सुरक्षा जागरूकता अभियान नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया सचेत

सुरक्षा जागरूकता अभियान नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया सचेत
गोरखपुर पीपीगंज पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. शिल्पी कनौजिया के निर्देशन में पीपीगंज–मानीराम रेलवे स्टेशनों के मध्य समपार संख्या 14 एवं 13 पर व्यापक सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों और सड़क उपयोगकर्ताओं को रेलवे सुरक्षा के प्रति सचेत किया गया। नुक्कड़ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को रेलवे ट्रैक एवं यार्ड के आसपास झाड़ियों, सूखी घास, पराली या कूड़ा न जलाने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही, निर्धारित स्थानों से ही रेलवे लाइन पार करने, ट्रैक पर जानवरों को न ले जाने तथा आसपास की बस्तियों में चूल्हा, अंगीठी, स्टोव या गैस सिलेंडर का उपयोग अत्यंत सावधानीपूर्वक करने की सलाह दी गई।इसके अतिरिक्त, ट्रैक के आसपास पटाखों, विस्फोटक या किसी भी ज्वलनशील पदार्थ का भंडारण न करने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी को रेलवे क्षेत्र में आग लगने की जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत नजदीकी रेलवे स्टेशन, आरपीएफ/जीआरपी थाना या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।अभियान के दौरान 500 से 600 सुरक्षा पोस्टर (पंपलेट) वितरित किए गए। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि रेलवे ट्रैक या संपत्ति के आसपास आग लगाने या ऐसा करते पाए जाने पर रेलवे एक्ट की धारा 151 के तहत पांच वर्ष तक की सजा या जुर्माना हो सकता है।इस अवसर पर संरक्षा सलाहकार, इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल नकहा के निरीक्षक अमरनाथ, उप निरीक्षक शिवशरण व एसआई छविनाथ यादव सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।


