भानपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुधाखेड़ी बायपास तिराहे पर दंपति से 12 लाख कीमती अफीम बरामद

भानपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुधाखेड़ी बायपास तिराहे पर दंपति से 12 लाख कीमती अफीम बरामद
भानपुरा। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच भानपुरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दुधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास बायपास तिराहे पर कार्रवाई करते हुए 6 किलो 82 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की कीमत पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये बताई है। मामले में पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना भानपुरा पुलिस टीम ने दुधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास बायपास तिराहे पर घेराबंदी कर सत्यनारायण पिता मांगीलाल मीणा उम्र 42 वर्ष तथा उसकी पत्नी राधाबाई पति सत्यनारायण मीणा उम्र 38 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम भदाना, थाना रामपुरा, जिला नीमच, को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 6 किलो 82 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला एवं पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस विभाग ने कार्रवाई में शामिल टीम के योगदान की सराहना की है।
जप्त सामग्री: 6 किलो 82 ग्राम अवैध अफीम, अनुमानित कीमत ₹12 लाख।
गिरफ्तार आरोपी: सत्यनारायण मीणा एवं राधाबाई मीणा, निवासी भदाना, थाना रामपुरा, जिला नीमच



