मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 15 अगस्त 2026 शनिवार

///////////////////////////////////

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत ग्राम खेड़ा में शिविर आयोजित किया गया

152 आवेदनों का निराकरण मौके पर किया गया

मंदसौर 14 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले के सीतामऊ क्षेत्र के ग्राम खेड़ा में शुक्रवार को शिविर संपन्न हुआ। इस दौरान 650 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 152 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया शेष आवेदनों के निराकरण के लिए सात दिवस समय सीमा निर्धारित की गई।

शिविर के पूर्व सीतामऊ तथा विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों द्वारा भ्रमण कर जन संवाद किया गया ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया गया।

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, विधायक श्री हरदीप सिंह डंग, कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, एसडीएम सीतामऊ श्रीमती शिवानी गर्ग, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

इस अवसर पर विधायक श्री हरदीप सिंह डंग ने संबोधन में कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार जिले में किसी एक स्थान पर शिविर आयोजित करके समस्याओं शिकायतों का निवारण किया जा रहा है। ग्रामीणजन शिविरों का फायदा उठाएं श्री डंग ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्रत्येक क्षेत्र में विकास किया जा रहा है आज चहुमुखी विकास प्रत्येक क्षेत्र में दिख रहा है।

कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने कहा कि पूरा जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं शिकायतों के निवारण के लिए कृत संकल्पित है। प्रत्येक शुक्रवार अभियान के अंतर्गत शिविरों में कार्य किया जा रहा है। अधिकारी कर्मचारी भ्रमण करके ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं, उनकी समस्याएं शिकायतों का निराकरण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से बड़ी संख्या में जिले के नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।

इस दौरान उद्यम संवाद आयोजित हुआ जिसमें गोपालपुरा के उन्नतशील किसान श्री गुणवंत पाटीदार ने बताया कि उनके द्वारा उद्यानिकी फसलों से अच्छी कमाई की जा रही है। उन्होंने लगभग 100 बीघा में अमरूद लगाया है अभी ₹80 किलो अमरुद बिक रहा है। लगभग ₹30 प्रति किलो लागत हटाकर ₹50 प्रति किलो ग्राम शुद्ध मुनाफा मिल रहा है। विधायक श्री हरदीप सिंह डंग ने कृषक पाटीदार के कार्यों की सराहना की उन्हें प्रेरणादायक बताया।

इसी प्रकार डांगीखेड़ी के कृषक राहुल पाटीदार ने बताया कि उनके द्वारा औषधि खेती के साथ अमरुद और चिरायते की भी खेती की जा रही है। गतवर्ष से चिरायता की खेती से उन्हें 25 लाख रुपए की शुद्ध आय प्राप्त हुई वह अब ब्लूबेरी की खेती की योजना भी बना रहे हैं। राहुल ने बताया कि उनके द्वारा वैज्ञानिक तरीके से खेती की जा रही है। मोबाइल ऐप का उपयोग करने से उनकी खेती की लागत 25% घट गई है राहुल ने बताया कि मोबाइल ऐप द्वारा उन्हें पता चल जाता है कि कब फसल को पानी देना है, कब कीटनाशक का छिड़काव करना है, कौन से कीटनाशक का छिड़काव किया जाएगा पूरी जानकारी मोबाइल ऐप से प्राप्त हो जाती है।

सफल उद्यमी अब्दुल कादिर तथा अंशुल गादीया, राजेश चौधरी ने भी उनके द्वारा संचालित उद्योग के बारे में जानकारी दी। उपसंचालक उद्यानिकी श्री सोलंकी, उपसंचालक कृषि श्री रविंद्र मोदी आदि ने शासन की योजनाओं से अवगत कराया।

कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत लाभांवित हितग्राहियों को विधायक श्री हरदीप सिंह डंग तथा कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा चेक वितरित किए गए। लाभांवित हितग्राहियों में नितेश पाटीदार, शांतिलाल मकवाना, राजकुमार, गीताबाई, दीपक, बाबूलाल, ओंकारलाल, नानूराम शामिल है

