समाचार मध्यप्रदेश नीमच 23 सितंबर 2026 बुधवार

सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 सितंबर को टाउन हॉल में होगी समन्वित कृषि विकास कार्यशाला
कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की आधुनिक तकनीकों, योजनाओं और आयवर्धन के अवसरों पर किसानों को मिलेगा मार्गदर्शन
नीमच, 22 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 23 सितंबर को टाउन हॉल, दशहरा मैदान नीमच में समन्वित कृषि विकास कार्यशाला-सह-सेमिनार आयोजित किया जाएगा। कार्यशाला में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता एवं कृषि अभियांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक तकनीकों, शासकीय योजनाओं तथा उत्पादन एवं आय बढ़ाने के अवसरों की जानकारी देंगे। कार्यशाला में विभिन्न किसान सहभागिता निभाएंगे।
कार्यशाला में रबी फसलों में संतुलित पोषण एवं कीट-व्याधि प्रबंधन, मिलेट फसलों की उत्पादन तकनीक, मूल्य संवर्धन एवं ब्रांडिंग तथा मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में फसल प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। ई-विकास प्रणाली के तहत उर्वरक वितरण की प्रक्रिया से भी किसानों को अवगत कराया जाएगा।
उद्यानिकी विभाग द्वारा जिले में उद्यानिकी फसलों की संभावनाओं, क्षेत्र विस्तार तथा मूल्य संवर्धन एवं ब्रांडिंग पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। पशुपालन विभाग द्वारा पशु रोग, टीकाकरण, पशु पोषण एवं नस्ल सुधार तथा मत्स्य विभाग द्वारा जिले में मत्स्य पालन की संभावनाओं एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सहकारिता विभाग द्वारा फसल ऋण मान एवं ऋण वितरण तथा कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग एवं विस्तार की जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला में प्रगतिशील किसानों के अनुभव एवं सफलता की कहानियां भी साझा की जाएंगी। साथ ही चयनित किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्राप्त लाभ की जानकारी साझा करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम स्थल पर विभागीय योजनाओं एवं कृषि तकनीकों से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे किसानों का पंजीयन एवं आगमन होगा। दोपहर 12:10 बजे दीप प्रज्वलन के साथ कार्यशाला का शुभारंभ होगा। दोपहर 1 बजे प्रगतिशील किसानों के अनुभव साझा किए जाएंगे तथा 1:15 बजे हितलाभ वितरण किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से विभिन्न विभागों के तकनीकी सत्र होंगे। इसके बाद किसानों के साथ संवाद होगा और शाम 3:55 बजे आभार प्रदर्शन के साथ कार्यशाला का समापन होगा।
–00–
आरबीएसके के तहत राजवीर की कटे होंठ एवं फटे तालु की निःशुल्क सर्जरी
आरबीएसके के तहत 1.31 लाख बच्चों की स्वास्थ्य जांच, 14,339 का उपचार और 878 सर्जरी निःशुल्क
नीमच, 22 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में आरबीएसके के प्रभावी क्रियान्वयन से बच्चों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं एवं विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अप्रैल 2025 से अगस्त 2026 तक नीमच जिले में 1,31,938 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 14,339 बच्चों का उपचार कराया गया। इसी अवधि में विभिन्न बीमारियों एवं जन्मजात विकृतियों से संबंधित 878 सर्जरी आरबीएसके के अंतर्गत निःशुल्क कराई गईं। इसी क्रम में ग्राम पिपलोन निवासी 3 वर्षीय राजवीर, पिता श्री नितेश मेघवाल की कटे होंठ एवं फटे तालु की सर्जरी लाहोटी हॉस्पिटल, भोपाल में निःशुल्क कराई गई।
आरबीएसके टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान राजवीर की समस्या की पहचान की गई। आवश्यक जांच एवं प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे विशेषज्ञ उपचार के लिए भोपाल भेजा गया, जहां आरबीएसके के अंतर्गत उसकी सर्जरी निःशुल्क की गई। उपचार के बाद राजवीर को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं फॉलोअप की सुविधा भी दी जा रही है।
राजवीर के पिता श्री नितेश मेघवाल ने बताया कि उनके बच्चे को जन्म से ही कटे होंठ एवं फटे तालु की समस्या थी। उन्होंने कहा कि आरबीएसके टीम द्वारा बच्चे की समस्या की पहचान कर उसका उपचार कराने में सहयोग किया गया। लाहोटी हॉस्पिटल, भोपाल में बच्चे की सर्जरी पूरी तरह निःशुल्क हुई, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।
श्री नितेश मेघवाल ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आरबीएसके जैसी योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को विशेषज्ञ उपचार निःशुल्क मिल रहा है। उन्होंने शासन एवं जिला प्रशासन का भी इस सुविधा के लिए आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य जांच की जाती है। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान उपचार की आवश्यकता वाले बच्चों को चिन्हित कर उन्हें आवश्यकतानुसार शासकीय एवं मान्यता प्राप्त चिकित्सालयों में निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
–00–
अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम 23 सितंबर को
