कलेक्टर ने ग्राम कुरावन पहुंचकर रात्रि में चौपाल पर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कलेक्टर ने ग्राम कुरावन पहुंचकर रात्रि में चौपाल पर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
मंदसौर। जिले के सुदूर ग्राम कुरावन में आंगनवाड़ी भवन परिसर में आयोजित रात्रि चौपाल में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने ग्रामीणों के बीच बिछात पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे।कलेक्टर ने चौपाल के दौरान एक-एक ग्रामीण से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्राम में सकारात्मक वातावरण और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्थानीय समस्याओं के निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है।चौपाल में ग्रामीणों द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ करने, नवीन पंचायत भवन निर्माण, सड़कों की मरम्मत, नाली निर्माण, बिजली व्यवस्था सुधार, राजस्व ग्राम घोषित करने, बैंक सुविधा उपलब्ध कराने, स्व-सहायता समूहों को रोजगार से जोड़ने तथा सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन जैसी विभिन्न मांगें रखी गईं। कलेक्टर ने सभी समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से भी चर्चा की और टेक होम राशन का नियमित वितरण सुनिश्चित करने, कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें एनआरसी में भर्ती कर उपचार कराने तथा आगामी 7 दिनों में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में आसपास के ग्रामों के आम नागरिक, बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं-पुरुष उपस्थित रहे।
===========



