नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 11 अगस्त 2026 मंगलवार

///////////////////////////////////////

अवैध खनिज परिवहन पर कलेक्टर की सख्ती, वाहन मालिक पर 1.06 लाख की शास्ति अधिरोपित

नीमच, 10 अगस्त 2026। जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत एक प्रकरण में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन मालिक पर एक लाख 6 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित की है। कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर की गई।

जिला खनिज अधिकारी के अनुसार 31 जुलाई 2026 को तहसील मनासा के ग्राम रामपुरा रोड मनासा में जांच के दौरान डम्पर क्रमांक MP44GA1404 से मुरूम का अवैध परिवहन किया जाना पाया गया। प्रकरण में वाहन मालिक शोभाराम पिता दुरगालाल चंदेल, निवासी सावनकुण्ड, तहसील नीमच के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

प्रकरण में रॉयल्टी की 15 गुना राशि 6 हजार रुपये तथा एक लाख रुपये पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल एक लाख 6 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि अधिरोपित शास्ति राशि निर्धारित अवधि में शासकीय कोष में जमा कराई जाए। शास्ति राशि जमा होने के बाद नियमानुसार जब्त वाहन को मुक्त किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में राशि जमा नहीं किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध प्रचलित प्रावधानों के तहत भू-राजस्व की भांति वसूली की कार्रवाई की जाएगी

========

जिले में अब तक औसत 360.4 मि.मी. वर्षा दर्ज

नीमच 10 अगस्‍त 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 360.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में जिले में औसत 724.8 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।

अधीक्षक भू-अभिलेख, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 से 10 अगस्‍त 2026 की प्रातः 8 बजे तक जिले की चारों तहसीलों में वर्षा का विवरण इस प्रकार है- नीमच में 425.5 मि.मी., जावद में 282.0 मि.मी., मनासा में 325.0 मि.मी.तथा सिंगोली में 409.2 मि.मी. तथा मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।

गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 659.0 मि.मी., जावद में 738.0 मि.मी., मनासा में 538.0 मि.मी. तथा सिंगोली में 964.3 मि.मी. तथा वर्षा दर्ज की गई थी।

इसी प्रकार, 10 अगस्‍त 2026 को प्रातः 8 बजे तक बीते 24 घंटों में जिले में औसतन 9.2 मि.मी.वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान नीमच तहसील में 9.0 मि.मी., जावद में 4.0 मि.मी., मनासा में 4.0 मि.मी. वर्षा तथा सिंगोली में 20.1 मि.मी.वर्षा दर्ज की गई है।

======

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा

ग्रामीण विकास योजनाओं को गति देने कलेक्टर ने तय किए लक्ष्य,

लापरवाही पर कार्रवाई के दिए निर्देश

नीमच 10 अगस्त 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कलेक्टर सभागार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक विलंब एवं उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्लानर सॉफ्टवेयर पर लंबित ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिन्हित कार्यों को सिपरी पोर्टल पर जियोटैग कराकर अनुमोदित कराने तथा सभी ग्राम पंचायतों में श्रमिक नियोजन सुनिश्चित करने को कहा। सक्रिय श्रमिकों की लंबित ई-केवाईसी भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

‘एक बगिया मां के नाम’ परियोजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पौधारोपण, पोल एवं फेंसिंग कार्यों की वास्तविक स्थिति प्रस्तुत करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं गंगोत्री हरित परियोजना अंतर्गत ग्राम पंचायत लासूर में वृक्षारोपण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका गतिविधियों के विस्तार पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने नए हितग्राहियों का सर्वे एवं मोबाइल वेरिफिकेशन एक माह में पूर्ण कराने तथा सीसीएल, पीएमएफएमई एवं पीएम मुद्रा योजना में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पशुपालन आधारित ऋण प्रकरणों को प्राथमिकता से स्वीकृत कराने को कहा। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने तथा जिले में एक हजार से अधिक नए स्व-सहायता समूह गठित करने के निर्देश जिला परियोजना प्रबंधक को दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आगामी माह में जिले को प्रदेश में द्वितीय स्थान तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने जनपद पंचायत जावद, मनासा एवं नीमच को लक्ष्य के अनुरूप आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

