आईजी गौरव राजपूत की पहल सभी थानों में 28 अप्रैल को लगेगी जन चौपाल, जनता की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

आईजी गौरव राजपूत की पहल सभी थानों में 28 अप्रैल को लगेगी जन चौपाल, जनता की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण
रीवा पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करने और अपराध मुक्त समाज की स्थापना के उद्देश्य से रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री गौरव राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष पहल जन चौपाल आपकी पुलिस आपके द्वार का आयोजन किया जा रहा है।यह कार्यक्रम 28 अप्रैल 2026 को समय 4:00 बजे से 6:00 बजे तक रीवा संभाग के रीवा, मऊगंज, सीधी, सतना, मैहर जिले के सभी थाना और चौकियों में एक साथ आयोजित किया जाएगा।
जन चौपाल के प्रमुख उद्देश्य एवं चर्चा के बिंदु
आईजी श्री गौरव राजपूत के निर्देशन में आयोजित इस जन चौपाल में पुलिस अधिकारी सीधे जनता से संवाद करेंगे। संवाद के मुख्य बिंदु अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, विशेषकर कोरेक्स एवं अन्य प्रतिबंधित नशीली दवाओं के व्यापार पर पूर्ण अंकुश लगाने हेतु जनता से सहयोग की अपील और जानकारी प्राप्त करना।डिजिटल युग में बढ़ते साइबर फ्रॉड के प्रति लोगों को जागरूक करना, ठगी से बचने के उपाय बताना और संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्टिंग के बारे में शिक्षित करना।महिलाओं के खिलाफ होने वाले अत्याचारों, उत्पीड़न और घरेलू हिंसा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। महिलाओं को उनकी सुरक्षा हेतु बने कानूनों और ‘हेल्पलाइन नंबर्स की जानकारी दी जाएगी ताकि वे निडर होकर अपनी बात रख सकें।स्थानीय स्तर पर लंबित शिकायतों और थाना स्तरीय समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
आईजी गौरव राजपूत की आम जनता से अपील
रीवा रेंज के आईजी श्री गौरव राजपूत ने संभाग की समस्त जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने संबंधित थानों और चौकियों में पहुँचें।उन्होंने कहा यह पहल जनता को पुलिस के और करीब लाने के लिए है।हम चाहते हैं कि नागरिक अपनी समस्याएँ बिना किसी झिझक के हमारे साथ साझा करें, ताकि हम एक सुरक्षित और अपराध मुक्त संभाग का निर्माण कर सकें।इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन का लक्ष्य न केवल अपराधों पर नियंत्रण पाना है, बल्कि सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करना भी है।