नीमच, 22 सितंबर 2026। अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन रेडक्रॉस परिसर, जिला अस्पताल के सामने, नीमच में दोपहर 2 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सांकेतिक भाषा के महत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बधिर एवं श्रवण बाधित व्यक्तियों के मानव अधिकारों तथा संवाद के अधिकार के प्रति समाज को जागरूक करना है।
कार्यक्रम में दिव्यांगजनों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए चित्रकला, एकल नृत्य, समूह नृत्य, गायन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक दिव्यांगजन मोबाइल नंबर 8103115531 पर संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच द्वारा कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागी दिव्यांगजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। जिला प्रशासन ने इच्छुक दिव्यांगजनों से कार्यक्रम में सहभागिता कर सांकेतिक भाषा के महत्व और समावेशी समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की है।
–00–
कलेक्टर श्री चंद्रा ने जनसुनवाई में सुनीं 89 आवेदकों की समस्याएं
आवेदनों का संवेदनशीलता, प्राथमिकता और समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश
नीमच, 22 सितंबर 2026। कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 89 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर संवेदनशीलता, प्राथमिकता एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए तथा पात्र आवेदकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाए। जिला स्तर पर निराकरण योग्य प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई कर आवेदकों को राहत पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई में फसल बीमा, त्वरित उपचार, आवास, भूमि एवं अतिक्रमण, पट्टा, राजस्व अभिलेख, नामांतरण, बंटवारा, पशुपालन ऋण एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए।
आवेदकों में निरज पटवा ने नामांतरण आदेश प्रदान करने, शैलेन्द्र सिंह ने मकान का नामांतरण प्रमाण-पत्र जारी करने एवं रिकॉर्ड में नाम सुधारने, श्रीमती शारदा बाई ने रास्ता खुलवाने, नागेश्वर, बद्रीलाल एवं शंभूलाल ने ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट कर पट्टा दिलाने, श्रीमती कलाबाई एवं संगीता ने अभिलेख दुरुस्ती, बद्रीलाल भाम्बी ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, गोपाल मेघवाल ने शासकीय नाले से अतिक्रमण हटाने तथा बंशीलाल पाटीदार ने कृषि भूमि के रास्ते से अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। वहीं श्रीमती संगीता मालवीय ने पशुपालन के लिए ऋण दिलाने तथा अन्य आवेदकों ने भूमि संबंधी समस्याओं, पक्की नाली निर्माण, विद्युत पोल लगाने एवं त्वरित उपचार जैसी समस्याओं के निराकरण का अनुरोध किया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी एवं परिणाममूलक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। कलेक्टर श्री चंद्रा द्वारा प्राप्त आवेदनों के निराकरण की निरंतर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, श्रीमती मयूरी जोक, श्रीमती श्रुति भायडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
–00–
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिले में पोषण जागरूकता एवं आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर आयोजित
आंगनवाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली की दी गई जानकारी
नीमच, 22 सितंबर 2026। नवम राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत जिले में आयुष विभाग द्वारा विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों, टीकाकरण केंद्रों एवं विद्यालयों में पोषण जागरूकता कार्यक्रम तथा आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं, बच्चों एवं विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, आहार विविधता, प्रोटीन युक्त भोजन, स्तनपान तथा स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई।
शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपलियारावजी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2, बर्डिया जागीर में आयोजित कार्यक्रम में “त्योहारों एवं उत्सवों में आंगनवाड़ी केंद्रों पर भोज का आयोजन” थीम के तहत ताजा, विविधतापूर्ण, पौष्टिक, गर्म एवं सुपाच्य भोजन के महत्व की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं किशोरी बालिकाओं को विशेष रूप से पोषण, स्तनपान एवं लैक्टेशन के दौरान संतुलित आहार के महत्व के बारे में बताया गया। स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न रोगों के संबंध में परीक्षण एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श के साथ निःशुल्क बीपी जांच तथा आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में 39 लाभार्थी शामिल हुए।
