मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 08 अगस्त 2026 शनिवार

जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का ग्राम पंचायत किशनगढ़ से हुआ शुभारंभ

जनसंवाद एवं जनसुनवाई में सुनी गईं आमजन की समस्याएं

जनपद पंचायत आलोट की ग्राम पंचायत किशनगढ़ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ हुआ। आयोजित शिविर में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, आलोट विधायक श्री चिंतामणि मालवीय, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान आम नागरिकों के साथ जनसंवाद आयोजित किया गया तथा जनसुनवाई के माध्यम से विभिन्न समस्याएं सुनी गईं। प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण करने की कार्रवाई की गई। साथ ही युवा उद्यमियों एवं उन्नत किसानों से संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव भी प्राप्त किए गए।

जनसुनवाई में सड़क एवं पुल निर्माण, नाली निर्माण, ग्रामीण सड़कों का निर्माण, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति, नवीन विद्युत ग्रिड, अतिक्रमण, विद्यालय भवनों की मरम्मत, श्मशान घाट के स्थानांतरण, फसल बीमा सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

आलोट विधायक श्री चिंतामणि मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान केवल सामूहिक समस्याओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नागरिकों की व्यक्तिगत समस्याओं का भी समाधान सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि आगामी पांच माह तक अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर आमजन की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे।

उन्होंने कहा कि शासन से जुड़े प्रत्येक विषय को इस अभियान में शामिल किया गया है। सभी कार्य नियमों के अनुरूप एवं पारदर्शी ढंग से किए जाएं तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर न्याय मिले। यदि किसी कार्य का निराकरण नियमों के कारण संभव न हो, तो संबंधित व्यक्ति को कारण स्पष्ट करते हुए सम्मानपूर्वक अवगत कराया जाए। उन्होंने नल-जल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता तथा आलोट क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया।

अभियान के अंतर्गत आयोजित उद्यम संवाद में युवा उद्यमी श्री चंद्रशेखर शर्मा, श्री जितेंद्र सिंह, श्री राहुल जैन एवं श्री मंगलेश पांचाल सहित अन्य उद्यमियों ने अपने-अपने उद्योगों एवं नवाचारों की जानकारी साझा की तथा उद्योगों के विस्तार से जुड़े सुझाव दिए।

इसी क्रम में उन्नत किसान श्री बने सिंह, श्री संजय शर्मा, श्री विशाल जायसवाल सहित अन्य किसानों से संवाद किया गया। किसानों ने जैविक खेती, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने किसानों एवं उद्यमियों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

==========

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ग्राम किशनगढ़, आलोट तहसील एवं जनपद पंचायत का किया निरीक्षण

ई-ऑफिस, राजस्व अभिलेख एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ग्राम किशनगढ़ भ्रमण के दौरान आलोट तहसील कार्यालय एवं जनपद पंचायत कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ई-ऑफिस व्यवस्था का अवलोकन किया तथा स्वयं कंप्यूटर पर ई-ऑफिस प्रणाली संचालित कर उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया तथा न्यायालयीन प्रकरणों, निर्वाचन संबंधी कार्यों एवं राजस्व मामलों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कार्यों में अपेक्षित सुधार लाने तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर ने जनपद पंचायत आलोट का निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सुदूर संपर्क सड़क परियोजनाओं के पूर्ण एवं शेष कार्यों की स्थिति की जानकारी ली तथा कार्यों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री सोनकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप प्रशासनिक सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जाए तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

=======

औद्योगिक उत्पादन सूचकांक की जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर रतन एग्री फूड्स को सूचना पत्र जारी