ग्राम लदुना में पटवारी कार्यालय तथा उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विधायक श्री हरदीप सिंह डंग व कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने ग्राम लदुना में पटवारी कार्यालय तथा उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण किया। पटवारी कार्यालय में किसानो की सुविधा के लिए क्यूआर कोड स्थापित करने के निर्देश दिए। दुकान का निरीक्षण करते हुए खाद बीज की जानकारी प्राप्त की गई। ग्रामीणों की शिकायत पर दामाखेड़ी रोड़ मरम्मत के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्रामीणों की मांग पर खेल मैदान के लिए प्रस्ताव तैयार करने की निर्देश हरदीप सिंह डंग ने सरपंच को दिए।

गोपालपुरा आंगनवाड़ी का निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम गोपालपुरा की आंगनवाड़ी का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान विधायक श्री हरदीप सिंह डंग तथा कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने छोटे-छोटे बच्चों को स्नेह दुलार दिया, बच्चों की शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य की स्थिति के संबंध में जायजा लिया, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से जानकारी प्राप्त की गई, ग्रामीणों से भी चर्चा की, आदर्श आंगनवाड़ी बनाने के निर्देश दिए गए।

सीतामऊ क्षेत्र के उद्यानिकी ग्राम गोपालपुरा में हाईटेक किसान प्रहलाद पाटीदार द्वारा की जा रही अमरूद की खेती का निरीक्षण किया गया। किसान द्वारा लगभग 100 बीघा में अमरूद की खेती की जा रही है। जिसका उन्हें अच्छा मार्केट रेट मिल रहा है। इस ग्राम को नेशनल हॉर्टिकल्चर मिशन के अंतर्गत आदर्श उद्यानिकी ग्राम के रूप में गोद लिए जाने हेतु कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम तितरोद में आयुष्मान आरोग्य संस्था में पहुंचकर विधायक श्री हरदीप सिंह डंग तथा कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने गर्भवती महिलाओं की जानकारी प्राप्त की, उनके टीकाकरण के बारे में पूछा गया, अनमोल एप के संबंध में जानकारी प्राप्त की, बीपी शुगर के कितने रोगी है तथा अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई, निर्देश दिए कि स्कैनिंग की जाए।

मामटखेड़ा ग्राम पंचायत भवन में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम मामटखेड़ा ग्राम पंचायत भवन में विधायक श्री हरदीप सिंह डंग तथा कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा ग्रामीणों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं सुनी गई। कई समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश मौके पर ही दिए गए।

सीतामऊ उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण

विधायक श्री हरदीप सिंह डंग तथा कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा सीतामऊ उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण भी किया गया, विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर शैक्षणिक स्थिति का जायजा लिया, विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया, शिक्षकों से शैक्षणिक जानकारी प्राप्त की, विद्यार्थियों से चर्चा कर शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में अवगत हुए।

=========

एच.आई.वी./एड्स की रोकथाम के प्रचार प्रसार के संबंध में सघन जागरूकता अभियान को लेकर जिला स्‍तरीय बैठक संपन्‍न

मंदसौर 14 अगस्‍त 2026 / एच.आई.वी./एड्स की रोकथाम हेतु प्रचार प्रसार के संबंध में सघन जागरूकता अभियान को लेकर जिला स्‍तरीय बैठक कलेक्‍टर श्री दिव्यांक सिंह की अध्‍यक्षता में आयोजित हुई। यह अभियान 12 अगस्‍त से 12 अक्‍टूबर 2026 तक चलेगा। एच.आई.वी./एड्स की रोकथाम हेतु जिले में प्रचार प्रसार की अलग अलग गतिविधियॉ आयोजित होगी। जिसमें ग्रामीण स्‍तर पर, व्‍ही.एच.एन.डी., स्‍कुल, कालेज एवं स्‍वास्‍थ्‍य संस्‍थाओं के माध्‍यम से जन सामान्‍य तक एच.आई.वी./एड्स की जानकारी दी जावेगी।

