समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 12 सितंबर 2026 शनिवार

स्वच्छता और सुरक्षा उल्लंघन पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 9 दिनों में 215 मामलों में वसूला गया सवा लाख रूपये जुर्माना
शामगढ़ । रेल मंत्रालय द्वारा स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर नकेल कसने के बाद कोटा रेल मंडल सहित देश भर के रेलवे स्टेशनों पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई है। नए जन विश्वास अधिनियम के अंतर्गत अब छोटे और सामान्य मामलों को अदालती प्रक्रियाओं से बाहर रखकर त्वरित प्रशासनिक जुर्माने के दायरे में लाया गया है।
इसी कड़ी में जिले के शामगढ़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत भी कोटा रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। नए नियमों के प्रभावी होने के बाद शुरुआती कुछ ही दिनों के भीतर शामगढ़ रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वाले, भीख मांगने, बिना टिकट यात्रा करने, महिला कोच में यात्रा करने, स्टेशन परिसर या ट्रेन में धूम्रपान करने थूकने, कोच के दरवाजे पर बैठकर यात्रा, अनाजीकृत रूप से ट्रेन के अंदर पानी खान पीन खाद्य पदार्थ बेचने करने पर कुल 215 मामलों में यात्रियों व अन्य लोगों से जुर्माना वसूला गया है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस सख्ती का मुख्य उद्देश्य यात्रियों में यह जागरूकता फैलाना है कि वे सफर के दौरान या स्टेशनों पर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुँचाएँ और कचरा केवल निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें। स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आरपीएफ (RPF) और वाणिज्यिक विभाग के अधिकृत अधिकारियों द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे यात्रियों में अनुशासन और साफ-सफाई को लेकर काफी सुधार देखने को मिल रहा है।
बता दे की भारतीय रेलवे ने ट्रेन यात्रा को सुरक्षित, सुगम और स्वच्छ बनाने के लिए नियमों को बेहद सख्त कर दिया है। केंद्र सरकार के ‘जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) अधिनियम’ के तहत रेलवे अधिनियम के कई पुराने प्रावधानों में बदलाव किया गया है। इसके तहत छोटे मोटे अपराधों और नियमों के उल्लंघन पर अब लंबी अदालती प्रक्रियाओं के बजाय कड़े प्रशासनिक और आर्थिक दंड का प्रावधान किया गया है।
भारतीय रेलवे ने जन विश्वास अधिनियम के तहत नियमों और जुर्मानों में बड़े बदलाव किए हैं जिसके अंतर्गत बिना वैध टिकट या अनियमित यात्रा करने पर यात्रियों को न्यूनतम ₹500 का अतिरिक्त शुल्क और वास्तविक किराया देना होगा। महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बे में बिना अनुमति प्रवेश करने वाले पुरुष यात्रियों पर ₹2,500 का जुर्माना और तत्काल ट्रेन से निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी, ट्रेन या रेलवे परिसर के भीतर धूम्रपान करने पर ₹2,000 का जुर्माना तय किया गया है, स्टेशन परिसर या डिब्बों में कचरा फेंकने, थूकने या गंदगी फैलाने पर ₹1,000 का जुर्माना वसूला जाएगा तथा भुगतान न करने पर अदालत द्वारा इसे ₹2,000 तक बढ़ाया जा सकता है, रेलवे कर्मचारियों को उनके आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करने से रोकने या बाधा पहुँचाने पर ₹2,500 का जुर्माना लगेगा। ट्रेन की छत, फुटबोर्ड या इंजन पर यात्रा करने वालों पर ₹2,000 का जुर्माना लगाकर उन्हें तुरंत उतारा जाएगा, रेलवे परिसर में खतरनाक या प्रतिबंधित सामान ले जाने पर न्यूनतम ₹10,000 का भारी जुर्माना भुगतना होगा और बिना अनुमति के अवैध फेरी लगाने या भीख मांगने पर ₹2,000 का जुर्माना लगाया जाएगा तथा इन सभी जुर्मानों की राशि को महंगाई के तालमेल में बनाए रखने के लिए हर तीन साल में 10 प्रतिशत तक स्वतः बढ़ाया जाएगा।
–00–
मादक पदार्थों की तस्करी एक आरोपी को गिरफ्तार
मंदसौर जिले के अफजलपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 26.10 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी का नाम मुख्तयार अहमद खान पिता मुस्लिम अहमद खान, उम्र 50 वर्ष, निवासी नीम चौक के पीछे, सागर पेशा, जावरा, जिला रतलाम बताया जा रहा है।