निर्धारित प्रपत्र एवं समय पर जानकारी नहीं देने पर होगी नियमानुसार कार्यवाही

जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी के द्वारा, रतन एग्री फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, 72/2 बन्‍नाखेडा जावरा से औद्योगिक उत्पादन सूचकांक हेतु जानकारी चाही गई थी। उक्त जानकारी के लिए समय-समय पर इस कार्यालय के कर्मचारियों एवं अधिकारी द्वारा संपर्क किया गया किन्तु जानकारी आज दिनांक तक प्राप्त नहीं हुई। दूरभाष परं संपर्क करने पर कंपनी द्वारा उक्त जानकारी प्रदाय करने से इंकार किया गया। उक्त कृत्य सांख्यिकी अधिनियम 2008 के अध्याय 4 अपराध और शास्तियां की धारा 15 (1) के अंतर्गत दंडनीय हैं।

उक्‍त कंपनी को सूचना प्राप्ति से 3 दिवस में अपेक्षित जानकारी जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय में प्रस्तुत करें अन्यथा शासन नियमानुसार अभियोजन संस्थित किया जा सकेगी।

=====

प्रभारी मंत्री श्री कुंवर विजय शाह 10 अगस्त को रतलाम आएंगे

जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री कुंवर विजय शाह 10 अगस्त को रतलाम आएंगे। तय कार्यक्रम अनुसार प्रातः 09.30 बजे इंदौर से रतलाम जिले के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12.00 बजे रतलाम में आगमन होगा। दोपहर 01.00 बजे तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के संबंध में रंगोली गार्डन रतलाम में बैठक में शामिल होंगे। दोपहर 03.00 बजे से 04.00 बजे तक सर्किट हाउस रतलाम में (आरक्षित) होगा। सायं 04.00 बजे श्री मौजी शंकर महादेव की भव्य शाही सवारी में शामिल होंगे। सायं 05.00 बजे रतलाम से भोपाल के लिए वाया उज्जैन-इंदौर प्रस्थान करेंगे।

===========

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने जावरा एसडीएम कार्यालय का किया निरीक्षण

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने शुक्रवार को जावरा स्थित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के अभिलेखागार, कोर्ट कैश तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों के रख-रखाव का अवलोकन किया।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था एवं आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयपूर्व एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों के प्रभावी संचालन, अभिलेखों के समुचित संधारण तथा नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम जावरा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

========

जिले में राजस्व न्यायालयों के 6,869 प्रकरण आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज ही नहीं

कलेक्टर ने गंभीर चिंता कर समयबद्ध सुनवाई एवं पोर्टल पर सभी प्रकरण अद्यतन करने के दिए निर्देश

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया द्वारा जिले के राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान एक गंभीर स्थिति सामने आई है। जिले की 27 राजस्व न्यायालयों में कुल 6,869 प्रकरण ऐसे पाए गए हैं, जो न्यायालयों में प्रचलित होने के बावजूद आरसीएमएस पोर्टल पर अद्यतन नहीं किए गए हैं। इन प्रकरणों में नियमित सुनवाई भी प्रभावित हो रही है तथा कई मामलों में पेशी के बाद भी प्रकरणों को पोर्टल पर आगे नहीं बढ़ाया गया है।

समीक्षा में पाया गया कि कलेक्टर न्यायालय में 1,073, अनुविभागीय अधिकारी (रतलाम शहर) न्यायालय में 743, अनुविभागीय अधिकारी जावरा न्यायालय में 640, नायब तहसीलदार रतलाम शहर (पश्चिमी भाग) न्यायालय में 489, नायब तहसीलदार बिलपांक में 410, नायब तहसीलदार रतलाम शहर (पूर्वी भाग) में 340, तहसीलदार जावरा में 332, तहसीलदार आलोट में 299, तहसीलदार ताल में 346, तहसीलदार पिपलोदा में 247, नायब तहसीलदार आलोट में 252, तहसीलदार रतलाम शहर में 216, अपर कलेक्टर न्यायालय में 190, नायब तहसीलदार जावरा वृत्त ढोढ़र में 173, नायब तहसीलदार नामली में 143, अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी न्यायालय में 127, उपखण्ड अधिकारी रतलाम ग्रामीण में 115, तहसीलदार सैलाना में 113, नायब तहसीलदार जावरा में 99, नायब तहसीलदार पिपलोदा में 85, उपखण्ड अधिकारी सैलाना में 68, तहसीलदार रावटी में 61, तहसीलदार बाजना में 51, उपखण्ड अधिकारी आलोट में 50, तहसीलदार रतलाम ग्रामीण में 46 तथा नायब तहसीलदार सैलाना में 43 प्रकरण आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज अथवा अद्यतन नहीं पाए गए।

