गरोठ में रक्षाबंधन पर छोटे व्यापारियों को राहत, 3 दिन नहीं लगेगा बाजार बैठक शुल्क

गरोठ में रक्षाबंधन पर छोटे व्यापारियों को राहत, 3 दिन नहीं लगेगा बाजार बैठक शुल्क
गरोठ। रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए नगर परिषद गरोठ ने छोटे और गरीब फुटकर व्यापारियों को बड़ी राहत दी है। नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया के आदेश पर 26, 27 और 28 तारीख को जमीन पर बैठकर राखी, नारियल व अन्य पूजन सामग्री बेचने वाले छोटे व्यापारियों और ठेले वालों से किसी भी प्रकार का बाजार बैठक शुल्क नहीं वसूला जाएगा।
नगर परिषद द्वारा बताया गया है कि त्योहारों के सीजन में कई छोटे व गरीब व्यापारी अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए दूर दराज से गरोठ बाजार में आते हैं। जमीन पर छोटी-मोटी दुकान लगाकर वे सालभर के इस विशेष सीजन में अपने परिवार का जीवन यापन करते हैं। ऐसे गरीब दुकानदारों को आर्थिक राहत देने के लिए परिषद ने यह निर्णय लिया है।
स्थाई दुकानदारों से सहयोग की अपील
परिषद ने सभी स्थाई दुकानदारों से मानवीय आधार पर सहयोग करने की अपील की है। बाहर से आने वाले इन छोटे व्यापारियों को बेवजह परेशान न किया जाए, बल्कि उन्हें व्यापार करने में सहयोग दिया जाए।
मेन रोड रहेगा क्लियर
त्योहार के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए मेन रोड पर खड़े रहने वाले सभी चार पहिया वाहनों को हटाया जाएगा। निकाय की सीमा में आने वाले मेन रोड को पूरी तरह साफ रखा जाएगा ताकि त्योहार की खरीदी करने वाले आम नागरिकों को परेशानी न हो और छोटे व्यापारी भी खुले माहौल में आराम से अपना व्यवसाय कर सकें।



