समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 11 अगस्त 2026 मंगलवार

/////////////////////////////////////
जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर और अधिक प्रभावी बनेंगे
कलेक्टर ने समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
मंदसौर 10 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में आगामी शिविरों को और अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी की जा रही है। सोमवार को समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य शिविर के पूर्व दिवसों में ही अपनी विभाग संबंधी समस्याएं और शिकायतो का निराकरण पूर्व तैयारी के रूप में कर लिया जाए जिससे कि लक्ष्य शत प्रतिशत हासिल किये जा सके। कलेक्टर ने बैठक में शासकीय विभागों द्वारा संचालित योजनाओं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जेन, संयुक्त कलेक्टर सुश्री प्रीति संघवी, एसडीएम श्री शुभम पाटीदार तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का जिले में क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी ढंग से आगामी दिनों किया जाना है अभियान के अंतर्गत शिविर में दिव्यांगों के कल्याण संबंधी कार्य, जाति प्रमाण पत्र तथा हितग्राहियों को लाभान्वित करने संबंधी कार्य किए जाने हैं। अधिकारी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण का कार्य भी अभियान भ्रमण के दौरान करेंगे इसके लिए अधिकारी पहले से ही तैयारी रखें अपनी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को संबंधित क्षेत्र के लिए पूर्व से ही लिस्टेड कर ले। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत उद्यम संवाद के अलावा वे हितग्राही भी उपस्थित रहेंगे जिन्होंने उपलब्धियां अर्जित की है। कलेक्टर द्वारा शिविर स्थल पर पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने विगत समय सीमा बैठक में दिए गए निर्देशों का फॉलो अप भी इस बैठक में लिया। विगत निर्देशों के पालन में अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई से अवगत हुए। इस तारतम्य में जर्जर मकानो को ध्वस्त करने की कार्रवाई का फीडबैक लिया, वर्षा ऋतु के दृष्टिगत नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल भराव के संभावित स्थलों की जानकारी प्राप्त की, जलभराव के दौरान वैकल्पिक व्यवस्थाओं के संबंध में नियोजित ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए नगर पालिकाओं द्वारा की जाने वाली कर वसूली की समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर द्वारा सार्थक ऐप पर अटेंडेंस, कोर्ट में अवमानना प्रकरणों की स्थिति, पीएम श्रम योगी मानधन योजना के तहत पंजीयन के संबंध में भी दिशा निर्देश दिए, हर घर तिरंगा अभियान के तहत किए जाने वाले आयोजनों के संबंध में सीईओ जिला पंचायत श्री जैन द्वारा अवगत कराया गया।
=============
मंदसौर। जिले के लिए गर्व का विषय है कि सिंह फाइट क्लब की प्रतिभावान खिलाड़ी मृणाली शिंदे ने राज्य स्तरीय ग्रेपलिंग (बालक एवं बालिका) चौंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता 8 एवं 9 अगस्त 2026 को धार (मध्यप्रदेश) में आयोजित हुई। मृणाली शिंदे ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अब राष्ट्रीय स्तर की ग्रेपलिंग प्रतियोगिता के लिए चयन प्राप्त किया है। उनके इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में हर्ष का माहौल है। इस संबंध में जानकारी देते हुए कोच नीतिराज सिंह चौहान ने बताया कि मृणाली ने अपनी मेहनत, अनुशासन और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर यह स्वर्णिम उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। सिंह फाइट क्लब समिति के अध्यक्ष विनय दुबेला एवं समिति के सभी सदस्यों ने मृणाली शिंदे को इस स्वर्ण पदक एवं राष्ट्रीय चयन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
=========
