पंडित कमल किशोर नागर को धमकी के मामले में नागर ब्राह्मण परिषद ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग, सौंपे ज्ञापन

पंडित कमल किशोर नागर को धमकी के मामले में नागर ब्राह्मण परिषद ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग, सौंपे ज्ञापन
इंदौर। मालव माटी के संत, भागवतभूषण, नागर रत्न एवं परम गौभक्त पंडित श्री कमल किशोर नागर को विगत दिवस झाबुआ में एक कार्यक्रम के दौरान पत्र के माध्यम से जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में नागर ब्राह्मण समाज में आक्रोश है। घटना को गंभीरता से लेते हुए मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और गुरुदेव को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद के प्रदेश अध्यक्ष केदार रावल एवं महासचिव पंडित हेमंत व्यास ने बताया कि परिषद की ओर से इस संबंध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, मुख्यमंत्री एवं मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक को ई-मेल के माध्यम से शिकायत एवं ज्ञापन भेजे गए हैं। इसमें धमकी देने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की तत्काल पहचान कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
मुख्य मीडिया प्रभारी संदीप मेहता ने बताया कि प्रदेशभर में परिषद की विभिन्न शाखाओं द्वारा भी अपने-अपने जिलों के पुलिस अधीक्षकों को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। ज्ञापनों के माध्यम से गुरुदेव पंडित कमल किशोर नागर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और धमकी के पीछे किसी भी प्रकार की साजिश होने की स्थिति में उसकी गहराई से जांच करने की मांग की गई है।
परिषद ने कहा कि संत समाज एवं सनातन परंपरा के प्रति आस्था रखने वाले लाखों लोगों के श्रद्धेय गुरुदेव को इस प्रकार धमकी दिया जाना अत्यंत गंभीर एवं निंदनीय कृत्य है। ऐसे कायरतापूर्ण कृत्य को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। परिषद ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर समाज एवं श्रद्धालुओं में विश्वास कायम करने की मांग की है।
—