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने इस स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता है। सभी राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण हो तथा प्रत्येक प्रकरण का आरसीएमएस पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन किया जाना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी नागरिक को न्याय प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से भटकना नहीं पड़े, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि अपने-अपने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की विशेष समीक्षा करें, सभी प्रकरणों को तत्काल आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज एवं अद्यतन करें तथा नियमित सुनवाई कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन के नियमानुसार हर संभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी न्याय मिल सके और राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली अधिक जवाबदेह एवं परिणाममुखी बन सके।

==========

प्रत्येक शुक्रवार को दौरे पर रहेंगे अधिकारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का मैदानी स्तर पर लेंगे जायजा
सुशासन की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान
सरकार के कामकाज को साकार रूप देने और सुशासन स्थापित करने में अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण
दो लाख पदों के लिए जारी भर्ती प्रक्रिया
छिंदवाड़ा जिले में 1281 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला पदोन्नति का लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का छिंदवाड़ा में अधिकारी-कर्मचारियों ने किया अभिनंदन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 8 नव नियुक्त शिक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में सभी वर्गों के लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उनके नेतृत्व में दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा स्थापित हुई। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अंत्योदय और जनकल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। मध्यप्रदेश सरकार भी गरीब, किसान, युवा और नारी सहित हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रदेश में शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों की पदोन्नति वर्षों से अटकी थी। हमारी सरकार ने कर्मचारियों को पदोन्नति का उनका अधिकार दिलवाया। पदोन्नति के लिए सभी जरूरी प्रक्रियाओं को समय से पूरा करते हुए वर्तमान वर्ष में शेष रह गए अधिकारी-कर्मचारियों की भी पदोन्नति सितंबर-अक्टूबर माह में कर दी जाएगी। सरकार के कार्यों को धरातल पर सफल बनाने और सुशासन स्थापित करने में राज्य के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को छिंदवाड़ा के एफडीडीआई ऑडिटोरियम में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

17 हजार पदों पर नई भर्ती के लिए सूचना जारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी विभागों में शासकीय पदों पर नई भर्तियों की शुरुआत कर दी है। पुलिस विभाग में ही 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा रही है। इसमें 1000 पद ड्राइवरों के भी शामिल हैं। स्कूल शिक्षकों के 10 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संपन्न हुई है। उच्च शिक्षा विभाग में 7 हजार से अधिक व्याख्याताओं की भर्ती की गई है। म.प्र. व्यावसायिक शिक्षा मंडल ने विभिन्न विभागों में 17 हजार पदों पर नई भर्ती के लिए सूचना जारी की है। बीते ढाई साल में एक लाख पदों पर भर्ती की जा चुकी है। अब 2 लाख नई भर्ती करने की प्रक्रिया जारी है।

छिंदवाड़ा से हो रही है नई शुरुआत

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकास और जनकल्याण के लिए राज्य सरकार दूरगामी विजन के साथ कार्य कर रही है। आज छिंदवाड़ा से एक नई शुरुआत की जा रही है। अब प्रत्येक शुक्रवार को किसी भी दफ्तर में कोई मीटिंग नहीं होगी। सभी अधिकारी जनता के बीच मौजूद रहकर मैदानी स्तर पर शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का जायजा लेंगे। जन विश्वास अभियान में आम नागरिकों की बेहतरी और उन्हें सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मैदानी स्तर पर आने वाली कठिनाईयों का समाधान किया जाएगा। अभियान आगामी 7 जनवरी 2027 तक चलेगा। प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को लाभ दिलवाने और सुशासन के लिए यह “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” मील का पत्थर सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों-कर्मचारियों से जनता की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आहवान किया।