बैठक में सभी को निर्देशित किया गया कि उपरोक्‍त अभियान में की जाने वाली गतिविधियॉ समय पर आयोजित हो। बैठक के दौरान कलेक्‍टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा क्‍युआर कोड का विमोचन किया। उक्‍त कोड को स्‍कैन कर एच.आई.वी./ एड्स के सम्‍बंध में प्रश्‍नों का जवाब देकर एच.आई.वी. के लिए जोखिम है या नहीं के विषय में जाना जा सकता है। यदि किसी व्‍यक्ति को अपनी एच.आई.वी. की जॉच कराना है तो नजदीक के जॉच केन्‍द्र के विषय में भी बताया जाता है। बैठक में स्‍वास्‍थ्‍य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

==============

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 80 वें स्वतंत्रता दिवस पर दीं प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं

मंदसौर 14 अगस्‍त 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता की 80 वीं वर्षगांठ पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे देश को स्वतंत्र करवाने के लिए अपने जीवन का बलिदान करने वाले अनेक सेनानियों और राष्ट्र प्रेमियों का योगदान अविस्मरणीय रहेगा। स्वतंत्रता की वर्षगांठ पर ऐसे सभी बलिदानियों का स्मरण करते हुए राष्ट्र उन्हें आदरांजलि अर्पित कर रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए विशेष त्यौहार भी है, जो हमें आत्म-चिंतन, भविष्य की रूप-रेखा एवं प्रदेश के विकास में अपने योगदान को सुनिश्चित करने का अवसर प्रदान करता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश को अनेक सौगातें मिली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि विकास का कारवां जन सहयोग से निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

===========

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने प्रदेशवासियों दी स्वतंत्रता दिवस शुभकामनाएं एंव बधाई

मंदसौर 14 अगस्‍त 2026 / उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उनके प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन हमें हमारे महान वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है। स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के विज़न को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होने कहा कि आर्थिक सुदृढ़ीकरण, वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी व्यवस्था के जरिए मध्यप्रदेश तेजी से विकास के नए आयाम छू रहा है। हमारा लक्ष्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और राज्य को देश के सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल करना है।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने प्रदेश के नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा, ज्ञान और कौशल का उपयोग आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश और सशक्त भारत के निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का एक प्रयास ही देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए काफी होगा।

=============

विभाजन विभीषिका दिवस पर मौन जुलूस निकाला गया

वक्ताओं ने विभाजन पर विचार व्यक्त किये

मंदसौर 14 अगस्त 2026 / स्वतंत्रता दिवस के तारतम्‍य में शासन के निर्देशानुसार मंदसौर में विभाजन विभीषिका दिवस पर शुक्रवार को नक्षत्र गार्डन से कलेक्टर कार्यालय तक मौन जुलूस निकाला गया। जिसमें शासकीय अधिकारी कर्मचारी तथा नागरिक सम्मिलित हुए कलेक्टर कार्यालय सभा कक्ष में विभाजन विभीषिका दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर दो मिनिट का मौन रखा गया।

कार्यक्रम में देश विभाजन की विभीषिका पर वक्ताओं द्वारा अपने विचार व्यक्त किए गए। अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा विभाजन विभीषिका दिवस मनाए जाने का निर्णय लिया गया विभाजन विभीषिका दिवस उन बातों व्यक्तियों को याद करने के लिए है जो विभाजन के दौरान भारत आए उनके दर्द को समझने महसूस करने और साझा करने के लिए यह विभाजन विभीषिका दिवस मना रहे हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी विभाजन विभीषिका पर अपने विचार व्यक्त किये अंत में 2 मिनट का मौन धारण किया गया कार्यक्रम में एसडीएम श्री शुभम पाटीदार सहित जिलाधिकारी कर्मचारी नागरिक गण व पत्रकार उपस्थित रहे।

