
ताल में राठौड़ दूध डेयरी से 12 किलो पनीर जब्त- जांच के लिए भेजा नमूना-जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
ताल ब्यूरो चीफ शिवशक्ति शर्मा
दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा ने ताल में दूध डेयरी की जांच कर 12 किलो पनीर जब्त किया। पनीर की कीमत 280 रुपए प्रति किलो बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा ने राजेंद्र मार्ग स्थित राठौर दूध डेयरी पर कार्रवाई की। यहां से 12 किलो पनीर का नमूना लिया गया है। नमूने को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पनीर की गुणवत्ता के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूध और दुग्ध उत्पादों पर लगातार नजर
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार दूध और उससे बने उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए जिले में लगातार जांच की जा रही है। अधिकारियों की टीम डेयरियों और अन्य प्रतिष्ठानों से दूध, पनीर सहित दुग्ध उत्पादों के नमूने लेकर उनकी जांच करा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