वर्ष 2021-22 के लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा वर्ष 2025-26 के लंबित स्वीकृत आवासों की आवश्यक प्रक्रिया तत्काल पूरी करने को कहा।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छता कर संग्रहण, नियमित कचरा संग्रहण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी प्रतिबंध की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन व्यवस्थाओं को अन्य पंचायतों एवं ग्रामों में भी प्रभावी रूप से लागू करने तथा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

वाटरशेड योजना के लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पाल निर्माण एवं पिचिंग कार्यों में तेजी लाने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश

कलेक्टर ने आगामी स्वतंत्रता दिवस को दृष्टिगत रखते हुए तीनों जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को साइकिल-बाइक रैली, तिरंगा यात्रा, रन फॉर यूनिटी सहित देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत,तीनों जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक, परियोजना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

=========

भाजपा जिला नीमच की मासिक कामकाजी बैठक सम्पन्न

बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त एवं मजबूत करें कार्यकर्ता : सुरेश आर्य

9 से 15 अगस्त तक सभी मंडलों में निकलेगी तिरंगा यात्रा : श्रीमती वंदना खंडेलवाल

नीमच। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष  नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष  हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच की मासिक कामकाजी बैठक रविवार, 9 अगस्त को होटल क्लब स्काई पार्क में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी अभियानों एवं कार्यक्रमों तथा पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, भाजपा संभाग प्रभारी  सुरेश आर्य, जिला संगठन प्रभारी  सुभाष पटेल, सांसद  सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, विधायक  दिलीप सिंह परिहार, पूर्व मंत्री विधायक  ओमप्रकाश सखलेचा, विधायक  अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष  सज्जन सिंह चौहान, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा, जिला महामंत्री  धन सिंह कैथवास,  नरेंद्र मालवीय एवं  अशोक विक्रम सोनी सहित जिला पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। वंदे मातरम् का गायन कोषाध्यक्ष श्रीमती हेमलता धाकड़ ने किया। इसके पश्चात जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों ने अतिथियों का भाजपा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह प्रभारी शुभम शर्मा ने बताया कि बैठक को संबोधित करते हुए संभाग प्रभारी  सुरेश आर्य ने संगठनात्मक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त एवं मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने 9 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाली तिरंगा यात्राओं में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने संत श्री रविदास जी महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
संभाग प्रभारी सुरेश आर्य ने कहा कि Gen-Z युवा वर्ग तक संगठन की पहुंच बढ़ाना आवश्यक है, ताकि युवाओं को भाजपा की विचारधारा एवं सरकार की उपलब्धियों से जोड़ा जा सके। उन्होंने बूथ डिजिटलीकरण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा आगामी त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों में अभी से पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
जिला संगठन प्रभारी  सुभाष पटेल ने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रशिक्षण, सक्रियता और नियमित समीक्षा से सुनिश्चित होती है। उन्होंने जिले के सभी मंडलों के संगठनात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की सक्रियता है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
सांसद  सुधीर गुप्ता ने युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि बूथ सशक्तिकरण अभियान, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों में नीमच जिला लगातार प्रदेश में अपनी पहचान बना रहा है। इन अभियानों में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा जिन पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, वे अनुशासन एवं समर्पण के साथ संगठनात्मक कार्यों को धरातल पर उतारें।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य निरंतर जारी है। मंडल एवं मोर्चा बैठकों, संत रविदास जयंती, गुरु पूर्णिमा सहित विभिन्न कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी मंडलों में बूथ डिजिटलीकरण का कार्य लगभग 80 से 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। बड़ी संख्या में बूथों पर 21 सदस्यीय बूथ समितियों का गठन किया जा चुका है तथा मतदाता सूची वितरण का कार्य भी प्रारंभ हो गया है।
श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने कहा कि 9 से 15 अगस्त तक सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें यात्रा प्रभारियों के साथ वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी सहभागिता करेंगे। उन्होंने प्रत्येक घर पर तिरंगा लगाने तथा निर्धारित समय पर सम्मानपूर्वक तिरंगा उतारने की अपील की। तिरंगा यात्रा को प्रभावी एवं जनभागीदारी वाला बनाने के लिए टोलियों का गठन किया गया है। यात्रा में महिलाओं, युवाओं, प्रबुद्धजनों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का शुभारंभ एवं समापन महापुरुषों के स्थानों से किया जाए। आगामी चुनावों की दृष्टि से कार्यकर्ताओं को अभी से जुटकर संगठन को और अधिक मजबूत करना होगा।
बैठक में विधानसभा स्तर पर आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना से अवगत कराते हुए नीमच विधायक  दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक  ओमप्रकाश सखलेचा एवं मनासा विधायक  अनिरुद्ध माधव मारू ने अपनी-अपनी विधानसभा में तिरंगा यात्रा एवं संत श्री रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी दी।
बैठक में बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, पार्टी पदाधिकारी, मोर्चा प्रकोष्ठ के सदस्यगण , जनप्रतिनिधिगण एवं अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष  आदित्य मालू ने किया तथा आभार जिला महामंत्री  धन सिंह कैथवास ने माना।