–00–
अफजलपुर थाना क्षेत्र में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, महिला के सिर पर किया वार; बच्ची रोती रही, वीडियो वायरल
मंदसौर जिले के अफजलपुर थाना क्षेत्र के टाकेड़ा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं।वायरल वीडियो में एक महिला पर लाठी से हमला किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि महिला के सिर पर लाठी लगने के बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। इस दौरान पास में मौजूद एक छोटी बच्ची अपनी मां को लेकर रोती-बिलखती नजर आ रही है।
–00–
डॉ कपिल शर्मा और शांतिराज हॉस्पिटल पर कार्यवाही, आगामी आदेश तक ऑपरेशन करने पर रोक
मंदसौर में प्रसूता की मौत का मामला: जांच में इलाज में लापरवाही के गंभीर बिंदु सामने आए
मंदसौर। सोनगरा निवासी सुनील कुमार प्रजापति द्वारा पत्नी अंजना प्रजापति के इलाज में लापरवाही की शिकायत पर हुई जांच में कई गंभीर बिंदु सामने आए हैं। जांच रिपोर्ट के अनुसार अंजना हाई रिस्क प्रेग्नेंसी थी और 2 जुलाई की सोनोग्राफी में uteroplacental insufficiency एवं brain sparing effect सामने आया था।
जांच दल के अनुसार ऐसी स्थिति में मरीज को उसी दिन भर्ती कर प्रसव कराने पर विचार किया जाना चाहिए था, लेकिन उसे घर भेज दिया गया। अगले दिन बच्चा कम घूमने की शिकायत के बावजूद आवश्यक जांच नहीं कराई गई और करीब दो दिन बाद accidental hemorrhage की स्थिति में ऑपरेशन किया गया, जिसमें मृत शिशु का जन्म हुआ।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि ऑपरेशन के बाद महिला का हीमोग्लोबिन 9.9 से घटकर 6.3 gm% रह गया तथा यूरिन आउटपुट नहीं आने और हालत बिगड़ने के बावजूद उसे तत्काल ऐसे अस्पताल रेफर नहीं किया गया, जहां नेफ्रोलॉजी जैसी विशेषज्ञ सुविधा उपलब्ध हो।
जांच में शांतिराज अस्पताल के OT की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठे। रिपोर्ट में जंग लगा ऑक्सीजन उपकरण, जंग लगी ड्रग ट्रॉली और कटी-फटी OT टेबल की गद्दी मिलने का उल्लेख है। अस्पताल में HDU, ICU और NICU जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं पाई गईं।
जांच निष्कर्ष में कहा गया कि मरीज हाई रिस्क प्रेग्नेंसी थी और समय पर प्रसव कराया जाता तो मां और बच्चे को उत्पन्न खतरों से बचाने की संभावना थी। वहीं रिपोर्ट में यह भी माना गया है कि accidental hemorrhage का हर बार पूर्वानुमान लगाना संभव नहीं होता।
–00–
सांदीपनि विद्यालय मल्हारगढ़ के स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था देखिए
स्कूल बसे, सिक्योरिटी गार्ड, प्रिंसिपल,लगभग 80 अध्यापक का स्टॉप के होने के बाद भी बच्चे गेट से भाग रहे है।कल से बच्चे किसी दुर्घटना का शिकार या लापता हो जाए तो किसकी जिम्मेदारी बनेगी।
–00–
इलाज के बाद नरेंद्र सिंह की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
दलौदा- दलोदा में निजी हास्पिटल की लापरवाही से एक नोजवान की मौत हो गई? जिसमें परिवार ने आरोप लगाया कि डॉ की लापरवाही से मृत्यू हुई है दलोदा में हाईवे पर शव रखकर कर रहे प्रदर्शन
ग्राम लखमा खेड़ी निवासी नरेंद्र सिंह की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर दलौदा स्थित विनयदीप हॉस्पिटल पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में परिजन एवं ग्रामीण एकत्रित हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही दलौदा थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद है। पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।मऊ नीमच हाइवे को किया जाम अस्पताल के सामने शव रखकर परिजनबैठे
दलोदा के विनयदीप हॉस्पिटल में हुई मौत के मामले में राजपूत समाज व परिजनों के द्वारा शव रखकर प्रदर्शन किया जिसमें प्रशासन झुका वह परिवार की सारी शर्तें मानी गई प्रशासन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया कि मृतक के साथ पूरा न्याय होगा व तत्काल मौके पर हॉस्पिटल सील किया गया वह जांच कमेटी नियुक्त की गई जो जांच कर अपना प्रतिवेदन प्रशासन को सौंपेगी।