======

जन सेवा में संवेदनशीलता ही सुशासन की पहचान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

जन समस्याओं के निराकरण में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई सीएमएचओ, तहसीलदार एवं पटवारी निलंबित, सीईओ जनपद और श्रम अधिकारी की एक-एक वेतनवृध्दि रोकने के आदेश, अन्य तीन को नोटिस
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शुभांरभ पर मुख्यमंत्री ने की आमजनों की लंबित शिकायतों की सुनवाई
छिंदवाड़ा की प्रतिभाएं पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा
उत्कृष्ट कार्य करने वालों से किया संवाद
किसानों, खिलाड़ियों, छात्राओं और महिला उद्यमियों ने सुनायी अपनी सफलता की कहानी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” का शुभांरभ करते हुए छिंदवाड़ा जिले के कलेक्ट्रेट में आमजन की समस्याओं को सुना। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों की आवेदकों की उपस्थिति में एक-एक कर समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। समीक्षा के दौरान जिन प्रकरणों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई, उन पर उन्होंने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराते हुए योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट के कार्यक्रम में जिले की प्रेरक प्रतिभाओं से आत्मीय संवाद किया। कृषि, नवाचार, खेल, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण पर्यटन, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभागियों ने अपनी सफलता की कहानियां मुख्यमंत्री के साथ साझा कीं। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएं मध्यप्रदेश के विकास की वास्तविक शक्ति हैं और समाज के लिए प्रेरणा स्रोत भी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में विभागवार समीक्षा करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राजस्व, नल-जल, ऊर्जा, पुलिस सहित सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत करने की नौबत नहीं आनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ड्रॉप-आउट बच्चों को पुनः विद्यालयों में प्रवेश दिलाने, सभी शिक्षकों की शत-प्रतिशत ई-अटेंडेंस सुनिश्चित करने तथा सायबर अपराधों की रोकथाम एवं प्रभावितों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है तथा प्रत्येक अधिकारी को जनसेवा के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली अपनानी होगी।

सम्मान निधि का लाभ नहीं, तहसीलदार और पटवारी निलंबित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में मीना बंजारा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। समीक्षा में पाया गया कि परासिया तहसील के संबंधित पटवारी द्वारा गलत प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने के कारण आवेदिका योजना के लाभ से वंचित रही। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मामले को गंभीर मानते हुए परासिया तहसील के संबंधित पटवारी एवं तहसीलदार को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता के माध्यम से आवेदिका को एक वर्ष की सहायता राशि प्रदान करने के भी निर्देश दिए।

पोर्टल पर त्रुटिपूर्ण जानकारी, छिंदवाड़ा सीएमओ तत्काल प्रभाव से निलंबित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को श्रीमती सीमा तुमराम ने बताया कि उन्होंने प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत की थीं। जांच में सामने आया कि पोर्टल पर दर्ज त्रुटिपूर्ण जानकारी के कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने इसे विभागीय लापरवाही मानते हुए संबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी छिन्दवाड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।

 

सीईओ चौरई और श्रम अधिकारी की एक-एक वेतनवृद्धि रूकी

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को श्रीमती मानवती वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 में पति श्री संतोष वर्मा की मृत्यु के बाद उन्हें पात्रता अनुसार मुख्यमंत्री संबल योजना अंतर्गत अंत्येष्टि एवं अनुग्रह सहायता राशि नहीं मिली, जिसकी उन्होंने सीएम हेल्पलाईन में शिकायत दर्ज कराई थीं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने प्रकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चौरई तथा श्रम अधिकारी की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

