देवझुलनी ग्यारस पर निकला भव्य चल समारोह, गुराडिया प्रताप में सर्वसमाज ने एकता, एवं सद्भावना का दिया संदेश

देवझुलनी ग्यारस पर निकला भव्य चल समारोह, गुराडिया प्रताप में सर्वसमाज ने एकता, एवं सद्भावना का दिया संदेश
पंकज बैरागी
सुवासरा । तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुराडिया प्रताप में प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी देवझुलनी ग्यारस का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सर्वसमाज के समाजजनों ने एकता, शांति एवं सद्भावना का परिचय देते हुए देवझुलनी ग्यारस पर भव्य चल समारोह निकाला।
चल समारोह में बैंड-बाजे एवं ढोल-नगाड़ों के साथ बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। मातृशक्तियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ भगवान के विमान के साथ चल समारोह में शामिल हुए।
गुराडिया प्रताप के विभिन्न मार्गों से होते हुए चल समारोह निकाला गया। गांव के बाहर पहुंचने पर सभी समाजजनों ने एकजुट होकर भगवान की पूजा-अर्चना की तथा विधि-विधान से धार्मिक कार्यक्रम संपन्न किए। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।
आयोजन में सर्वसमाज के समाजजनों एवं मातृशक्तियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। देवझुलनी ग्यारस का यह आयोजन ग्राम में आपसी भाईचारे, एकता एवं सामाजिक सद्भावना का संदेश देता नजर आया।