===========

एनसीसी कैडेट्स के नारों से गूंजा मंदसौर, शहरवासियों ने भी दिखाया देशभक्ति का जोश

भव्य तिरंगा साइकिल रैली आयोजित

मंदसौर। 14 अगस्त 2026 / स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी, मंदसौर द्वारा “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में मंदसौर जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से लगभग 150 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति, एकता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

रैली का शुभारंभ पशुपतिनाथ गेट, चंद्रपुरा स्थित 5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी कार्यालय से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सैनिक कल्याण बोर्ड अधिकारी एवं भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन अरुण दीक्षित थे कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार श्री घनश्याम बटवाल ने की। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा साइकिल रैली को रवाना किया।

इस अवसर पर बटालियन कमान अधिकारी कर्नल सुनील लेकोरडे प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी सहित एनसीसी के अधिकारी एवं आर्मी स्टाफ उपस्थित रहे। रैली में मेजर विजय सिंह पुरावत, कैप्टन जितेंद्र कनौजिया, लेफ्टिनेंट धीरज शुक्ला, केयरटेकर संजय शर्मा सहित समस्त आर्मी स्टाफ ने भी सहभागिता की।

रैली में सेंट थॉमस विद्यालय मंदसौर, लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल क्रमांक-2 सैनिक स्कूल मंदसौर, उत्कृष्ट विद्यालय मंदसौर तथा श्री दलोदा पब्लिक स्कूल, दलौदा के एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। कैडेट्स हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” तथा देशभक्ति के नारों के साथ शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार करते हुए आगे बढ़े।

जैसे-जैसे तिरंगा साइकिल रैली मंदसौर शहर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे शहरवासियों का उत्साह भी बढ़ता गया। सड़कों के किनारे खड़े लोगों ने तिरंगे लहराकर और “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।

रैली में शामिल कैडेट्स के जोशीले नारों और हाथों में लहराते तिरंगे झंडे ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। मुख्य चौराहों पर शहरवासियों ने तिरंगे के साथ सेल्फी एवं फोटो लेकर इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में भी रैली को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला तिरंगे की शान में जयघोष करते हुए नागरिकों ने एनसीसी कैडेट्स के साथ कदम से कदम मिलाया।

कैडेट्स की एकता, अनुशासन और देशभक्ति से ओतप्रोत नारों का असर ऐसा रहा कि सभी आमजन राष्ट्रभक्ति के इस उत्सव का हिस्सा बन गए। पूरे मार्ग में लोग तिरंगा लहराते नजर आए युवाओं और बच्चों ने कैडेट्स के साथ “भारत माता की जय” के नारे लगाए। मंदसौर शहर में रैली के दौरान देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

तिरंगा साइकिल रैली पशुपतिनाथ गेट, चंद्रपुरा से प्रारंभ होकर जिला पुलिस लाइन, यातायात थाना, उधम सिंह चौराहा, बीपीएल चौराहा, गांधी चौराहा, भारत माता चौराहा, घंटाघर, मंडी गेट, वीर सावरकर पुलिया एवं पशुपतिनाथ मंदिर होते हुए पुनः चंद्रपुरा स्थित 5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी कार्यालय पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।

तिरंगे से सजी साइकिलों और अनुशासित कतार में आगे बढ़ते कैडेट्स ने पूरे शहर में “हर घर तिरंगा” और राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश पहुंचाया।

===========

जिले में स्‍वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोउल्लास के साथ मनाया जाएगा

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे

मंदसौर 14 अगस्त 2026 / जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह परम्परांगत गरिमा उमंग और हर्षोउल्लास के साथ मनाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह में ध्‍वजारोहण कर परेड की सलामी लेगें। जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं मे प्रातः 8 बजें तक ध्वजारोहण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा मुख्य समारोह में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर आयोजित भव्य परेड की सलामी लेगें। इस मौके पर प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा स्वतंत्रता दिवस संदेश दिया जावेगा। जिसका भोपाल से एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण जिला स्तरीय समारोह में किया जावेगा। परेड में पुलिस बल पुरुष, जिला महिला पुलिस बल की प्लाटून, शौर्य दल एनसीसी, स्काउट गाईड दल की प्लाटून एवं जिला पुलिस के बैण्ड की टुकडी भी शामिल होगी।

