स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नीमच में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा करेंगे ध्वजारोहण, भव्य परेड की लेंगे सलामी

- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नीमच में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा करेंगे ध्वजारोहण, भव्य परेड की लेंगे सलामी
नीमच, 14 अगस्त 2026। जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को परंपरागत गरिमा,उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय नीमच में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के परिसर में आयोजित होगा। समारोह में प्रातः 9 बजे कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी लेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण कर ली गई हैं। जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री चंद्रा द्वारा ध्वजारोहण के पश्चात परेड का निरीक्षण कर सलामी ली जाएगी।
समारोह के दौरान प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया जाएगा। मुख्यमंत्री के संदेश का भोपाल से सीधा प्रसारण जिला स्तरीय समारोह में किया जाएगा।
मुख्य समारोह में सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, वन विभाग, शौर्यादल, एनसीसी, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस दल सहित सीआरपीएफ तथा जिला पुलिस नीमच के बैंड की टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी।
समारोह में सामूहिक पीटी प्रदर्शन के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, खिलाड़ियों तथा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई है