======

1.44 करोड़ की लागत से बनी सेमली चक सड़क का लोकार्पण

 क्षेत्र का विकास और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता-विधायक परिहार

नीमच। नीमच विधानसभा के उत्तर मंडल क्षेत्र में नीमच-सिंगोली मुख्य मार्ग से सेमली चक तक ₹1.44 करोड़ की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण महामंडलेश्वर 1008 श्री सुरेशानंद सरस्वती जी महाराज के पावन सान्निध्य में किया गया।

इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि क्षेत्र के विकास में सड़कें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा से आवागमन सुगम होने के साथ-साथ किसानों, विद्यार्थियों और आमजन को सुविधा मिलती है। प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के अनुरूप नीमच विधानसभा में निरंतर विकास कार्यों को गति दी जा रही है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तरह बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।

विधायक परिहार ने कहा कि नीमच विधानसभा के प्रत्येक गांव का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सेमली चक तक बनी यह सड़क क्षेत्रवासियों के लिए आवागमन को सुगम बनाने के साथ विकास की गति को और तेज करेगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजू नागदा, मंडल महामंत्री ममता नागदा, सतीश यादव, जिला उपाध्यक्ष निलेश पाटीदार, दक्षिण मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर, जिला मंत्री रोशन वर्मा, सरपंच श्रीमती बाबू कुंवर चंद्रावत, किसान मोर्चा जिला महामंत्री सूरज सिंह शक्तावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक नागदा, राजेश पाटीदार, किशन शर्मा एवं ओमसिंह हाड़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा

₹1.44 करोड़ की लागत से निर्मित सड़क से सेमली चक सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण एवं विकास कार्य के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार के प्रति आभार व्यक्त किया।

==========

चकसोडीझर एवं बावड़ा में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर किया गया आयोजित

95 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का किया गया वितरण

नीमच, 10 अगस्त 2026। आयुष विभाग के अंतर्गत जिले में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो स्थानों पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कुल 95 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर थडोद द्वारा ग्राम चकसोडीझर में आयोजित शिविर में मरीजों की बीपी एवं शुगर की जांच की गई। शिविर में आमवात, चर्मरोग, श्वास-कास, अग्निमांद्य, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, विबंध, प्रवाहिका, अर्श, प्रदर, अम्लपित्त एवं शिरशूल सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उपचार एवं औषधियां प्रदान की गईं। शिविर में 54 रोगी लाभान्वित हुए। इस दौरान चिकित्सक डॉ. आर.पी. वर्मा एवं श्रीमती संजू भदौरिया ने सेवाएं दीं।