स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न् विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व्दारा रंगारंग देशभक्ति‍पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जावेगी। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, खिलाडियों, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया जावेगा। इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों और शहीदों के परिजनों को भी शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।

===============

जिला मुख्यालय मुख्य समारोह में उप मुख्‍यमंत्री श्री देवड़ा करेंगे ध्वजारोहण

मंदसौर 14 अगस्‍त 2026 / स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर ध्वजारोहण करेंगे परेड की सलामी लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 अगस्त को उप मुख्‍यमंत्री श्री देवड़ा प्रात: 8:45 बजे सर्किट हाउस से राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय क्रीड़ा परिसर मुख्य समारोह स्थल के लिए प्रस्‍थान करेंगे,प्रात: 9:00 बजे श्री देवड़ा ध्‍वजारोहण करेंगे।

स्वतंत्रतादिवस मुख्य समारोह संपन्न होने के पश्चात उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी सम्मिलित होंगे।

============

कलेक्टर एवं पुलिस अधिक्षक ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

मंदसौर 14 अगस्‍त 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना ने जिले के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी है। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना ने इस अवसर पर कहा है कि स्‍वतंत्रता दिवस पर हमें सर्वप्रथम उन जाबाज सैनानियों को स्‍मरण करना चाहिए। जिनके त्‍याग, तपस्‍या और बलिदान के कारण हमारे देश को स्वतंत्रता मिली है। हमें प्रजातांत्रिक मूल्‍यों में वृद्धि लाने के लिए सदैव त्‍याग और उत्‍सर्ग के लिए तत्‍पर रहना चाहिए। सभी जिले वासियों को स्‍वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।

=========

सीएससी ई-गवर्नेंस की ओर से मंदसौर जिले में भव्य तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया


सीएससी की भव्य तिरंगा वाहन रैली ने दिया डिजिटल इंडिया और जनसेवा का संदेश

मंदसौर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीएससी ई-गवर्नेंस की ओर से मंदसौर जिले में भव्य तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ नई आबादी स्थित सीएससी संचालक अंकित जैन शंखेश्वर नागरिक सुविधा केंद्र से हुआ। बड़ी संख्या में सीएससी वीएलई संचालकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ रैली में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा वाहन रैली को सीएससी स्टेट फाइनेंशियल डिपार्टमेंट के नीतीश पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला प्रमुख आशीष रसीले एवं आवास हाउसिंग जिला प्रमुख हरीश गहलोत सहित सीएससी से जुड़े पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वीएलई संचालक मौजूद रहे। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान वीएलई संचालकों ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता के साथ डिजिटल इंडिया और ई-गवर्नेंस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। तिरंगे के साथ निकली रैली से शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
गांव-गांव डिजिटल सेवाओं की पहुंच
सीएससी वीएलई संचालकों ने बताया कि कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में नागरिकों को विभिन्न सरकारी एवं डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें आधार, पैन कार्ड, आयुष्मान भारत, ई-श्रम, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान, बीमा, पेंशन, बिजली बिल भुगतान, रेल एवं यात्रा सेवाएं, टेली-लॉ तथा ई-डिस्ट्रिक्ट जैसी सेवाएं प्रमुख हैं। वीएलई संचालकों ने कहा कि सीएससी केंद्र सरकार और आम नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं। डिजिटल सेवाओं की पहुंच गांव-गांव तक बढ़ाकर नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने में सीएससी की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस तिरंगा वाहन रैली के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, डिजिटल सशक्तिकरण और जनसेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। रैली जिले में डिजिटल जागरूकता और राष्ट्रप्रेम को बढ़ावा देने वाली सराहनीय पहल रही।

============

पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में स्टडी क्लब के अंतर्गत प्रस्तुतीकरण संपन्न

