महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र और सीसार्क आगरा की संयुक्त पहल, पराली जलाने के बजाय खेत में उपयोग करने पर दिया गया जोर

महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र और सीसार्क आगरा की संयुक्त पहल, पराली जलाने के बजाय खेत में उपयोग करने पर दिया गया जोर
गोरखपुर धान की पराली जलाने की समस्या से निजात दिलाने और किसानों को कम लागत वाली आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र, चौकमाफी, गोरखपुर एवं अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र-दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (सीसार्क), आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आलू की खेती का प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें धान की पराली का उपयोग करते हुए बिना जुताई आलू की खेती की तकनीक का पारंपरिक जुताई विधि से तुलनात्मक प्रदर्शन किया गया।कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आयोजित इस प्रदर्शन की बुवाई 17 नवंबर 2026 को की गई थी। इसमें खेती की दो विधियां अपनाई गईं। पहली विधि में बिना खेत की जुताई किए धान की पराली से खेत को ढककर आलू की बुवाई की गई। इसमें कतार से कतार की दूरी 50 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 20 सेंटीमीटर रखी गई। वहीं दूसरी विधि में पारंपरिक तरीके से खेत की जुताई कर आलू की खेती की गई, जिसमें कतार से कतार की दूरी 60 सेंटीमीटर तथा पौधे से पौधे की दूरी 20 सेंटीमीटर रखी गई। प्रदर्शन में आलू की तीन उन्नत किस्मों कुफरी उदय, कुफरी पुखराज एवं कुफरी बहार का प्रयोग किया गया।कार्यक्रम में सीसार्क, आगरा के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने बताया कि बिना जुताई एवं पराली मल्च विधि से आलू की खेती करने पर खेत की जुताई का खर्च बचता है। साथ ही मिट्टी में नमी बनी रहती है, खरपतवारों की समस्या कम होती है और पराली के सड़ने से मिट्टी की उर्वरता में भी वृद्धि होती है। यह तकनीक विशेष रूप से छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है।पूर्व औषधि महानियंत्रक एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. जी.एन. सिंह ने कहा कि इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य धान की पराली को जलाने के बजाय खेत में ही उपयोग करके आलू की उन्नत खेती को प्रोत्साहित करना है।यूपीएग्रीज़ परियोजना के प्रोजेक्ट लीडर डॉ. विक्रम पाटिल ने बताया कि विश्व बैंक पोषित यूपीएग्रीज़ परियोजना के अंतर्गत पूर्वी उत्तर प्रदेश में जलवायु अनुकूल एवं कम लागत वाली कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिल सके।विश्व बैंक की कम्युनिकेशन स्पेशलिस्ट शिल्पा बनर्जी ने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील करते हुए कहा कि पराली जलाना पर्यावरण के साथ-साथ किसानों के स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक है। पराली का उचित उपयोग टिकाऊ खेती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर आईआरआरआई (इरी) के वैज्ञानिक डॉ. सौरभ बडोनी, डॉ. अजय कुमार पुंडीर एवं डॉ. देव नारायण यादव ने धान-आलू फसल प्रणाली, पराली प्रबंधन और मृदा स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र के उद्यान वैज्ञानिक डॉ. अजीत कुमार श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र पर आयोजित इस तरह के प्रदर्शन किसानों को नई कृषि तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देखने, समझने और अपनाने का अवसर प्रदान करते हैं।कार्यक्रम में केंद्र के पशुपालन वैज्ञानिक डॉ. विवेक प्रताप सिंह, गृह वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह, जितेंद्र सिंह एवं गौरव सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