इसी क्रम में शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय बावड़ा में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों एवं अन्य लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर त्वचा रोग, उदर रोग, नेत्र रोग, श्वास-कास, अम्लपित्त, अग्निमांद्य, विबंध, उदर शूल, अतिसार, संधिवात तथा नाक-कान-गला संबंधी रोगों की जांच एवं उपचार किया गया। कुल 41 लाभार्थियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।

शिविरों में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को वर्षा ऋतु में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव, नशामुक्ति, तनाव प्रबंधन, स्वस्थ दिनचर्या तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। विद्यालय में विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई तथा नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।

बावड़ा में आयोजित शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ.आबिद खान, कंपाउंडर गोपाल कृष्ण गंधर्व, शाला के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, पंचायत सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

============

ग्रामीण युवक-युवतियों के लिए नि:शुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण

ब्यूटी पार्लर, बकरी पालन, सिलाई, डेयरी फार्मिंग एवं कृषि उद्यमिता का मिलेगा प्रशिक्षण

नीमच, 10 अगस्त 2026। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, नीमच द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न रोजगारमूलक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ब्यूटी पार्लर, बकरी पालन, सिलाई, डेयरी फार्मिंग, वर्मी कम्पोस्ट एवं कृषि उद्यमिता से संबंधित प्रशिक्षण नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा।

संस्थान द्वारा आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षणों में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण महिलाओं के लिए 13 अगस्त 2026 से 35 दिवस, बकरी पालन प्रशिक्षण 19 अगस्त 2026 से 12 दिवस, डेयरी फार्मिंग, वर्मी कम्पोस्ट एवं कृषि उद्यमिता प्रशिक्षण 18 अगस्त 2026 से 13 दिवस तथा सिलाई प्रशिक्षण महिलाओं के लिए 31 दिवस का होगा।

प्रशिक्षण के लिए पंजीयन प्रारंभ हो चुके हैं। प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। प्रशिक्षण का लाभ केवल नीमच जिले के ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां ले सकेंगे।

प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रशिक्षण अवधि में आवास, भोजन एवं नाश्ते की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक प्रशिक्षणार्थियों के ऋण आवेदन भी प्रशिक्षण केंद्र पर ही भरवाए जाएंगे। बैंकिंग संबंधी जानकारी एवं समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान पशु चिकित्सा, कृषि, उद्यानिकी एवं अन्य संबंधित विभागों के अनुभवी वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। संबंधित विभागों की ऋण योजनाओं एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी प्रशिक्षणार्थियों को प्रदान की जाएगी।

इच्छुक प्रशिक्षणार्थी 4 पासपोर्ट साइज फोटो तथा आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड एवं अंकसूची की 3-3 छायाप्रतियां लेकर आवेदन जमा कर सकते हैं।

आवेदन भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, हवाई पट्टी के सामने, विश्राम भवन के पास, चीताखेड़ा मेन रोड, नीमच में जमा किए जा सकते हैं।

प्रशिक्षण एवं पंजीयन संबंधी जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मोबाइल नंबर 9111053516, 9074201015, 9009684125 एवं 7898187819 पर संपर्क कर सकते हैं। ग्रामीण युवक-युवतियों से इन नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है।

============

हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित

आज विद्यालयों में हुई तिरंगा प्रश्नोत्तरी, विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया भाग

नीमच, 10 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार और कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को तिरंगे के महत्व और देश के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ा जा रहा है।

इसी क्रम में 10 अगस्त को विद्यालयों में तिरंगा प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीआरपीएफ नीमच, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेवली-देवली और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कछरौद में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों से तिरंगे के इतिहास, उसके स्वरूप, तीनों रंगों के महत्व, अशोक चक्र, स्वतंत्रता आंदोलन और नागरिक कर्तव्यों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए।