मंदसौर । पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंदसौर के स्टडी क्लब द्वारा द्वितीय सत्र के छठे प्रस्तुतीकरण का आयोजन 14 अगस्त 2026 को किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.एस. दुबे ने की । कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक जगत से जुड़े प्राध्यापकों ने सहभागिता की। स्टडी क्लब की संयोजक डॉ. सीमा जैन के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. संतोष कुमार शर्मा ने किया।

कार्यक्रम के प्रथम वक्ता भौतिकी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आर. के. व्यास ने “पुरुषोत्तम योग – श्रीमद्भगवद्गीता, अध्याय-15” विषय पर सारगर्भित प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने प्रारंभ में श्रीमद्भगवद्गीता के सभी 18 अध्यायों का संक्षिप्त परिचय देते हुए अध्याय 15 के दार्शनिक एवं आध्यात्मिक पक्ष पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने ऊर्ध्वमुखी जड़ों और अधोमुखी शाखाओं वाले वृक्ष के उदाहरण के माध्यम से संसार की प्रकृति और पुरुषोत्तम योग की अवधारणा को सरल ढंग से समझाया। उनके व्याख्यान पर वाणिज्य विभाग के प्रो. डी. सी. गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए मुक्ति एवं जीवन के अंतिम उद्देश्य की अवधारणा को विस्तार से समझाया।

द्वितीय प्रस्तुति भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. उत्तम कुमार कुमावत ने “कुशल फोटोवोल्टिक्स के लिए प्लास्मोनिक और फोटोनिक नैनोस्ट्रक्चर” विषय पर दी। उन्होंने प्लास्मोनिक एवं फोटोनिक नैनोस्ट्रक्चर की अवधारणा, उनके कार्य-विधान तथा अधिक दक्ष सौर ऊर्जा उत्पादन में उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने भविष्य में ऊर्जा की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए नवीन तकनीकों की भूमिका और संभावनाओं से भी अवगत कराया। उनके प्रस्तुतीकरण पर भौतिकी विभाग की डॉ. कोमल मूलचंदानी ने अपने विचार एवं महत्वपूर्ण टिप्पणियाँ प्रस्तुत कीं।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.एस. दुबे ने दोनों वक्ताओं के प्रस्तुतीकरण की सराहना की। आपने भौतिकी से तत्वमीमांसा की ओर बढ़ते विचार-विस्तार को रेखांकित करते हुए श्रीमद्भगवद्गीता, ब्रह्मांड की विशालता, आत्मा एवं परमात्मा के संबंध पर अपने विचार व्यक्त किए। आपने अद्वैत की अवधारणा से आगे बढ़ते हुए जीवन, ब्रह्मांड और आत्मा के व्यापक दार्शनिक आयामों को समझाया तथा कहा कि जीवन की समाप्ति के पश्चात आत्मा का अंश परमात्मा में समाहित हो जाता है। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती वर्षा सिंह राजपूत ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

==========

आचार्य श्री अशोक सागरजी म.सा. की पावन प्रेरणा व निश्रा में 9 दिवसीय नवकार महामंत्र आराधना प्रारंभ

