
एयरगन साफ करते 155 वोट से जीतीं महिला सरपंच की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
नागौर: मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत टुंकलिया में मंगलवार दोपहर उस वक्त कोहराम मच गया, जब हाल ही में सरपंच चुनी गईं शैलू राजपुरोहित (56) की संदिग्ध हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने घर पर एयरगन साफ कर रही थीं, तभी अचानक ट्रिगर दबने से फायर हो गया और छर्रे सीधे उनके सीने में जा लगे।
परिजन गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए जोधपुर ले जा रहे थे, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पड़ोस की शादी में पसरा सन्नाटा:–
पुलिस के मुताबिक, शैलू राजपुरोहित के पड़ोस में ही शादी का कार्यक्रम चल रहा था। नवनिर्वाचित सरपंच की मौत की खबर जैसे ही पहुंची, शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
155 वोटों से दर्ज की थी जीत;-
गोटन SHO सुमन चौधरी ने बताया कि शैलू राजपुरोहित हाल ही में संपन्न पंचायत चुनाव में टुंकलिया ग्राम पंचायत से सरपंच निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने कड़े मुकाबले में अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुमन को 155 वोटों से हराया था, जिन्हें 1073 वोट मिले थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं—एक मेडिकल लाइन में कार्यरत है और दूसरा मावे का व्यापार करता है। फिलहाल पुलिस ने शव को गोटन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है