अभियान के तहत 11 अगस्त को तिरंगे से संबंधित चित्रकला,12 अगस्त को तिरंगा रैली,13 अगस्त को तिरंगा साइकिल रैली,14 अगस्त को तिरंगा सजावट और 17 अगस्त को मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा।

विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना है। अभियान के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता से विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विद्यालयों में होने वाली गतिविधियों के छायाचित्र भी संबंधित विद्यालय गतिविधि समूह में साझा किए जा रहे हैं।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के विद्यालयों में हो रही गतिविधियां विद्यार्थियों को देश के राष्ट्रीय प्रतीक और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का काम कर रही हैं।

========

सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार 2025-26 के लिए किसानों से 31 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

नीमच, 10 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा कृषि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। जिले के किसानों एवं कृषक समूहों से विकासखंड एवं जिला स्तरीय पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिले के तीनों विकासखंडों से पांच-पांच सर्वोत्तम किसानों का चयन किया जाएगा। इनमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी क्षेत्र से एक-एक किसान शामिल होगा। चयनित प्रत्येक किसान को 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं जिला स्तरीय पुरस्कार के लिए कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी क्षेत्र में चयनित प्रत्येक सर्वोत्तम कृषक को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

31 अगस्त तक जमा करें आवेदन

विकासखंड एवं जिला स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए 31 अगस्त 2026 तक आवेदन प्रस्तुत किए जा सकते हैं। गठित चयन समिति द्वारा 15 सितम्बर 2026 तक विकासखंड स्तरीय सर्वोत्तम कृषकों का चयन किया जाएगा। चयनित कृषकों के नाम जिला स्तरीय पुरस्कार के लिए राज्य स्तर पर परीक्षण हेतु 30 सितम्बर 2026 तक भेजे जाएंगे। राज्य स्तर पर परीक्षण एवं चयन की प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण की जाएगी। चयनित कृषकों के पुरस्कार के लिए प्रमाण-पत्र तैयार किए जाएंगे तथा पूरे प्रदेश में एक साथ 26 जनवरी 2027 को सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

कलेक्टर होंगे चयन समिति के अध्यक्ष

विकासखंड स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए गठित चयन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर होंगे। परियोजना संचालक आत्मा समिति के सदस्य सचिव रहेंगे। उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग के जिला प्रमुख तथा कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी समिति के सदस्य होंगे।

परियोजना संचालक आत्मा डॉ. यतिन कुमार मेहता ने जिले के किसानों एवं कृषक समूहों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण कृषि कार्यों के आधार पर अधिकाधिक संख्या में आवेदन प्रस्तुत करें।

किसान अपने आवेदन पत्र संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी/ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर कार्यालय अथवा संबंधित उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन बंद लिफाफे में 31 अगस्त 2026 तक संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

=============

हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में होंगे व्यापक आयोजन

कलेक्टर ने व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजन के दिए निर्देश

नीमच, 10 अगस्त 2026। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा देने के साथ स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के त्याग और बलिदान से जनसामान्य को परिचित कराने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी क्रम में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा।

अभियान की तैयारियों एवं गतिविधियों के संबंध में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, क्लबों तथा गणमान्य नागरिकों से अभियान के दौरान आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के संबंध में सुझाव लिए गए।

बैठक में तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, मैराथन, साइक्लोथॉन, तिरंगा बाइक रैली, मानव श्रृंखला, तिरंगा सजावट, तिरंगा प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी एवं देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर चर्चा की गई। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी के साथ गतिविधियां आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया।

भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित गतिविधियों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ा गया है। अभियान अवधि में आयोजित प्रत्यक्ष कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का फहराना एवं प्रदर्शन शामिल रहेगा।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विभाजन के दौरान विस्थापन एवं अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए मौन जुलूस एवं श्रद्धांजलि सभा सहित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभाजन से प्रभावित परिवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराने तथा नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास से परिचित कराने पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव,अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश,तीनों अनुविभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धार्वे, श्रीमती मयूरी जोक, डिप्टी कलेक्टर श्रुति भयडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा आरोग्य भारती,अग्रवाल समाज,बोहरा समाज, खंडेलवाल वैश्य समाज, रोटरी क्लब,इनरव्हील क्लब, नीमच जिला बस ऑपरेटर एसोसिएशन,फुटकर किराना व्यापारी संघ,संकल्प पर्यावरण संस्था,स्वच्छता विकास कृति संस्था सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

