बिजली विभाग की लापरवाही से ‘भूतिया बाग’ अंधेरे में, बिल जमा करने के बाद भी ग्रामीण परेशान

बिजली विभाग की लापरवाही से ‘भूतिया बाग’ अंधेरे में, बिल जमा करने के बाद भी ग्रामीण परेशान
गरोठ। भीषण गर्मी के दौर में जहां बिजली की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, वहीं गरोठ क्षेत्र के देथली बुजुर्ग स्थित भूतिया बाग में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं, कि बिजली कनेक्शन भुगतान के बावजूद पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने मार्च माह में लगभग दो लाख रुपए बिजली विभाग में जमा कराए थे, और शेष राशि भी जल्द जमा कराने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद विभाग द्वारा न तो डिंपी/ ट्रांसफॉर्मर संबंधी कार्य) स्थापित किए गए और उल्टा बिजली सप्लाई ही काट दी गई। अब विभाग द्वारा यह कहा जा रहा है, कि पूर्ण भुगतान के बाद ही डिंपी लगाई जाएगी, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
भीषण गर्मी में बिजली के अभाव के कारण ग्रामीणों को रातें अंधेरे में गुजारनी पड़ रही हैं। पानी की व्यवस्था, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है, कि उन्होंने समय पर सहयोग किया, फिर भी उन्हें बुनियादी सुविधा से वंचित रखा जा रहा है।
इस मामले में ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष अजय गौड़ खड़ावदा ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की मनमानी के कारण ग्रामीण सदमे और परेशानी में हैं। प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है, कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