चौरई एसडीएम एवं पटवारी को कारण बताओं सूचना पत्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को श्री गोविंद नायक ने बताया कि उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में भू-अभिलेख दुरुस्तीकरण से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। समीक्षा में पाया गया कि एसडीएम द्वारा आदेश जारी किए जाने के बावजूद अभिलेखों में सुधार नहीं किया गया। मुख्यमंत्री ने एसडीएम चौरई, संबंधित तहसीलदार एवं पटवारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को श्री मनोहर सिंह ने बताया कि उन्होंने अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त होने वाली आर्थिक सहायता नहीं मिलने की शिकायत की थी। समीक्षा के दौरान बताया गया कि बैंक खाते की लेनदेन सीमा कम होने के कारण सहायता राशि का भुगतान नहीं हो पा रहा था। आवेदक का बैंक खाता सीहोर जिले में संचालित था, इसलिए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई कर भुगतान सुनिश्चित किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को श्रीमती भावना डेहरिया ने प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत सब्सिडी नहीं मिलने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर पात्र हितग्राही को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

माँ नर्मदा का आशीर्वाद है प्रदेशवासियों के साथ

वाशम शेट्टी ने ब्लूबेरी की खेती के अपने सफल प्रयोग की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में ब्लूबेरी का उत्पादन शुरू किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां नर्मदा की कृपा से मध्यप्रदेश की भूमि अत्यंत उपजाऊ है। ब्लूबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों का विस्तार प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी किया जाना चाहिए, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

प्राकृतिक खेती पर्यावरण संरक्षण का सशक्त माध्यम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राजेन्द्र रमेश धारे ने प्राकृतिक खेती के अपने मॉडल की जानकारी देते हुए बताया कि वे विभिन्न किस्मों की हल्दी सहित अनेक फसलों की प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्राकृतिक खेती पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की लागत कम कर उनकी आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

ड्रोन पर सब्सिडी से जीवन को मिली नई दिशा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को ‘नमो ड्रोन दीदी’ लक्ष्मी धागरे ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष लगभग 300 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से फसलों का छिड़काव किया, जिससे उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि शासन से ड्रोन पर सब्सिडी मिली और आजीविका मिशन ने उनके जीवन को नई दिशा दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, यह अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।

स्थानीय उत्पादों से रही अर्थव्यवस्था सुदृढ़

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को रूपाली धुर्वे ने चिरौंजी प्रसंस्करण के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि उनके उत्पादों के यूरोप निर्यात के लिए एमओयू किया गया है। उन्होंने बताया कि इस पहल से ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को नई दिशा मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने वाले ऐसे प्रयास प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

युवा, खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को खेलो इंडिया ट्राइबल यूथ गेम्स-2026 में मध्यप्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाने वाले श्री शिवा भलावी ने बताया कि रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित प्रतियोगिता के 130 किलोग्राम भार वर्ग (ग्रीको-रोमन शैली) में स्वर्ण पदक हासिल किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित कर रहे हैं।

मैं आऊंगा होम-स्टे पर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को श्री सनोत नागवंशी ने ग्रामीण पर्यटन एवं होम-स्टे मॉडल की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें शासन से सब्सिडी प्राप्त हुई है। वर्तमान में वे दो कमरों का होम-स्टे संचालित कर रहे हैं, जिसे ‘मेक माय ट्रिप’ जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी सूचीबद्ध किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “मैं जरूर आपके होम-स्टे पर आऊंगा।”

सीएनजी प्लांट संचालक की हुई प्रशंसा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले में संचालित सीएनजी प्लांट के संचालक रोहित साहू से भी चर्चा कर परियोजना की कार्यप्रणाली, नवाचार और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली तथा उनके प्रयासों की सराहना की।

सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को संवाद के दौरान मेधावी छात्रा आभा शर्मा ने बताया कि उन्होंने कक्षा 10वीं की परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता मजदूरी करते हैं और उनका लक्ष्य चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना है। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा, “बेटी, निश्चिंत होकर पढ़ाई करो। सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ खड़ी है। पूरी लगन और मेहनत से अपने सपनों को साकार करो।”