मंदसौर। श्री आर्यरक्षित जैन संघ तीर्थ धाम में कल शुक्रवार से 9 दिवसीय श्री नवकार महामंत्र की विशिष्ट आराधना प्रारंभ हुई है। इस आराधना में प्रतिदिन 9 दिवस तक आराधक नवकार महामंत्र के एक-एक पद की एकासने करते हुए धर्म आराधना करेंगे। आचार्य श्री की प्रेरणा से आराधकों को एकासने कराने का धर्म लाभ एक गुप्त लाभार्थी परिवार के द्वारा लिया गया है। 9 दिवसीय विशिष्ट धर्म आराधना के प्रथम दिवस आचार्य श्री सागरचन्द्र सागरजी म.सा. ने ‘णमो अरिहंताणं’ पद की महत्ता व उसका भावार्थ श्रावक-श्राविकाओं को बताया। आपने कहा कि इस पद का अर्थ है, मैं अरिहंत परमात्मा की आत्मा को नमस्कार करता हूँ जिन्होंने कर्म रूपी शत्रु का नाश किया है। ऐसे परमात्मा को मैं नमस्कार करता हूँ जो सर्वश्रेष्ठ हैं, पूजनीय हैं, उन्हें मैं नमस्कार करता हूँ। आचार्य श्री सागर आनंदजी म.सा. ने ‘णमो अरिहंताणं’ शब्द के 108 अर्थ बताये हैं। आपने कहा कि नवकार महामंत्र से बढ़कर कोई मंत्र व तत्व नहीं है। इस मंत्र में किसी एक अरिहंत, एक उपाध्याय, एक आचार्य की वंदना नहीं बल्कि इस संसार में जितने सिद्ध, अरिहंत, आचार्य, उपाध्याय व जगत के सभी साधु-संतों की वंदना की गयी है। यह मंत्र किसी पंथ का नहीं बल्कि सबके लिये है। (फोटो संलग्न है)
——————-
आसक्ति राग-द्वेष बढ़ाती है, उसका त्याग करो, समता भाव लाओ- साध्वी श्री नेहा जी म.सा.
मंदसौर। आवश्यकता व आसक्ति में अंतर है। हम जीवन निर्वहन करने के लिये आहार, वस्त्र व मकान का उपयोग करते हैं, यह हमारी आवश्यकता है। यदि हम आहार में भी विशिष्ट पकवान, वस्त्रों में रंग-बिरंगी डिजाइन व मकान की बजाय बंगले के प्रति मोह रखते हैं तो यह हमारी आसक्ति है। जीवन में हमें राग-द्वेष को घटाना है तो सर्वप्रथम पदार्थों व तत्वों के प्रति आसक्ति को छोड़ना पड़ेगा।
उक्त उद्गार प्र.पू. जैनाचार्य श्री विजयराजजी म.सा. की आज्ञानुवर्ती साध्वी श्री नेहाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा 8 ने शास्त्री कॉलोनी स्थित नवकार भवन में आयोजित व्याख्यान (धर्मसभा) में कहे। आपने शुक्रवार को यहाँ कहा कि जीवन में आवश्यकता व आसक्ति के अंतर को समझने की कोशिश करें। शरीर चलाने के लिये आहार जरूरी है, लेकिन मीठे-मीठे पकवान व तरह-तरह के नमकीन की चाह रखना और उसके बिना मन को खराब करना हमारी आसक्ति की श्रेणी में आता है। जो साधक आत्मा होती है वह पदार्थों, तत्वों के प्रति आसक्ति नहीं रखती है।
आपने कुडरिक मुनि का वृतान्त भी बताया, जिन्होंने संयम तो लिया था लेकिन बाद में उन्होंने अच्छे खान-पान की लालसा में संयम जीवन का त्याग कर दिया था। पदार्थों के प्रति आसक्ति के कारण उन्हें मृत्यु के बाद नरक गति मिली। जीवन में आसक्ति का भाव छोड़ो, समता का भाव लाओ।
आपने कहा कि जो पदार्थ हम ग्रहण करते हैं, शरीर में जाते ही उनका स्वरूप बिगड़ जाता है तथा आधा दिन या एक दिन पश्चात वही पदार्थ हमें शरीर से निकालना पड़ता है। इसलिए जीवन में पदार्थों के प्रति आसक्ति छोड़ना चाहिये। जब भी पदार्थ के प्रति आसक्ति का भाव मन में आये, उस पदार्थ की क्या गति या परिणाम होने वाला है, उसका चिंतन करें। पदार्थ के प्रति आसक्ति रखकर हमें कर्म (पाप) का बंधन नहीं करना चाहिये। जीवन में तटस्थ भाव रखो। जिस मकान में रहते हो, उसमें भी विरक्त भाव से रहो, उसके प्रति भी आसक्ति का भाव नहीं होना चाहिये।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}