इस मामले में जाँच कमेटी बनाए जानेऔर उचित निष्पक्ष जाँच की बात अधिकारियों ने कही है इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
–00–
मंडी परिसर में ट्यूबवेल का पानी उपयोग किया जा रहा है
मंदसौर 11 सितंबर 2026 मीडिया में आए समाचार का खंडन करते हुए इस संबंध में मंदसौर कृषि उपज मंडी सचिव द्वारा बताया गया है कि मंडी परिसर में कुएं का पानी पीने हेतु उपयोग नहीं किया जा रहा है मंडी परिसर में स्थित प्याऊ में ट्यूबवेल का पानी टैंकर द्वारा प्रतिदिन लाकर पीने हेतु उपयोग किया जाता है कुए का पानी किसी भी तरह के उपयोग में नहीं लिया जा रहा है।
–00–
ग्रामीण युवाओं ने ट्रैक्टर की मरम्मत एवं रखरखाव का प्रशिक्षण लिया
मंदसौर- कृषि विज्ञान केन्द्र, मन्दसौर द्वारा गांव के युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के दृष्टिकोण से “ट्रैक्टर की मरम्मत एवं रखरखाव” विषय पर सात दिवसीय व्यावसायिक प्रशिक्षण का आयोजन केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. जी.एस. चुण्डावत के मार्गदर्शन में ग्राम राजनगर, विकासखण्ड सीतामऊ में किया गया।
इस प्रशिक्षण के मुख्य प्रशिक्षक एवं केन्द्र के कृषि अभियांत्रिकी वैज्ञानिक डॉ. राजेश गुप्ता ने प्रतिभागियों को ट्रैक्टर का विकास-क्रम, चयन एवं सुरक्षा, अन्र्तदहन इंजिन का वर्गीकरण एवं कार्यप्रणाली, ट्रैक्टर नियंत्रण प्रणाली एवं पैमाने, मुख्य औजार एवं मशीनें, ट्रैक्टर की विभिन्न प्रणालियाँ जैसे इंजिन, क्लच, गीयर, स्नेहन, हाइड्रोलिक, स्टीयरिंग से संबंधित के विषय में सैद्धांतिक (क्लासरूम) एवं स्थानीय ट्रैक्टर वर्कशाॅप में व्यावहारिक रुप से प्रशिक्षित किया। व्यावहारिक प्रशिक्षण के समय श्री हीरालाल बिलोदिया, प्रशिक्षित मिस्त्री का सहयोग सराहनीय रहा। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रमुख ट्रैक्टर कंपनियों के शोरूम एवं वर्कशाॅप का भ्रमण भी कराया गया जहाँ ट्रैक्टर कंपनियों के मिस्त्रियों ने अपने अनुभव साझा किये। केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. निशिथ गुप्ता ने प्रतिभागियों को बागवानी हेतु छोटे ट्रैक्टर और पाॅवर टिलर के महत्व एवं रखरखाव की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षण स्थल व्यवस्था एवं प्रतिभागी प्रबंधन में श्री संदीप कुमार डाकर, जिला समन्वयक, सीपा संस्था, मन्दसौर का विशेष सहयोग रहा। इस प्रशिक्षण में मन्दसौर जिले के ग्राम राजनगर, विकासखण्ड सीतामऊ से 20 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किये गये।
–00–
नए उद्योग लगाने में शासन-प्रशासन द्वारा पूर्ण सहयोग किया जाएगा – कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर बूढ़ा में उद्यम संवाद हुआ
मंदसौर 11 सितम्बर 2026 / मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम बूढ़ा में शिविर आयोजित हुआ। शिविर के प्रथम सत्र में उद्यम संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें उद्योगपतियों द्वारा अपने विचार व्यक्त किए गए। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत गांव बूढ़ा में केसीसी एवं उद्यम पंजीयन प्रमाण पत्र का वितरित किया।
इस दौरान कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने कहा नए उद्योग लगाने में शासन-प्रशासन द्वारा पूर्ण सहयोग किया जाएगा। नए उद्योग का संचालन करने में किसी को कोई समस्या आए तो उन सभी का निराकरण किया जाएगा। नए उद्योग लगाने में शासन द्वारा सब्सिडी प्रदान की जा रही है जिसका लाभ उठाएं। शिविर के दौरान केसीसी एवं उद्यम पंजी प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, एसडीएम, जिलाधिकारी एवं ग्रामीण जन मौजूद थे।
कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा बूढ़ा में स्थापित मुकेश एग्रो इंडस्ट्रीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया एवं उद्योग की गतिविधियों तथा कार्यप्रणाली की जानकारी ली। मुकेश एग्रो इंडस्ट्रीज द्वारा विभिन्न प्रकार के कृषि उपकरणों का निर्माण किया जा रहा है। एमएसएमई योजना अंतर्गत लगभग 2.50 करोड रु का लोन प्राप्त हुआ है । जिसके तहत लगभग 92 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई है। उद्योग के माध्यम से लगभग 150 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उद्यानिकी विभाग द्वारा उद्यम संवाद में चयनित श्री हरपाल सिंह पशु आहार, श्री रणजीत शर्मा आटा मिल, श्री सुखराम राठोर ऑइल मील, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम विभाग के अंतर्गत श्री जगदीश लोहार कृष्णा एग्रो इंडस्ट्रीज, श्री राजेश लोहार मुकेश एग्रो इंडस्ट्रीज, श्री राजू लोहार न्यू टकरावद वाला एंड कंपनी।