मंदसौर। डेंगू मरीजों में लगातार प्लेटलेट्स की कमी को देखते हुए शासकीय जिला चिकित्सालय मंदसौर में सिंगल डोनर प्लेटलेट (एसडीपी) मशीन लगाने की मांग की गई है। गैर सरकारी संगठन रूरल पब्लिक सर्विसेस (एनजीओ) के डायरेक्टर राधेश्याम मारू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल तथा उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को सोशल मीडिया ट्वीटर के माध्यम से जनहित में पुर्व मे भी यह मांग भेजी,चार वर्ष बाद पुनःमांग है। उन्होंने बताया कि डेंगू सीजन में एसडीपी मशीन की आवश्यकता अधिक होती है। इस मशीन से एक डोनर से बड़ी मात्रा में प्लेटलेट्स प्राप्त किए जा सकते हैं, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। मारू ने शासन से मांग की है कि जिला चिकित्सालय मंदसौर में शीघ्र एसडीपी मशीन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए जाएं, ताकि प्लेटलेट्स की कमी से जूझ रहे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। राधेश्याम मारू ने कहा कि जिला चिकित्सालय में एसडीपी मशीन उपलब्ध होने से डेंगू सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर प्लेटलेट्स उपलब्ध कराने में सुविधा होगी तथा जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर निर्भरता कम हो सकेगी। उन्होंने शासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जिला चिकित्सालय मंदसौर में एसडीपी मशीन स्थापित करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
===========
त्योहारों एवं पर्वों का आयोजन परम्परागत रूप से एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से होगा
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न
मंदसौर 10 अगस्त 2026 / कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि आगामी सभी पर्व शांतिपूर्ण तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाएं जायेगे। त्यौहारों का आयोजन परम्परागत रूप से एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से होगा। । बैठक के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, एएसपी श्री बघेल एवं शांति समिति के सदस्य, पत्रकार मौजूद थे।
बैठक के दौरान आगामी दिनों में आने वाले पर्वो हरियाली अमावस्या, तृतीय श्रावण सोमवार श्री पशुपतिनाथ पालकी, नांगपंचमी, अंतिम श्रावण सोमवार पशुपतिनाथ राजसी सवारी, ईद मिलाद उन नबी, रक्षा बंधन, श्रावण पूर्णिमा, श्री कृष्ण जन्माष्टमी, गोगा नवमी, रामदेव जयंति, डोल ग्यारस, अनंत चतुर्दर्शी एवं गणेश विसर्जन आदि पर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं पर सदस्यों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधी विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
अंतिम श्रावण सोमवार, शाही सवारी, रक्षाबंधन, श्री कृष्ण जन्माष्टमी, गोगा नवमी, गणेश चतुर्थी, गणेश उत्सव, डोल ग्यारस, मिलाद उल नबी, अनंत चतुर्दशी इत्यादि पर्वों पर की जाने वाले शांति व्यवस्था पर चर्चा की गई। इसके साथ ही पारंपरिक वाद्य यंत्र, ढोल इत्यादि का प्रयोग करना चाहिए।
डीजे का उपयोग करने से हमें बचना चाहिए। पारंपरिक रीति रिवाज को अपनाने में शासन की भी मदद ले सकते हैं। इसके साथ आयोजक मंडल नवीन व्यवस्थाओं एवं जहां पर ट्रैफिक की समस्या रहती है, वहां पर नवीन मार्गों को भी उपयोग कर सकते हैं।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग से आम जनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आयोजन कर्ता आयोजन के दौरान वोलेंटियर नियुक्त करें। वोलेंटियर अधिक से अधिक व्यवस्था देखे इसके लिए उन्हें प्रेरित करें। शाही सवारी के दौरान सवारी सुचारू रूप से चले, जिससे समय पर मंदिर परिसर में सवारी पहुंच जाए। इसका विशेष तौर पर ध्यान रखें।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए की सवारी मार्ग पर कोई अतिक्रमण नहीं हो कोई जर्जर मकान नहीं हो सकंड़े रास्ते और गलियों का ध्यान रखा जाए, कोई पुरानी गाड़ियां नहीं खड़ी हो, स्वच्छता सु निश्चित की जाए कोई निर्माण कार्य राह में हो तो समय रहते बाधा हटा लि जाये, सवारी के दौरान मेडिकल एंबुलेंस की उचित व्यवस्था रखी जाएगी, पेयजल की भी व्यवस्था रहेगी यातायात प्रबंधन सुंनियोजित ढंग से रहेगा। विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से की जाएगीपुलिस अधीक्षक श्री मीणा ने कहा कि सवारी के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा आवश्यक पॉइंट पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे।
===========
