समाचार मध्यप्रदेश नीमच 15 अगस्त 2026 शनिवार

//////////////////////////////////////////////
तिरंगा यात्रा और पौधारोपण से गूंजा राष्ट्रप्रेम व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नीमच, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘नवांकुर सखी हरियाली यात्रा’ अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। नवांकुर संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सुरेश लोक शिक्षण समिति द्वारा ग्वालटोली स्थित मां सरस्वती विद्यापीठ स्कूल में विद्यार्थियों की तिरंगा रैली निकाली गई। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को हर घर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर भरवड़िया रोड से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई।
इसी क्रम में ग्राम गिरडोरा में ‘नवांकुर सखी हरियाली यात्रा’ के तहत महिलाओं ने अंबे माता मंदिर से महादेव मंदिर तक कलश यात्रा निकाली। यात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में पांच पौधों का पौधारोपण कर उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।
वहीं, नवांकुर संस्था द फर्स्ट गोल सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ का संदेश दिया। इन आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
==============
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिलेभर में शिविर एवं निरीक्षण
नीमच, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जिलेभर में अधिकारियों द्वारा जनविश्वास शिविर, शासकीय संस्थानों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा समस्याओं के समयबद्ध निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अनुविभाग जावद के अंतर्गत ग्राम पंचायत धामनिया में एसडीएम श्री संजीव साहू के निर्देशानुसार जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। वहीं मनासा अनुविभाग के ग्राम पंचायत महागढ़ में एसडीएम सुश्री किरण आंजना के निर्देशन में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। एसडीएम सुश्री आंजना ने स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
जीरन में डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी श्रीमती मयूरी जोक ने नगर परिषद का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के पात्र हितग्राहियों के प्रकरण शीघ्र स्वीकृत कर ऋण वितरण कराने तथा अमृत हरित अभियान के तहत पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण पर जोर दिया। ट्रेचिंग ग्राउंड, फिल्टर प्लांट एवं प्रचलित निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार उपसंचालक कृषि श्री नगीन सिंह रावत ने हिंगोरिया, जीरन एवं हरवार क्षेत्र में खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेता प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, कैश मेमो, भाव सूची एवं लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेज संधारित रखने, किसानों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने और पक्का बिल देने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत किसानों के प्रक्षेत्रों का भ्रमण कर कीट एवं खरपतवार नियंत्रण, सुरक्षित कीटनाशक उपयोग, जल एवं पोषण प्रबंधन तथा अधिक वर्षा की स्थिति में जल निकासी के उपायों की जानकारी भी दी गई।
==========
तैराकी से तिरंगा यात्रा तक, नीमच जिले में गूंजा देशभक्ति का संदेश
नीमच, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को नीमच और जावद में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, तिरंगे के सम्मान और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
तरण ताल पुष्कर नगरपालिका परिषद नीमच में तैराकी के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया गया। स्विमिंग पूल को तिरंगे से सजाया गया तथा तैराकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक तैराकी की। विभिन्न लेन में तिरंगे के साथ तैराकी करते हुए खिलाड़ियों ने स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह और देशभक्ति की भावना प्रदर्शित की। उपस्थित नागरिकों ने भी तिरंगा लहराकर तैराकों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे सहित नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी, तैराकी प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में तहसील जावद में भी ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ विधायक महोदय की उपस्थिति में कस्बा नयागांव से हुआ। यात्रा नयागांव से खोर, हनुमंतिया, अठाना, देवनगर, मेढ़की, उम्मेदपुरा, तारापुर, जावद, पालराखेड़ा, मोड़ी, उपरेड़ा, सरवानिया महाराज एवं गणेशपुरा होते हुए सेमली में संपन्न हुई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, शासकीय अमले और आमजन ने सहभागिता कर तिरंगे के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