–00–
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान बूढा में 348 आवेदन आये, 112 का मौके पर हुआ निराकरण
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने किया विभिन्न गावों का दौरा
मंदसौर 11 सितम्बर 2026/ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत ग्राम बूढा में शिविर संपन्न हुआ। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा बूढा में आवेदकों की समस्साएं सूनी। इस अवसर पर 348 समस्याएं शिकायतें प्राप्त हुई। 112 समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। इसके अलावा 236 शिकायतों के निराकरण के लिए समय सीमा निर्धारित की गई। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, एसडीएम श्रीमती स्वाती तिवारी, जिला अधिकारी एवं ग्रामीण जन मौजूद थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम दोरवाड़ा में प्राथमिक कृषि साख संस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संस्था की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। साथ ही किसानों को संस्था के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं, सुविधाओं एवं योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक, वितरण व्यवस्था एवं अभिलेखों की जानकारी ली गई। साथ ही हितग्राहियों को समय पर एवं निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम लसुड़िया राठौर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया इस दौरान जिला योजना समिति के सदस्य श्री राजेश दिक्षित मौजूद थे। विद्यार्थियों से पढ़ाई-लिखाई के संबंध में चर्चा कर आवश्यकताओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों के साथ भोजन किया तथा विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। ग्राम लसूडिया राठौर में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना अंतर्गत हितग्राही पिन्टू कुमार प्रजापति के झीणिवार फुडस एण्ड स्पाईसेस का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम बादपूर मे पंचायत भवन का निरीक्षण किया।
इसके अलावा अधिकारियों द्वारा ग्राम मुन्दडी, सिन्दपन, डोडियामिणा, ढाबला, कामलिया, तालाब पिपलिया, लिम्बावास, रीछा, तुरकिया, देवरी, चीताखेड़ी, बैलारा, काल्याखेड़ीगुजरान, चिल्लोद पिपलिया, नापाखेड़ा, सुदवास, काचरिया कदमाला, गर्रावद, फोसरी, रणायरा, गरनाई, दोबड़ा, सरवानिया, संजीत तथा अरनिया जटिया में अधिकारियों ने भ्रमण किया। फोटो संलग्न
–00–
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में जानी बाई को मिला त्वरित लाभ
जानी बाई को मिली ट्राईसाइकिल
मंदसौर 11 सितम्बर 2026 / मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत मल्हारगढ़ क्षेत्र के बूढ़ा में आयोजित शिविर में ग्राम ढाबला निवासी जानी बाई पिता श्री मांगीलाल को त्वरित सहायता प्रदान करते हुए ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई।
शिविर में जानी बाई ने ट्राईसाइकिल प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में जानी बाई को शिविर में ही ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।
ट्राईसाइकिल मिलने पर जानी बाई ने खुशी व्यक्त करते हुए प्रशासन का आभार माना। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन,एसडीएम श्रीमती स्वाति तिवार, जनपद पंचायत मल्हारगढ़ सीईओ श्री निर्देशक शर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीधर्मेश गुप्ता, एवं जिला अधिकारी मौजूद थे।
–00–
जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के ताले नहीं खुले, गांधी चौराहा पर जोरदार प्रदर्शन
