वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, बड़े नाले का भूमि पूजन संपन्न, जलभराव की समस्या से राहत

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, बड़े नाले का भूमि पूजन संपन्न, जलभराव की समस्या से राहत
शामगढ़। नगर के डिंपल चौराहे पर आज वर्षों से लंबित बड़े नाले के निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधायक हरदीप सिंह डंग, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कविता नरेंद्र यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विधिवत रूप से संपन्न हुआ। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा बड़े नाले के निर्माण की मांग की जा रही थी। आज इस मांग के पूरा होने से वार्ड क्रमांक 1 से 4 एवं मेन रोड क्षेत्र डिम्पल चौराहा के रहवासियों को बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। भूमि पूजन कार्यक्रम वैदिक रीति -रिवाज एवं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगरवासी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नगर में लगातार कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कविता नरेंद्र यादव के नेतृत्व की सराहना की। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए सहयोग एवं मार्गदर्शन देने पर लोकप्रिय विधायक हरदीप सिंह डंग का आभार व्यक्त किया।क्षेत्रवासियों ने कहा कि बड़े नाले का निर्माण पूरा होने के बाद बारिश के दिनों में होने वाली जलभराव की परेशानी से लंबे समय से जूझ रहे नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला।
–00–