=====

ECINET बना निर्वाचन सेवाओं का लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म

10.80 करोड़ यूजर्स ने डाउनलोड किया ऐप, एक ही मंच पर मिल रहीं सभी प्रमुख चुनावी सेवाएं

मतदाता पंजीकरण से लेकर e-EPIC, शिकायत निवारण और चुनावी जानकारी तक सुविधाएं उपलब्ध

नीमच 10 अगस्‍त 2026, भारत निर्वाचन आयोग का ECINET नामक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म उपयोगिता के लिहाज से लोकप्रिय हो रहा है। आयोग के इस मोबाइल ऐप को लगभग 10 करोड़ 80 लाख यूजर्स ने डाउनलोड किया है। यह प्लेटफॉर्म निर्वाचन संबंधी सभी जानकारी एवं सेवाओं के लिए एक समग्र डिजिटल मंच है। ECINET की परिकल्पना भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी के साथ मिलकर की थी। इसके विकास की घोषणा मई 2025 में की गई थी। इसका शुभारंभ दिल्ली में 22 जनवरी 2026 को किया गया था।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार का कहना है कि ECINET का विकास पूर्णतः विधिक प्रावधानों के अनुरूप है। यह प्लेटफॉर्म हिंदी-अंग्रेजी सहित संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं में उपलब्ध है। सूचना प्रौद्योगिकी की महानिदेशक डॉ. सीमा खन्ना ने अनुसार इस मोबाइल ऐप को कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल पर प्ले स्टोर से डाउनलोड़ कर सकता है। उन्होंने बताया कि आज प्रौद्योगिकी केवल सहायक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक रणनीतिक सशक्त माध्यम बन चुकी है। ECINET चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता, विश्वसनीयता तथा जनविश्वास को और मजबूत कर रहा है।

विश्व का सबसे बड़ा निर्वाचन सेवा प्लेटफॉर्म

ECINET विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत की निर्वाचन सेवाओं को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने वाला विश्व का सबसे बड़ा निर्वाचन सेवा प्लेटफॉर्म है। इसमें भारत निर्वाचन आयोग के 40 से अधिक मोबाइल ऐप एवं पोर्टलों का एकीकरण किया गया है। इस प्लेटफॉर्म का विकास भारत के संविधान, जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 एवं 1951, निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 तथा निर्वाचन संचालन नियम, 1961 के पूर्ण अनुपालन में किया गया है।

अब मतदाता, चुनाव अधिकारी, राजनीतिक दल एवं अन्य हितधारकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी प्रमुख निर्वाचन सेवाएं उपलब्ध हैं। ECINET का उद्देश्य अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने और अलग-अलग लॉगिन की आवश्यकता समाप्त कर निर्वाचन सेवाओं को अधिक सरल, सुगम और डिजिटल बनाना है।

ECINET नागरिकों, अभ्यर्थियों, राजनीतिक दलों तथा निर्वाचन अधिकारियों को एक सुरक्षित मंच पर जोड़ता है। इसके माध्यम से मतदाता पंजीकरण, निर्वाचक नामावली में खोज, आवेदन की स्थिति की जानकारी, उम्मीदवार संबंधी जानकारी, निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क, बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) से कॉल बुक करने की सुविधा, ई-EPIC डाउनलोड, मतदान रुझान तथा शिकायत निवारण सहित अनेक महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध है।