जिले में अब तक 401.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
मंदसौर 10 अगस्त 2026 / जिले में इस वर्ष अबतक औसतन 401.4 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में मंदसौर जिले में 5.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घन्टों में भानपुरा में 3.2 मि.मी., भावगढ़ में 0 मि.मी., गरोठ में 17.0 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 1.0 मि.मी., संजीत में 2.0 मि.मी., धुंधड़का में 0 मि.मी., मंदसौर में 4.0 मि.मी., शामगढ़ में 21.2 मि.मी., कयामपुर में 0 मि.मी., सीतामऊ में 0 मि.मी. एवं सुवासरा में 12.6 मि.मी. वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।
विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र भानपुरा में 341.0 मि.मी., भावगढ़ में 451.2 मि.मी., गरोठ में 326.8 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 469.0 मि.मी., संजीत में 306.0 मि.मी., धुधंड़का में 525.0 मि.मी., मंदसौर में 423.0 मि.मी., शामगढ़ में 377.0 मि.मी., कयामपुर में 367.5 मि.मी., सीतामऊ में 434.4 मि.मी. एवं सुवासरा में 394.9 मि.मी., औसत वर्षा दर्ज की गई है। गांधीसागर बांध का जल स्तर अब तक 1298.15 फीट है।
=========
मंत्री श्री परमार के निर्देश पर प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को प्रवेश का अंतिम अवसर
10 से 14 अगस्त तक अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग (CLC) चरण, रिक्त सीटों पर मिलेगा प्रवेश
मंदसौर 10 अगस्त 2026 / उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार के निर्देश पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में प्रवेश का एक और अंतिम अवसर दिया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग (CLC) चरण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रक्रिया 10 से 14 अगस्त 2026 तक संचालित होगी।
रिक्त सीटों पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर मिलेगा प्रवेश
अतिरिक्त CLC चरण में प्रवेश केवल उपलब्ध रिक्त सीटों पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा। रिक्त सीटों की जानकारी विद्यार्थी के लॉगिन के साथ-साथ संबंधित महाविद्यालय के लॉगिन पर भी प्रदर्शित होगी। पंजीकृत विद्यार्थी संबंधित महाविद्यालय में सीधे पहुंचकर प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे।
सीट उपलब्ध होने पर संबंधित महाविद्यालय में सीधे प्रवेश
विद्यार्थी जिस महाविद्यालय में प्रवेश लेना चाहते हैं, वहां सीट उपलब्ध होने की स्थिति में सीधे महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश ले सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी अथवा किसी समस्या के समाधान के लिए संबंधित महाविद्यालय के हेल्प सेंटर से संपर्क किया जा सकेगा।
नवीन पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए एक महाविद्यालय का विकल्प
अतिरिक्त CLC चरण में नवीन पंजीकृत विद्यार्थी केवल एक महाविद्यालय में पंजीयन कर सकेंगे। संबंधित महाविद्यालय के हेल्प सेंटर पर आवश्यक वेरिफिकेशन के उपरांत विद्यार्थी उसी दिन प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे।
14 अगस्त को शाम 5 बजे तक प्रवेश की अंतिम समय-सीमा
अतिरिक्त CLC प्रक्रिया 14 अगस्त को शाम 5 बजे तक संचालित होगी। निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश प्राप्त किया जा सकेगा। 14 अगस्त को शाम 5 बजे के बाद प्राप्त प्रवेश मान्य नहीं होंगे। संपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी।
विद्यार्थियों से अंतिम अवसर का लाभ लेने की अपील
उच्च शिक्षा मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने प्रवेश से वंचित पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि में संबंधित महाविद्यालय से संपर्क करें और उपलब्ध रिक्त सीट पर प्रवेश सुनिश्चित करें।
========
किसानों के लिए सहायक आय की व्यवस्था करना हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
अगले सीजन से खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली की व्यवस्था
लाड़ली बहना योजना की राशि जल्द ही जारी होगी
राज्य सरकार प्रदेश में लगभग 80 हजार पदों पर भर्ती करा रही हैं