मेधावी छात्राओं की सराहना की

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को जिले की मेधावी छात्राओं अक्षरा ओकते एवं दीपाली सोनी से भी संवाद कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। प्राकृतिक खेती को अपनाकर सफल मॉडल प्रस्तुत करने वाले किसान श्री पूरनलाल इवनाती से भी संवाद किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा की ये प्रेरक प्रतिभाएं अपने परिश्रम, नवाचार और संकल्प से पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बन रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उन्हें उचित मंच प्रदान करना तथा नवाचार, उद्यमिता, खेल और आत्मनिर्भरता की संस्कृति को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह, सांसद श्री विवेक बंटी साहू, विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, महापौर श्री विक्रम आहके, श्री शेषराव यादव, मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह, कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

========

प्रशिक्षु छात्राएं आत्मविश्वास रखें, तकनीकी दक्षता के साथ अपनी जड़ों से जुड़े : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास देश की युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम
मुख्यमंत्री ने शासकीय आदिवासी महिला आईटीआई में किया प्रशिक्षु छात्राओं से संवाद
प्रशिक्षण और योजनाओं की जानकारी ली

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास देश की युवा शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षु छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने आत्मविश्वास को बनाए रखें, तकनीकी दक्षता के साथ अपनी जड़ों और खेती से भी जुड़े रहें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को शासकीय आदिवासी महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु छात्राओं से संवाद कर रहे थे। लोक निर्माण मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी श्री राकेश सिंह, सांसद श्री विवेक बंटी साहू, मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संस्थान की विभिन्न प्रयोगशालाओं का अवलोकन करते हुए प्रशिक्षु छात्राओं से उनके प्रशिक्षण, भविष्य की योजनाओं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं से प्राप्त हो रहे लाभ के संबंध में विस्तार से चर्चा की। मैकेनिकल लैब में उन्होंने सीआरडीआई फोर-स्ट्रोक डीजल इंजन के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा लेथ मशीन पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं की सराहना की।

फिटर ट्रेड की प्रशिक्षु सुषमा उइके ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके माता-पिता कृषि कार्य से जुड़े हैं और वह तकनीकी प्रशिक्षण लेकर इस क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं। मुख्यमंत्री ने छात्रा से कहा “इसी आत्मविश्वास को बनाए रखिए”। तकनीकी कौशल के साथ खेती से भी जुड़े रहिए।

संवाद के दौरान प्रशिक्षु राधा उड़के ने बताया कि वह प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों का उपयोग खेती-किसानी में भी करेंगी तथा भविष्य में स्वयं की टेक्निशियन मशीन और हार्डवेयर वर्कशॉप स्थापित करना चाहती हैं। मुख्यमंत्री ने उनके संकल्प की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रशिक्षुओं से शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में भी जानकारी ली। प्रशिक्षु मीना करवेती ने आत्मविश्वास के साथ ‘मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना’ तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्हें बाइंडिंग, पंखा मरम्मत, वायरिंग तथा मशीन पार्ट्स को जोड़ने जैसे तकनीकी कार्यों में दक्षता प्राप्त है और वे सभी कार्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए करती हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रशिक्षुओं के उत्साह और प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर कहा कि उनकी जिम्मेदारी केवल अपना जीवन बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कौशल और ज्ञान से समाज तथा अन्य लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की भी है।

संस्थान में फिटर ट्रेड के प्रशिक्षुओं ने ‘वेस्ट टू आर्ट’ की अवधारणा पर तैयार आकर्षक गिटार तथा वेस्ट से निर्मित तोप मुख्यमंत्री को भेंट की। मुख्यमंत्री ने इन रचनात्मक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नवाचार और तकनीकी कौशल का ऐसा समन्वय युवाओं की प्रतिभा और सृजनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को संस्थान की प्रवेश विवरणिका भी भेंट की गई। मुख्यमंत्री के साथ प्रशिक्षु छात्राओं ने सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाया। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संस्थान परिसर में मलबरी (शहतूत) का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