नीमच में तैराकी और जावद में तिरंगा यात्रा के माध्यम से आयोजित इन गतिविधियों ने खेल,राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया तथा नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
============
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत हरवार में शिविर संपन्न
समस्याओं के निराकरण के साथ उनके स्थायी समाधान पर दें जोर : विधायक श्री परिहार
जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता : कलेक्टर श्री चंद्रा
नीमच, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को ग्राम हरवार में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दूसरे चरण का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के और करीब लाना है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी आवश्यकता के अनुसार शासन की योजनाओं का लाभ मिले और उसकी समस्या का स्थायी समाधान हो, यही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निराकरण करते समय समस्या के मूल कारण को समझकर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विधायक श्री परिहार ने कहा कि सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को आवास, पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरवार-जलेश्वर मार्ग का कार्य जल्दी ही प्रारंभ कराकर पूर्ण कराया जाएगा। साथ ही हरवार डेम की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य भी शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योग एवं गोपालन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विधायक ने सभी पंचायत सचिवों एवं सरपंचों को पात्र हितग्राहियों की सूची पंचायत के सूचना पटल पर चस्पा करने तथा ग्रामसभा में उसका वाचन कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। अभियान के तहत आगामी छह माह तक प्रत्येक शुक्रवार समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि ग्राम स्तर की समस्याओं का यथासंभव स्थानीय स्तर पर ही समाधान किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए हर पात्र हितग्राही तक लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
शिविर में नामांतरण, सीमांकन, आयुष्मान कार्ड, ई-केवाईसी, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक सेवा गारंटी एवं आंगनवाड़ी सेवाओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया। शेष आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा न्यूट्री बास्केट का वितरण किया गया। रानी पिता सत्यनारायण, माता रेखा; यश पिता कालू, माता पूजा तथा तनवीर पिता मनीष, माता रीना को न्यूट्री बास्केट प्रदान की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से संबंधित विषयों की जानकारी दी तथा नागरिकों से पुलिस एवं प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, वनमंडलाधिकारी श्री एस.के. अटोदे, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री श्रुति भयडिया सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
============
कलेक्टर ने जीरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
नीमच, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को जीरन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजाl लिया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने अस्पताल परिसर, ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, प्रयोगशाला, आयुष्मान कार्ड एवं जन आरोग्य से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा मरीजों की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने जीरन में पूर्व में हुई घटना को संज्ञान में लेते हुए आउटसोर्स पर कार्यरत लैब टेक्नीशियन श्री हरीश पाटीदार को कार्य से पृथक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई लैब टेक्नीशियन अथवा स्वास्थ्य कर्मचारी अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सोनिया बैरागी को दिए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने दवाइयों की स्टॉक पंजी की भी जांच की तथा पंजी में नियमित एंट्री करने के निर्देश दिए।उन्होंने जांच रिपोर्ट की प्रक्रिया एवं उपलब्धता की जानकारी ली तथा ए.आर.वी., एंटी स्नेक वेनम सहित आवश्यक टीकों की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एनसीडी कॉर्नर में बीपी एवं शुगर जांच मशीनों तथा संबंधित पंजी का भी अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, सीएमएचओ डॉ. डी. प्रसाद, बीएमओ डॉ विजय भारती सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
===========
जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने फोफलिया में पोल्ट्री फार्म का किया निरीक्षण
स्व-सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर, पोल्ट्री व्यवसाय से परिवार की आय में हुआ इजाफा
