
नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, सोशल मीडिया पर लिखा अब नई सरकार राज्य का काम देखेगी
बिहार – मंगलवार को नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा।
इसके साथ ही राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत तय मानी जा रही है।
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अब नई सरकार राज्य का काम देखेगी और उन्हें पूरा सहयोग रहेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार आगे भी तेजी से विकास करेगा। इससे पहले कैबिनेट की आखिरी बैठक में भी उन्होंने कहा कि 2005 से अब तक उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई और आगे भी नई सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे।
उधर, बिहार के नए मुख्यमंत्री को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो गई है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है और शाम 4 बजे के बाद उनके नाम का औपचारिक ऐलान हो सकता है। इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सम्राट चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे थे, जिससे सत्ता परिवर्तन के संकेत और मजबूत हो गए हैं।
==========