ECINET पर इंडेक्स कार्ड एवं सांख्यिकीय प्रतिवेदन प्रकाशित

ECINET के माध्यम से विधानसभा आम निर्वाचन एवं उपचुनाव-2026 के इंडेक्स कार्ड मतदान परिणाम घोषित होने के रिकॉर्ड 72 घंटे के भीतर उपलब्ध करा दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इंडेक्स कार्ड एवं सांख्यिकीय प्रतिवेदनों के डिजिटल अद्यतन एवं त्वरित प्रकाशन की व्यवस्था निर्वाचन आयोग द्वारा पिछले एक वर्ष में शुरू की गई 30 से अधिक प्रमुख पहलों में से एक है। ECINET के प्रारंभ होने से पहले यह प्रक्रिया कई सप्ताह से लेकर कई महीनों तक चलती थी, क्योंकि क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा आंकड़ों का संकलन एवं प्रविष्टि मैन्युअल रूप से की जाती थी। इंडेक्स कार्ड में अभ्यर्थियों, मतदाताओं, डाले गए मतों, मतगणना, राजनीतिक दलवार एवं प्रत्याशीवार प्राप्त मतों सहित निर्वाचन से संबंधित विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। ये इंडेक्स कार्ड ECINET ऐप (About Elections → Current Elections → Index Cards) पर उपलब्ध हैं।

ECINET से किए जाने वाले प्रमुख कार्य

• नया मतदाता पंजीकरण (Voter Registration) कर सकते हैं।

• मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं।

• वोटर आईडी या अन्य आवेदन की प्रगति को जांच सकते हैं।

• यहां से डिजिटल वोटर आईडी (e-Voter Card) डाउनलोड कर सकते हैं।

• मतदाता पहचान पत्र संबंधी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

• BLO (Booth Level Officer) से संपर्क या कॉल बुक कर सकते हैं।

• दिव्यांग मतदाताओं (Saksham) के लिए सुविधाएँ उपलब्ध हैं।

• यहां प्रत्याशियों का विवरण, शपथ पत्र और अन्य जानकारी देख सकते हैं।

• आदर्श आचार संहिता (MCC) उल्लंघन की शिकायत कर सकते हैं।

• वर्तमान चुनाव की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

• पिछले चुनावों की जानकारी और विवरण देख सकते हैं।

• मतदान के दौरान मतदान प्रतिशत और रुझान देख सकते हैं।

ECINET मोबाइल ऐप को ऐसे कर सकते हैं डाउनलोड़

भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं। एंड्राइड एवं आईएसओ दोनों वर्जन की लिंक यहां उपलब्ध है। आप यहां क्यूआर कोड स्कैन करके भी ऐप को डाउनलोड़ कर सकते हैं। लिंक https://www.eci.gov.in/ict-app?utm

मीडिया के लिए ECINET की उपयोगिता

ECINET ऐप मीडिया के लिए चुनावी जानकारी का एक विश्वसनीय, केंद्रीकृत और उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, तथ्यपरक और तेज चुनावी रिपोर्टिंग में सहायक है। इस ऐप में निर्वाचन संबंधी कई प्रकार की प्रमाणिक और आधिकारिक जानकारी उपलब्ध होती हैं। इनमें से कुछ इस प्रकार हैं।

• मतदाता सूची, मतदान केंद्र, चुनाव कार्यक्रम और अन्य चुनावी सेवाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है।

• चुनाव कवरेज के दौरान तथ्यों का त्वरित सत्यापन (Fact Verification) करने में मदद मिलती है।

• निर्वाचन आयोग द्वारा जारी महत्वपूर्ण अपडेट और सूचनाओं तक शीघ्र पहुंच मिलती है।

• चुनावी रिपोर्टिंग के लिए विश्वसनीय एवं आधिकारिक डेटा उपलब्ध होने से समाचारों की सटीकता बढ़ती है।

• चुनाव संबंधी विभिन्न सेवाओं और सूचनाओं के लिए अलग-अलग ऐप या वेबसाइट पर जाने की आवश्यकता कम हो जाती है, जिससे समय की बचत होती है।

========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}