नीमच, 14 अगस्त 2026। जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जीरन तहसील के ग्राम फोफलिया में स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा संचालित पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया। उन्होंने एनआरएलएम से लाभान्वित उजाला स्व-सहायता समूह की कृषिसखी निशार बी एवं रुकसाना बी के फार्म हाउस पहुंचकर पोल्ट्री व्यवसाय की जानकारी ली और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने महिलाओं से उनके व्यवसाय, निवेश, ऋण, आय तथा इससे परिवार के जीवन में आए बदलावों के बारे में चर्चा की। कृषिसखी निशार बी ने बताया कि उन्होंने करीब पांच वर्ष पूर्व सीएलएफ के माध्यम से 5 लाख रुपये का ऋण लिया था तथा 2 लाख रुपये स्वयं लगाए। पोल्ट्री व्यवसाय से वर्तमान में उन्हें लगभग 40 हजार रुपये प्रतिमाह की आय हो रही है।
इसी तरह रुकसाना बी ने बताया कि उजाला स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने पोल्ट्री फार्म शुरू किया। उन्होंने इस व्यवसाय के लिए 3 लाख रुपये का ऋण लिया है। वर्तमान में उनके फार्म पर करीब 1200 मुर्गी के बच्चे हैं और इससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 30 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
कलेक्टर से चर्चा के दौरान दोनों महिलाओं ने बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़कर पोल्ट्री व्यवसाय शुरू करने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। नियमित आय का साधन मिलने से वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में स्वयं भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। महिलाओं ने बताया कि उनकी आय बढ़ने से बच्चों की शिक्षा पर भी बेहतर तरीके से ध्यान दे पा रही हैं। बच्चों की पढ़ाई, परिवार की आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं में अब वे स्वयं आर्थिक रूप से भागीदारी निभा रही हैं।
महिलाओं ने बताया कि समूह से जुड़ने और स्वरोजगार शुरू करने से उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ा है। पहले जहां वे परिवार की आय के लिए दूसरों पर निर्भर थीं, वहीं अब स्वयं आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहयोग कर रही हैं।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने महिलाओं के फार्म में दाना-पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, उप संचालक पशुपालन विभाग ए.आर.धाकड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
================
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नीमच में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा करेंगे ध्वजारोहण,
भव्य परेड की लेंगे सलामी
नीमच, 14 अगस्त 2026। जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को परंपरागत गरिमा,उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय नीमच में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के परिसर में आयोजित होगा। समारोह में प्रातः 9 बजे कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी लेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण कर ली गई हैं। जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री चंद्रा द्वारा ध्वजारोहण के पश्चात परेड का निरीक्षण कर सलामी ली जाएगी।
समारोह के दौरान प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया जाएगा। मुख्यमंत्री के संदेश का भोपाल से सीधा प्रसारण जिला स्तरीय समारोह में किया जाएगा।
मुख्य समारोह में सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, वन विभाग, शौर्यादल, एनसीसी, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस दल सहित सीआरपीएफ तथा जिला पुलिस नीमच के बैंड की टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी।
समारोह में सामूहिक पीटी प्रदर्शन के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, खिलाड़ियों तथा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई है।
========
कलेक्टर ने लिया योजनाओं का जमीनी जायजा, हितग्राहियों से किया सीधा संवाद
नीमच, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को ग्राम जीरन, फोफलिया एवं हरवार का निरीक्षण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं हितग्राहीमूलक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और हितग्राहियों से सीधे संवाद किया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने जीरन स्थित शासकीय अनुसूचित जाति छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों के रहने, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीरन की कक्षा 9वीं की छात्रा अलीशा पिता राकेश से पढ़ाई एवं छात्रावास में रहने की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षिका सरोज बाला गहलोत से छात्रावास की व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की जानकारी भी ली।