मंदसौर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंक कर्मियों ने राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को व्यापक समर्थन दिया। हड़ताल के चलते सार्वजनिक क्षेत्र एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में कामकाज प्रभावित रहा और बैंककर्मियों ने गांधी चौराहा पर जोरदार प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
देशभर में आठ लाख से अधिक बैंककर्मी एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल पर रहे। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अंतिम समय तक किए गए प्रयासों के बावजूद केंद्र सरकार और वित्त विभाग के अड़ियल रवैये और अटकाने, भटकाने और लटकाने की नीति के कारण यूनाइटेड फोरम को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने कहा कि अन्य केंद्रीय और राज्य सरकार के कार्यालयों की तरह बैंकों में भी कार्य और स्वास्थ्य मे तालमेल बिठाने के लिए मार्च 2024 मे 5 दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने पर लिखित समझौता हुआ था किन्तु इस मुद्दे को लटकाए जाने से बैंक कर्मियों में भारी आक्रोश है।वक्ताओ ने इसे एम ओ यू, और द्विपक्षीय समझौते का उल्लंघन, और ईमानदार बैंक कर्मियों के साथ बेईमानी बताया! भारत को छोड़कर ब्रिस्क के सभी देशो मे 5 दिवसीय बैंकिंग है,
वक्ताओं ने कहा कि द्विपक्षीय समझौते के बावजूद प्रबंधन के एक वर्ग को बिना मांगे एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण पीएलआई भुगतान किए जाने से सभी बैंककर्मियों के साथ अन्याय हुआ है।यह कर्मचारियों मे भेदभाव पैदा करती है, इससे द्विपक्षीय समझौते का उल्लंघन हुआ है,उन्होंने इस निर्णय का पुरजोर विरोध करते हुए सरकार से पूर्ववत एक समान नीति अपनाये जाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने, पेंशन में नियमित संशोधन करने, बड़े डिफॉल्टरों से बैंक ऋण की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने तथा कॉर्पोरेट्स को एनसीएलटी के नाम पर बैंक ऋण माफ कर जनता के धन के दुरुपयोग पर रोक लगाने सहित कई मांगें उठाईं। उन्होंने सरकार एवं आईबीए से इन मुद्दों पर शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग की।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सहमति नहीं बनी तो बैंककर्मी चरणबद्ध आंदोलन को और तेज कर सकते हैं। इसके तहत 28 सितंबर से तीन दिवसीय हड़ताल तथा 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का विकल्प भी खुला रखा गया है।
प्रदर्शन को श्री नरेंद्र सिंह राठौर, ललित मूंगेड , एस आर शास्ता, महेंद्र सिंह चंन्द्रावत, श्रीनिवास मोड़, सुधांशु दरगढ़, राजेश व्यास,नीलेश परिहार, त्रिलोक सिंह शक्तावत, राहुल मांदलिया, राजेंद्र गुप्ता, प्रज्ञा जैन, पूनम रावल, शीतल राजपुरोहित, अजया चौहान, कीर्ति, रामरूप मीणा, सुनील जैन, मोहित राठौर, रवि गेहलोत, विपिन यादव, वीरेंद्र भावसार, शिवरमन पाटीदार, भोलेश्वर पाठक,नसरत मोहम्मद, रमेश देवड़ा, महेश मोदी,बीएसएनएल के श्री मुनव्वर हुसैन आदि ने संबोधित किया -सभा मैं सचिन पारेख, मनीष जैन, दीपक परमार, हितेन्द्र, महेंद्र भदौरिया, विपिन राठौड़,अशोक सिंगार, मुकेश कुमावत, मंगलेश राठौर, किशोर कुमावत, सौरभ जोशी, सहित बड़ी संख्या मे बैंककर्मी उपस्थित थे । संचालन गजेंद्र तिवारी ने किया । आभार वीरेंद्र भावसार ने माना ।
–00–
मन्दसौर। नगर पालिका परिषद मंदसौर में कार्यरत कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर नगरपालिका कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। पूर्व में कई बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का निराकरण न होने से आक्रोशित संयुक्त मोर्चा ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को एक व्यापक ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे मजबूर होकर नगर पालिका परिषद के समक्ष सामूहिक रूप से क्रमिक धरना शुरू करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।
