भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की AI तस्वीर पर हाई वोल्टेज ड्रामा, सिंगरौली में कांग्रेस पार्षद पर तिरंगे के अपमान का केस दर्ज

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की AI तस्वीर पर हाई वोल्टेज ड्रामा, सिंगरौली में कांग्रेस पार्षद पर तिरंगे के अपमान का केस दर्ज
सिंगरौली। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की एआई से तस्वीर एडिट कर सोशल मीडिया में डालने के कारण नगर निगम कांग्रेस पार्षद अनिल वैश्य के खिलाफ कोतवाली थाने में भाजपा मंडल अध्यक्ष ने मामला दर्ज कराया है। सिगरौली नगर पालिक निगम के कांग्रेस पार्षद अनिल वैश्य पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की फोटो एडिट कर सोशल मीडिया में शेयर करने के कारण व राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का केस दर्ज हुआ है।
AI तस्वीर को लेकर सियासी विवाद
कांग्रेस पार्षद अनिल कुमार वैश्य के सोशल मीडिया पेज पर वायरल कथित AI से तैयार तस्वीर को लेकर सिंगरौली में भाजपा और कांग्रेस के बीच विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा बैढन मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता की शिकायत पर कोतवाली थाना बैढ़न पुलिस ने कांग्रेस पार्षद के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के आरोप में मामला दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक, सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई कथित AI जनरेटेड तस्वीर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को राष्ट्रीय ध्वज के साथ दिखाया गया है, लेकिन तस्वीर में तिरंगा कथित तौर पर उल्टा दिखाई दे रहा है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कार्रवाई की मांग की
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने इसे राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताते हुए कांग्रेस पार्षद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, वहीं पूरे मामले मे कांग्रेस पार्षद अनिल वैश्य का कहना है कि सोशल मीडिया पर करीब सैकड़ों लोग शेयर किए थे, वह भी इस पोस्ट को शेयर कर दिए, जिस पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तिरंगा उल्टा लेकर खड़े हैं। जब मुझे पता लगा तो आधे घंटे के अंदर उस पोस्ट को डिलीट कर दिया है। भाजपा के दम पर स्थानीय विधायक के दम पर मंडल अध्यक्ष ने शिकायत दर्ज करवाया है, क्योंकि इनको पता है कि जो उनकी नाकामी सड़क पानी बिजली दिखाएगा, उसके खिलाफ यह थाने में बैठकर जबरदस्ती सत्ता के दम पर एफआईआर दर्ज करवाते हैं जो यह गलत है।
वही एसपी षियाज केएम ने बताया कि 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज के अपमान को लेकर एक आवेदन प्राप्त हुआ था। शिकायत में कहा गया था कि कांग्रेस नेता द्वारा सोशल मीडिया पर AI से तैयार की गई तस्वीर पोस्ट की गई है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हाथ में दिख रहा राष्ट्रीय ध्वज उल्टा नजर आ रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की विवेचना की जा रही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि तस्वीर किसने तैयार की इसे सोशल मीडिया पर किसने पोस्ट किया और इसके पीछे क्या मंशा थी। मामले के सामने आने के बाद सिंगरौली की सियासत में भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