इसके उपरांत कलेक्टर ने ग्राम फोफलिया में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना वर्ष 2025-26 से लाभान्वित हितग्राही शेर खां द्वारा निर्मित डकवेल रिचार्ज पिट का निरीक्षण किया। हितग्राही ने बताया कि डग वेल का निर्माण करने के बाद कुएं में पानी का जलस्तर बढ़ा है।इससे वर्षा जल का संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण होने से उन्हें बारिश के साथ-साथ गर्मी के मौसम में भी पानी की समस्या नहीं हुई।कलेक्टर ने इस पहल को जल संरक्षण की दृष्टि से उपयोगी बताते हुए हितग्राही से इसके लाभ की जानकारी ली।
डेयरी व्यवसाय से पशुपालक को प्रतिमाह करीब एक लाख रुपये की आय
हरवार में कलेक्टर श्री चंद्रा ने पशुपालक अमर सिंह नावले के डेयरी फार्म का निरीक्षण किया। पशुपालक ने बताया कि उन्होंने पशुपालन विभाग की योजना के माध्यम से 2.50 लाख रुपये का ऋण लेकर डेयरी व्यवसाय शुरू किया है। वर्तमान में उनके पास 18 मुर्रा नस्ल की भैंसें एवं एक गाय है। इनसे प्रतिदिन लगभग 80 से 90 लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है, जिससे उन्हें प्रतिमाह करीब एक लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
पशुपालक ने बताया कि डेयरी व्यवसाय से उन्हें लगातार लाभ मिल रहा है और पशुपालन उनके लिए आय का स्थायी एवं लाभकारी साधन बन गया है। कलेक्टर ने डेयरी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर पशुपालन से होने वाले लाभ एवं गतिविधियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग श्री मनोज लिथोरिया,उप संचालक पशुपालन विभाग ए.आर.धाकड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
==========
प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
नीमच, 14 अगस्त 2026। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने प्रदेशवासियों सहित नीमच जिले के सभी नागरिकों को 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया ने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा देता है। यह दिन हमें स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराते हुए राष्ट्र की सेवा, समर्पण और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।
प्रभारी मंत्री सुश्री भूरिया ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता करने की अपील की है।
========
सांसद, विधायकगणों ने दी स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं
नीमच, 14 अगस्त 2026। क्षेत्रीय सांसद श्री सुधीर गुप्ता, जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार, मनासा विधायक श्री अनिरूद्ध मारू तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जनसिंह चौहान ने जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
जनप्रतिनिधियों ने अपने शुभकामना संदेश में जिलेवासियों के सुखी, समृद्ध एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए जिले के समग्र विकास में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन, सेवा, समर्पण और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर हम सभी राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लें।
जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बनने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त करने का आह्वान किया है।
===========
कलेक्टर एवं एस.पी. ने जिलेवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
नीमच, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने जिले के सभी नागरिकों को 15 अगस्त की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
कलेक्टर एवं एस.पी. ने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस का पर्व हमें राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम एवं भाईचारे की भावना के साथ एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर हम राष्ट्र के प्रति सेवा, समर्पण और देशभक्ति का संकल्प लें तथा देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए सभी के सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की है।
कलेक्टर एवं एस.पी. ने जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
के तहत अपने-अपने घरों पर तिरंगा ध्वज फहराकर राष्ट्रीय पर्व में सहभागिता करने की अपील भी की है।
===========
मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई, करीब 3.20 लाख रुपये का घी-मावा एवं अन्य खाद्य सामग्री जप्त
नीमच, 14 अगस्त 2026। नियंत्रक,खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश भोपाल एवं कलेक्टर नीमच के निर्देश तथा अपर कलेक्टर एवं जिला अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई लगातार जारी है। विगत दो दिनों में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर घी, मावा एवं ईसबगोल हस्क सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए तथा करीब 3 लाख 19 हजार 500 रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की।
