकारियों और उपार्जन से जुड़े विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव व सभी एसडीएम उपस्थित थे।
केंद्रवार समीक्षा: बैठक में कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रवार खरीदी, उपार्जित गेहूं, परिवहन किए गए गेहूं व केंद्रों पर परिवहन से शेष गेहूं की मात्रा, परिवहन व्यवस्था तथा किसानों को भुगतान की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
कलेक्टर के प्रमुख निर्देश: तत्काल परिवहन: सभी उपार्जन केंद्रों पर परिवहन के लिए शेष उपज का तत्काल परिवहन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए और जरूरत के हिसाब से छोटे वाहन व ट्रक का भी उपयोग किया जाए।
शत प्रतिशत परिवहन सुनिश्चित करें – सभी केंद्रों पर परिवहन से शेष गेहूं का परिवहन 06 मई 2026 के पूर्व अनिवार्य रूप से पूरा करें। सभी केंद्रों से अधिकतम 3 दिन में उपज परिवहन कर वेयर हाउस में भण्डारित कर दी जाए।
हम्मालों की संख्या बढ़ाएं: जिले के सभी उपार्जन केंद्रों पर हम्मालों की संख्या तत्काल बढ़ाई जाए। एसडीएम को निर्देश दिए कि वे मण्डी से अतिरिक्त हम्मालों की व्यवस्था खरीदी केंद्रों पर करें।
तौल कांटे की व्यवस्था: सभी उपार्जन केंद्रों पर उपज तौल के लिए कम से कम छह तौल कांटों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो।भ्रमण एवं मॉनिटरिंग: कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों व प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी केंद्र से उपार्जन कार्य संबंधी कोई समस्या न रहे। सभी अधिकारी उपार्जन केंद्रों का भ्रमण कर सुव्यवस्थित उपार्जन की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि किसानों को भुगतान एवं उपज के परिवहन में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
===================
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ,टामोटी में मंगलवार को लगाएंगे रात्रि चौपाल,
ग्रामीणों की समस्याओं का करेंगे मौके पर समाधान
अ.ज.जा. बाहुल्य ग्राम टामोटी में दूसरी रात्रि चौपाल, सभी विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
नीमच, 04 मई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा जिले में आयोजित की जा रही रात्रि चौपाल के क्रम में मंगलवार, 05 मई 2026 को नीमच जिले के कुकडेश्वर टप्पा के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य ग्राम टामोटी में रात्रि चौपाल आयोजित की जा रही है।
दूसरी रात्रि चौपाल: जिले में आयोजित की जा रही यह दूसरी रात्रि चौपाल है। इससे पूर्व पहली रात्रि चौपाल 23 अप्रैल 2026 को ग्राम कोज्या में आयोजित की गई थी।
टामोटी में आयोजित इस रात्रि चौपाल में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू होंगे और उनका मौके पर ही समाधान करेंगे।
रवाना होने का कार्यक्रम: कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं सभी जिला अधिकारी मंगलवार को अपरान्ह 3:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होंगे और अपरान्ह 4 बजे एक साथ एक ही यात्री बस से टामोटी के लिए रवाना होंगे।
एसडीएम की अपील: एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना ने क्षेत्र के ग्रामीणों से इस रात्रि चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखने और शासन की योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया है। रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ अंचलों में निवासरत ग्रामीणों की समस्याओं का उनके गांव में ही निराकरण करना तथा शासकीय योजनाओं की जानकरी देना है।
=========



