सुवासरा में गणेश उत्सव की धूम, चिंताहरण गणेश मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर पूजा-अर्चना, महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन

सुवासरा में गणेश उत्सव की धूम, चिंताहरण गणेश मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर पूजा-अर्चना, महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन
पंकज बैरागी,
सुवासरा। नगर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर गणेश उत्सव बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। स्थानीय गणपति चौराहा स्थित श्री चिंताहरण गणेश मंदिर में रिद्धि-सिद्धि विनायक के पूजन-अर्चन के साथ प्रतिदिन धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं आरती की जा रही है।
इसी प्रकार सुवासरा नगर के विभिन्न स्थानों पर भी गणेश उत्सव की धूम देखने को मिल रही है। स्थानीय चांदनी चौक चौराहा, तहसील रोड, कन्या प्राथमिक विद्यालय के पास, पुराना बस स्टैंड, ओल्ड पलासिया स्थित रिद्धि-सिद्धि विनायक के दाता गजानंद गणेश मंदिर सहित अन्य स्थानों पर प्रतिदिन विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना, महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जा रहा है।
वहीं स्थानीय अस्पताल रोड स्थित पुराने बजाज शोरूम के पास भी गणेश उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसके अलावा पोरवाल पंचायत भवन के पास तथा विधायक कार्यालय के समीप भी गणेश उत्सव उमंग एवं उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। इन धार्मिक आयोजनों में वार्डवासियों एवं मातृशक्तियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिल रही है।
मारुति नगर में भी प्रतिदिन हो रही गणेश आराधना
वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद निशा महेश धनोतिया ने बताया कि मारुति नगर में भी प्रतिदिन भगवान गणेश की आराधना की जा रही है। वार्डवासियों एवं मातृशक्तियों द्वारा विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं महाआरती की जाती है। धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर क्षेत्रवासी धर्म एवं आध्यात्मिक जागृति का परिचय दे रहे हैं तथा अपने जीवन को सार्थक बनाने में योगदान दे रहे हैं।
नगर में विभिन्न स्थानों पर गणेश उत्सव के आयोजन से धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव एवं धर्म जागृति का संदेश देते हैं। समय-समय पर ऐसे धार्मिक आयोजन होते रहना नगर के लिए गौरव का विषय है।