12 अगस्त को कार्तिक एक्सपोर्ट का निरीक्षण
एफएसएसएआई पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के निराकरण के लिए बालाजी गणेश मार्केट, स्टेशन रोड स्थित कार्तिक एक्सपोर्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां विक्रय एवं पैकिंग के लिए रखे ईसबगोल हस्क, मेथी पाउडर, कलौंजी पाउडर, शॉप पाउडर एवं जीरा के कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए। ईसबगोल हस्क का शेष स्टॉक, जिसकी अनुमानित कीमत 6,500 रुपये है, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत जप्त किया गया। फर्म द्वारा अमेजन,फ्लिपकार्ट आदि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से खाद्य पदार्थों का विक्रय किया जाता है।
इसी दिन शिकायत के आधार पर भरभड़िया रोड स्थित श्री मारुति नमकीन भंडार का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां मावा लड्डू विक्रय के लिए भंडारित पाए गए तथा मूंगफली के तेल से खाद्य पदार्थों का निर्माण किया जा रहा था। मावा लड्डू, मूंगफली तेल, अजवाइन एवं सौंफ के नमूने जांच के लिए लिए गए। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।
13 अगस्त को तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
हेमु कलानी चौराहा स्थित नाहर ट्रेडिंग कंपनी के निरीक्षण के दौरान प्योराश्योर ब्रांड का 4.5 लीटर एवं 900 एमएल पैकिंग वाला घी पाया गया। दोनों पैकिंग के नमूने जांच के लिए लिए गए तथा शेष स्टॉक, जिसकी अनुमानित कीमत 41 हजार रुपये है, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अधिग्रहित किया गया।
माणक टॉकीज के सामने नीमच सिटी रोड स्थित मावा भंडार के निरीक्षण में मावा भंडारित पाया गया। मिलावटी होने की आशंका के चलते मावे का नमूना जांच के लिए लिया गया तथा शेष मावा, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये है, जप्त कर फ्रिज में सीलबंद किया गया।
इसी क्रम में बंगला नंबर 46, सी आर्वपिलरोड स्थित सागर सेल्स एजेंसी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां श्री सरस ब्रांड का विभिन्न पैकिंग में घी भंडारित पाया गया। 900 एमएल, 450 एमएल, 200 एमएल, 15 किलोग्राम एवं 4.5 किलोग्राम पैकिंग के घी के कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए। शेष स्टॉक को अधिग्रहित कर सीलबंद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 60 हजार रुपये है।
कुल 17 नमूने लिए गए – खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा विगत दो दिनों की कार्रवाई में घी सहित कुल 17 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूने खाद्य विश्लेषक, राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक संबंधित खाद्य पदार्थों का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है, कि खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा जिले में विगत दिनों में घी एवं मावा के 23 नमूने लिए जा चुके हैं तथा लगभग 9 लाख रुपये मूल्य का घी जप्त किया गया है। मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी, यशवंत कुमार शर्मा एवं खाद्य सुरक्षा टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
========
जिले में अब तक औसत 492.8 मि.मी. वर्षा दर्ज
नीमच 14 अगस्त 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 492.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 725.0 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।
अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से 14 अगस्त 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का विवरण इस प्रकार है- नीमच में 512.5 मि.मी., जावद में 435.0 मि.मी., मनासा में 437.0 मि.मी.तथा सिंगोली में 586.7 मि.मी. तथा मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 660.0 मि.मी., जावद में 738.0 मि.मी., मनासा में 538.0 मि.मी. तथा सिंगोली में 964.3 मि.मी. तथा वर्षा दर्ज की गई थी।
इसी प्रकार, 14 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 17.4 मि.मी.वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान नीमच तहसील में 1.0 मि.मी., जावद में 18.0 मि.मी., सिंगोली में 50.8 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई तथा मनासा में वर्षा दर्ज नहीं की गई है।
============
अवैध खनिज परिवहन पर कलेक्टर की सख्ती,
वाहन मालिकों पर 57 हजार से अधिक की शास्ति अधिरोपित
नीमच 14 अगस्त 2026, जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत दो प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिक पर 57 हजार रूपये से अधिक की शास्ति अधिरोपित की है। कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर की गई।