अधिकारी-कर्मचारी प्रत्येक शुक्रवार को जनता के बीच जाकर करेंगे कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीं रक्षाबंधन और जन्माष्टमी की मंगलकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली किया संबोधित
मंदसौर 10 अगस्त 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में कृषकों के कल्याण के लिए 16 विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। किसान पूरी लगन और मेहनत से खेती करें, अगले सीजन से खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली की व्यवस्था की जा रही है। हमारा उद्देश्य खेती की आमदनी को दोगुना करने के साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के माध्यम से कृषकों के लिए सहायक आय की व्यवस्था करना है। प्रदेश में सांची ब्रांड के आधार पर दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से 20 प्रतिशत ले जाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास भोपाल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गौतम टेटवाल तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हो रही है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने राजगढ़ को कई सौगातें दी है। हाइवे के साथ अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हो रही है। मोहनपुरा कुंडालिया डैम से जिले में सिंचाई सुविधा का विस्तार हुआ है। आने वाले समय में चंबल-कालीसिंध-पार्वती लिंक परियोजना से जिले को और भी लाभ मिलेगा। सिंचाई सुविधा के विस्तार और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध हो रहे अवसरों से राजगढ़ जिले की छवि को बदलने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गेहूं उत्पादक किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं एमएसपी पर खरीदा गया है। हमारी सरकार ने प्रदेश में 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार किया है। किसानों को सोयाबीन के लिए भावांतर की सुविधा उपलब्ध करवाई गई, किसान सम्मान निधि के अंतर्गत दी जाने वाली राशि सीधे किसान के खाते में आ रही हैं।
लाड़ली बहनों को भी राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी इन कल्याणकारी गतिविधियों के लिए बधाई के पात्र है।
कवच योजना से दूर हुई हजारों किसानों की चिंता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘कवच योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से किसान द्वारा दोबारा बैंक ऋण और फसल ऋण प्राप्त कर सकते हैं। किसानों की चिंता दूर हुई है और किसान बैंकिंग व्यवस्था की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बलराम कृषि महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश में किसानों के मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही लाड़ली बहना योजना की राशि, बहनों के खातों में जारी होने वाली हैं। संपूर्ण प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम, वार्ड, जनपद, जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकालने के लिए उपस्थित जनसमुदायों को प्रेरित किया।
काम नहीं करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई : बेहतर कार्य पर मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी जिलों में बड़े पैमाने पर पुलिस भर्ती की है। सभी जिलों में पुलिस बैंड की व्यवस्था की जा रही है। राज्य सरकार प्रदेश में लगभग 80 हजार पदों पर भर्ती करा रही हैं, लगभग 10 हजार भर्तियां शिक्षकों की हो रही हैं। अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है। अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक शुक्रवार को दौरा कर जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जनता के बीच जाकर कार्य करें, शुक्रवार को कोई बैठक नहीं होगी। लापरवाही या काम नहीं करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और बेहतर कार्य करने वालों को सरकार प्रोत्साहित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गरीब और वंचित वर्ग के साथ त्यौहारों की खुशियां साझा करने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, हलधर जयंती आदि त्यौहारों की बधाई और मंगलकामनाएं दीं।
========