ज्ञापन में कर्मचारियों की प्रमुख चिंताओं को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है। मोर्चा ने मांग की है कि पिछले 15 से 20 वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को तत्काल स्थायी किया जाए तथा सेवा के दौरान किसी कर्मचारी के निधन पर उसके परिवार के सदस्य को एक माह के भीतर अनुकंपा नियुक्ति दी जाए। शहर के बढ़ते क्षेत्रफल और नई कॉलोनियों के विस्तार को देखते हुए 100 पुरुष एवं 100 महिला सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती करने, ठेका पद्धति व एनजीओ व्यवस्था को समाप्त करने तथा कर्मचारियों से केवल 8 घंटे ही कार्य लेने का आग्रह किया गया है। निर्धारित समय से अधिक काम कराने या अवकाश के दिन ड्यूटी लेने पर अतिरिक्त भत्ता और पूरा वेतन देने की मांग रखी गई है। इसके साथ ही, कर्मचारियों को बिना कारण बताए या उनका पक्ष सुने बिना सेवा से पृथक न करने का आश्वासन मांगा गया है।
प्रशासनिक पारदर्शिता और कर्मचारी अधिकारों को लेकर भी ज्ञापन में कड़े कदम उठाने का अनुरोध किया गया है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि कतिपय स्तर पर कर्मचारियों के मूल दस्तावेजों में हेरफेर की शिकायतें मिल रही हैं, अतः ऐसे दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई कर सभी दस्तावेज ऑनलाइन किए जाएं और सेवापुस्तिका में प्रतिवर्ष कर्मचारियों के हस्ताक्षर कराए जाएं। वेतन विसंगतियों पर चिंता जताते हुए मोर्चा ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट और शासन के निर्देशों के अनुरूप हर माह की 1 से 7 तारीख के बीच वेतन का भुगतान एकमुश्त किया जाए, ताकि कर्मचारियों को लेट फीस और खराब सिविल स्कोर का सामना न करना पड़े। इसके अलावा, वेतन स्लिप प्रदान करने, ईपीएफ व व्यक्तिगत आईडी-पासवर्ड की जानकारी देने, तथा किसी सामाजिक या राजनीतिक रैली के बाद सफाई कराने के लिए आयोजकों से सफाई शुल्क वसूलने और कर्मचारियों को उसी दिन रैली के पीछे न लगाने की बात कही गई है। ज्ञापन में सेवानिवृत्ति के देयकों का समय पर भुगतान, वरिष्ठता सूची का प्रकाशन और ज्ञापन देने वाले कर्मचारियों को नोटिस या धमकी देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी शामिल है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा मंदसौर, अखिल भारतीय वाल्मीकि महापंचायत मंदसौर, म.प्र. दैनिक वेतन भोगी कार्यभारित गैंगमेन एकता यूनियन (सीटू) मंदसौर, भारतीय सफाई मजदूर संघ मध्यप्रदेश, वाल्मीकि सेना मार्शल कौम मंदसौर, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन मंदसौर, अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ मंदसौर से जुड़े पदाधिकारी एवं नपा कर्मचारी उपस्थित थे।
मंदसौर। जे.आर.सी. सहयोगी संस्था विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (VSWO), मंदसौर द्वारा ग्राम दौलतपुरा में बाल संरक्षण को लेकर जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। अभियान के दौरान ग्रामीणों को बाल श्रम, बाल तस्करी एवं बाल विवाह के दुष्परिणामों और इनके रोकथाम के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बाल विवाह के कानूनी एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में समझाते हुए बाल विवाह नहीं करने तथा अपने परिवार एवं समाज में बाल विवाह को रोकने की शपथ दिलाई गई। साथ ही बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार के शोषण अथवा जोखिम की स्थिति में संबंधित विभाग एवं बाल संरक्षण तंत्र को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
रानाखेड़ा (मंदसौर)। मंदसौर जिले के छोटे से गांव रानाखेड़ा का नाम अब श्री राम जन्मभूमि अयोध्या, उत्तरप्रदेश में गूंजेगा।
रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव एवं राष्ट्रीय सेवा रत्न सम्मान समारोह 2026 में मध्यप्रदेश की गौरवशाली संस्था रक्तसेवा गौसेवा फाउंडेशन (रजि.) के संस्थापक रक्तमित्र नागेश्वर मालवीय को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
यह भव्य आयोजन 11, 12 और 13 सितंबर को तीन दिवसीय अयोध्या में होगा। इस समारोह की सबसे बड़ी खासियत यह रहेगी कि इसमें भारत के अलावा पड़ोसी देश नेपाल से भी रक्तमित्र और समाजसेवी शामिल होंगे।
रक्तमित्र नागेश्वर मालवीय द्वारा रक्तदान और गौसेवा के क्षेत्र में किए गए निरंतर निस्वार्थ कार्यों के लिए उन्हें इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे मंदसौर जिले और मध्यप्रदेश में हर्ष का माहौल है।