जिला खनिज अधिकारी के अनुसार 7 अगस्त 2026 को तहसील जावद के ग्राम कानका में जांच के दौरान ट्रेक्टर क्रमांक MP44AB0424 से खण्डा पत्थर का अवैध परिवहन किया जाना पाया गया। प्रकरण में वाहन मालिक मोहनी पति नगजीराम किर, निवासी चेनपुरा खदान, तहसील नीमच के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 600 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है।
इसी प्रकार 7 अगस्त 2026 को तहसील मनासा में जांच के दौरान ट्रेक्टर क्रमांक MP14ZB4203 से रेत का अवैध परिवहन किया जाना पाया गया। प्रकरण में वाहन मालिक अर्जुन पिता कैलाशचंद्र राठौर, निवासी वार्ड नं.4 मनासा, तहसील मनासा के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 3 हजार 750 रुपये तथा 25 हजार रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 28 हजार 750 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि अधिरोपित शास्ति राशि निर्धारित अवधि में शासकीय कोष में जमा कराई जाए। शास्ति राशि जमा होने के बाद नियमानुसार जब्त वाहन को मुक्त किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध प्रचलित प्रावधानों के तहत भू-राजस्व की भांति वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
=======
उल्टा तिरंगा थामने के मामले में विधायक सकलेचा व पार्षद सोनी पर FIR की मांग
युवा कांग्रेस ने जावद थाना प्रभारी मनोज जादोन को सौंपा ज्ञापन, वीडियो-फोटो की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
जावद । 13 अगस्त को सिंगोली से झांतला तक निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान का मामला सामने आने के बाद युवा कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग उठाई है। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन सिंह ‘मन्नू बना’ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जावद थाने पहुंचकर थाना प्रभारी मनोज जादोन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जावद विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा तथा सिंगोली नगर परिषद के वार्ड-6 के पार्षद सुनील कुमार सोनी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सिंगोली से झांतला के बीच निकाली गई तिरंगा यात्रा और झांतला में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा प्रदर्शित किया गया। कांग्रेस का कहना है कि सार्वजनिक रूप से प्रसारित वीडियो फुटेज और तस्वीरों में विधायक ओमप्रकाश सकलेचा को यात्रा के दौरान उल्टा तिरंगा हाथ में लेकर चलते और लहराते हुए देखा जा सकता है। इसी तरह झांतला प्रतिमा स्थल पर पार्षद सुनील कुमार सोनी द्वारा भी उल्टा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और लहराने का आरोप लगाया गया है।
वीडियो-फोटो की तकनीकी जांच की मांग-
युवा कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से सिंगोली से झांतला के बीच हुई तिरंगा यात्रा और कार्यक्रम के दौरान बनाए गए सभी वीडियो फुटेज एवं फोटो साक्ष्यों की तकनीकी और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही ज्ञापन में राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 सहित अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग रखी गई। ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्रध्वज देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। इसलिए उसके सम्मान को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही या अनादर को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। युवा कांग्रेस ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
FIR नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी-
युवा कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी भी दी है कि यदि विधायक और पार्षद के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज नहीं की जाती है तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से पूरे जिले में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन में आंदोलन की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होने की बात कही गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन सिंह ‘मन्नू बना’, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिंह, शोकिन धाकड़, राजेश राठौड़, फ़ज़ल नबी, महेश चौधरी, युवराज झरिया, देवेंद्र पाटीदार, शैलेन्द्र सिंह, पंकज ऐरन और महेश वर्मा सहित युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
======
विभाजन विभीषिका दिवस पर गोष्ठी आज
अखिल भारतीय साहित्य परिषद जिला नीमच द्वारा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विचार व कवि गोष्ठी का आयोजन 14 अगस्त संध्या 7 बजे से अन्नपूर्णा सेवा न्यास कार्यालय , अम्बेडकर रोड़ नीमच पर किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए महासचिव अम्बिका प्रसाद जोशी ने बताया कि इस गोष्ठी में विभाजन के शिकार नागरिकों के त्याग और बलिदान का स्मरण किया जाएगा।आपने सुधि श्रोताओं से इस गोष्ठी में सहभागिता करने की अपेक्षा की है।