इसी क्रम में शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय कुंडला द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में पोषण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. बबीता जमरा एवं सोनियां मालवीय ने सेवाएं दीं। शिविर में 45 लाभार्थियों ने लाभ लिया। शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय मनासा द्वारा टीकाकरण केंद्र मनासा में आयोजित पोषण जागरूकता कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को आहार विविधता एवं प्रोटीन युक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 44 लाभार्थी शामिल हुए। यहां डॉ. मदनलाल पाटीदार एवं सुशीला खिंचावत ने सेवाएं दीं।
शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय अंबा परलाई द्वारा ग्राम परलाई के आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित पोषण शिविर में डॉ. रोहित जाधव एवं हेमंत व्यास ने सेवाएं दीं, जिसमें 40 लाभार्थी उपस्थित रहे। कदवासा के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में आयोजित शिविर में डॉ. विजय सोलंकी एवं भंवरलाल खराड़ी ने सेवाएं दीं तथा 40 लाभार्थियों ने लाभ लिया। शासकीय आयुष औषधालय जमुनिया कलां द्वारा ग्राम दलावदा के आंगनवाड़ी केंद्र में आयुर्वेद रोग निदान एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. विमला पाटीदार एवं भावना बैरागी ने सेवाएं दीं और 45 लाभार्थी लाभान्वित हुए।
इसके अलावा शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय हरवार द्वारा माध्यमिक विद्यालय हरवार में विद्यार्थियों को सुपोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। शिविर में डॉ. नीरज भाटी ने सेवाएं दीं। शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय जनकपुर द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जनकपुर में छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई, जिसमें डॉ. नाथूसिंह मौर्य ने सेवाएं प्रदान कीं।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से पोषण, आहार विविधता, प्रोटीन युक्त भोजन, स्तनपान, स्वच्छ एवं संतुलित आहार तथा आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली के प्रति आमजन को जागरूक किया गया।
–00–
जमीन विवाद के कारण मारपीट कर हाथ तोड़ने वाले 5 आरोपीयों को 02-02 वर्ष का सश्रम कारावास
रामपुरा। प्रथम श्रेणी, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री रौनक पाटीदार, श्रँखला न्यायालय, रामपुरा, जिला-नीमच द्वारा जमीन विवाद के कारण कुल्हाड़ी, लकड़ी एवं लातघूंसों से मारपीट कर आहत गोपाल का हाथ तोड़ने वाले एक महिला सहित कुल 05 आरोपीगण (1) रामनारायण पिता नानालाल गुर्जर, उम्र-67 वर्ष, (2) दशरथ पिता देवराम गुर्जर, उम्र-31 वर्ष, (3) लालाराम पिता देवराम गुर्जर, उम्र-33 वर्ष, (4) दयाराम उर्फ देवराम पिता नानालाल गुर्जर, उम्र-62 वर्ष एवं (5) केशरबाई पति गंगाराम गुर्जर, उम्र-65 वर्ष, सभी निवासीगण-ग्राम भगोरी, थाना रामपुरा, जिला-नीमच को धारा 325/34 भारतीय दण्ड संहिता, 1860 के अंतर्गत 02-02 वर्ष के सश्रम कारावास 500-500 रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।
प्रकरण में शासन की और से पैरवी करने वाले सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री अरविंद थापक द्वारा घटना की जानकारी देते हुुए बताया कि फरियादीया सुंदरबाई ने थाना रामपुरा में उपस्थित होकर बताया कि दिनांक 26.04.2016 को शाम करीब 04.30 बजे इंदरसिह अपने साथी कन्हैयालाल को लेकर खेत पर आया था, जहाँ पर मजदुर गोपाल व भेरूलाल तथा उसके दोनों लड़के प्रदीप व सतीश भी खेत पर थे। इंदरसिह आकर अपने ट्रेक्टर से खेत बोने का काम कर रहा था कि खेत पर आरोपीगण आये और जमीन की बात को लेकर उन सबके साथ विवाद करने लगे व कुल्हाड़ी, लकड़ी व लात-घूंसों से मारपीट करने लगे, जिस कारण से गोपाल के बाये हाथ में गंभीर चोट आना होकर उसका फ्रैक्चर हो गया था। घटना के समय आस-पास के खेत वालों ने आकर बीच-बचाव किया था। फरियादीया की रिपोर्ट पर से अपराध पंजीबद्ध कर आवश्यक अनुसंधान के उपरांत अभियोग-पत्र रामपुरा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
विचारण के दौरान अभियोजन की और से सभी महत्वूपर्ण साक्षीगण की साक्ष्य माननीय न्यायालय के समक्ष करवाई गई। प्रकरण में महत्वपूर्ण साक्षी गोपाल का कोई पता न चलने से उसकी साक्ष्य माननीय न्यायालय के समक्ष नहीं करवाई जा सकी, किन्तु उसके साथ हुई मारपीट के कारण उसको आई गंभीर चोटो को अन्य साक्षीगण की साक्ष्य से प्रमाणित करावाया गया। इसके अतिरिक्त आहत इंदरसिंह द्वारा भी आरोपीगण से विचारण के दौरान राजीनामा कर लिया गया, इसके उपरांत भी सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान कराकर अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कराते हुवे आरोपीगण को कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपीगण कोे उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया तथा अर्थदण्ड की राशि में से 2500रूपये प्रतिकर के रूप में आहत गोपाल को प्रदान किये जाने का आदेश भी पारित किया गया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी एडीपीओं श्री अरविंद थापक द्वारा की गई।