=======

किसानों का कल्याण ही हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

किसानों से संवाद का उत्सव है बलराम कृषि महोत्सव
खेत में बोहनी से लेकर बाजार में दाम दिलाने तक किसानों के साथ खड़ी है सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीहोर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से वर्चुअली जुड़कर किसानों से किया संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी सरकार की मंशा है कि प्रदेश के हर किसान के खेत-खलिहान और उनके घरों में समृद्धि आए। किसानों का हर तरीके से कल्याण ही हमारा लक्ष्य है और इसके लिए हम सभी जरूरी प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चलाया जा रहा बलराम कृषि महोत्सव किसानों को खेती-किसानी की नई तकनीकों से जोड़कर उन्हें वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का एक व्यापक अभियान है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें हरसंभव सहायता देने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार इस किसान कल्याण वर्ष में किसान हितैषी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ हर किसान तक पहुंचा रही है। किसानों के खेतों में पानी, बिजली, खाद-बीज, कृषि यंत्र पहुंचाने के साथ उनके खातों में फसल बीमा, सम्मान निधि और ब्याज मुक्त ऋण की राशि पहुंचाई जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को सीहोर जिले में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम को छिंदवाड़ा से वर्चुअली जुड़कर यहां के किसानों से संवाद किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हाल ही में हुई मंत्रि-परिषद् की बैठक में राज्य सरकार ने किसानों को सुरक्षा देते हुए ऐतिहासिक ‘कवच योजना’ को मंजूरी दी है। इस योजना से ऐसे किसानों की चिंता दूर होगी, जिनके सहकारी खातों में पुरानी गड़बड़ियों और जांच में देरी के कारण उन्हें नया ऋण और शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। अब ऐसे किसानों को मुख्य धारा में लाकर उन्हें नया कृषि ऋण और सभी किसान हितैषी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अब छह-छह महीने के स्थान पर एक साल में खातों को पलटने की व्यवस्था लागू कर दी है। किसानों को अपने ऋण खाते क्लियर करने के लिए 31 मार्च तक की बाध्यता को भी समाप्त कर दिया गया है। अब किसान, जब पैसा हो, तब अपने ऋण खाते में राशि जमा कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में राज्य सरकार सिंचाई सुविधाओं को बढ़ाने के साथ आधुनिक खेती, प्राकृतिक खेती और कृषि यंत्रों का विस्तार कर रही है। उन्होंने आय बढ़ाने के लिए किसानों को फसल विविधिकरण को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पशुपालन, मत्स्य पालन वर्तमान समय की मांग है, राज्य सरकार इन क्षेत्रों में हर संभव प्रोत्साहन दे रही है। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए हमने दुग्ध समितियों का गठन किया है। उन्होंने कहा कि खेत में बोहनी से लेकर बाजार में दाम दिलवाने तक सरकार किसानों के साथ खड़ी है। गेहूं उत्पादक किसानों की चिंता हमने एमएसपी और बोनस के साथ रिकॉर्ड 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीद कर दूर कर दी है। सोयाबीन उत्पादक किसानों की चिंता भावांतर भुगतान योजना से दूर की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार श्रीअन्न (कोदो-कुटकी) की एमएसपी पर खरीदी हुई और किसानों को इसका बोनस भी मिला है। किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए पात्र किसानों से मूंग उपार्जन की सीमा 25 प्रतिशत से बढाकर 60 प्रतिशत कर दी गई है।

राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किसानों के हित में अनेक निर्णय लिए जा रहे हैं। अब यदि किसी किसान की जमीन सड़क, नहर या अन्य शासकीय परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित की जाएगी, तो उस किसान को चार गुना मुआवजा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में राजस्व के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए राजस्व महाभियान एवं साइबर तहसील जैसी नवाचारी पहलें प्रारंभ की गई हैं। राजस्व महाभियान के अंतर्गत अब तक प्रदेश में एक करोड़ से अधिक राजस्व संबंधी प्रकरणों का निराकरण कर दिया गया है।

सीहोर में हुए कार्यक्रम में मप्र राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के सदस्य श्री सीताराम यादव, जनपद अध्यक्ष सीहोर श्रीमती नावड़ी बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}