नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 08 अगस्त 2026 शनिवार

////////////////////////

स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि
नीमच। नीमच विधानसभा के ग्राम सावन में लगभग 2 करोड़ 95 लाख की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण कल 11बजे (फीता काटकर जनता को समर्पण) किया जाएगा।
इस अवसर पर दिलीपसिंह परिहार (विधायक, नीमच), जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान, जनपद अध्यक्ष श्रीमती शारदा बाई धनगर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, मंडल अध्यक्ष श्रीमती पूजा अनिल शर्मा, जनपद सदस्य प्रहलाद भट्ट एवं सरपंच जितेंद्र माली विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस संबंध में जानकारी मंडल महामंत्री महेश गुर्जर एवं राजेंद्र सिंह तंवर द्वारा प्रदान की गई।

========

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का जिले में मनासा से हुआ शुभारंभ

हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता : विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू

प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर करेगा समस्याओं का समयबद्ध निराकरण : कलेक्टर श्री चंद्रा

नीमच, 7 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा प्रशासन एवं जनता के बीच विश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ हुआ। जिले में अभियान का शुभारंभ मनासा में आयोजित समाधान शिविर से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू थे।

विधायक श्री मारू ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन एवं प्रशासन को जनता के और निकट लाना है। शासन की मंशा समाज के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं का समाधान करना तथा उसे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि केवल शिकायतों का निराकरण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके मूल कारणों की पहचान कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करना भी आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति न हो और शिकायतों में कमी आए।

उन्होंने कहा कि आगामी छह माह तक प्रत्येक शुक्रवार समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव एवं नगरीय क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं का निराकरण करेंगे। उन्होंने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि जिले में अभियान के संचालन के लिए 20 क्लस्टर बनाए गए हैं, जहां आगामी छह माह तक प्रत्येक शुक्रवार समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा ग्राम स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का यथासंभव स्थानीय स्तर पर ही समाधान किया जाए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को न्यायालयीन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा आरआई एवं पटवारियों को पारित आदेशों का समयबद्ध पालन एवं अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला परियोजना समन्वयक को सात दिवस के भीतर सभी विद्यालयों की मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का निरीक्षण कर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्व-सहायता समूह अथवा संस्था द्वारा अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

शिविर में नामांतरण, सीमांकन, आयुष्मान कार्ड, ई-केवाईसी, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक सेवा गारंटी, आंगनवाड़ी सेवाओं तथा अन्य विभागों से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई की गई।कई प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया गया तथा शेष आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा संबंधी विषयों पर जानकारी दी।वनमंडलाधिकारी श्री एस.के. अटोदे ने वन विभाग की योजनाओं एवं वन्यजीवों से होने वाली क्षति पर राहत प्रावधानों की जानकारी दी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव ने बताया कि जिले के 20 क्लस्टरों में 8 से 10 ग्राम पंचायतों को शामिल करते हुए नियमित समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम सुश्री किरण आंजना डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मयूरी जोक सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

========

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने आयुष आरोग्य मंदिर एवं उप स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

नीमच, 07 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को मनासा तहसील के ग्राम ढाकनी स्थित आयुष आरोग्य मंदिर एवं उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने दोनों स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार व्यवस्था, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी संचालन तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से चर्चा कर निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने दवा वितरण व्यवस्था, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जानकारी भी प्राप्त की।

कलेक्टर ने कहा कि आयुष आरोग्य मंदिर के माध्यम से ग्रामीणों को आयुर्वेद सहित पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की सुविधाएं सुलभ कराई जा रही हैं, जबकि उप स्वास्थ्य केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं की देखभाल तथा सामान्य उपचार जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने निर्देश दिए कि दोनों संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित एवं प्रभावी संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी. प्रसाद को उप स्वास्थ्य केंद्र भवन की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, मनासा एसडीएम सुश्री किरण आंजना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी.प्रसाद तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

==========

संयुक्त संचालक ने किया नगर पालिका क्षेत्र नीमच का निरीक्षण

विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

नीमच, 7 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत नगरीय विकास एवं आवास विभाग, भोपाल के संयुक्त संचालक श्री भविष्य खोब्रागड़े शुक्रवार को नीमच पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका परिषद नीमच का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, राजस्व वसूली, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

संयुक्त संचालक श्री खोब्रागड़े ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के साथ नगर पालिका कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया तथा राजस्व वसूली सहित विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पालिका कार्यालय स्थित सीएमओ कक्ष में जिले की विभिन्न नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं इंजीनियरों की बैठक लेकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।

इसके बाद संयुक्त संचालक ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती बामनिया के साथ शहर के ग्वालटोली तालाब पहुंचकर अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे वाटर बॉडी प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने भोलियावास स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड, बस स्टैंड के समीप स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा बांग्ला नंबर-60 स्थित वाहन शाखा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लेखा अधिकारी श्री जमनालाल पाटीदार, कार्यालय अधीक्षक श्री कन्हैयालाल शर्मा, राजस्व अधिकारी श्री टेकचंद बुनकर, डूडा कार्यालय से श्री जानकीलाल, स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक, एनयूएलएम के सिटी मिशन मैनेजर श्री प्रवीण आर्य, उपयंत्री श्रीमती अनु सोलंकी, बगीचा शाखा प्रभारी श्री महावीर जैन सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

========

अपर संचालक श्री बलवंत वर्मा ने विद्यालयों का किया आकस्मिक निरीक्षण,

शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

नीमच, 8 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल के अपर संचालक श्री बलवंत वर्मा ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय प्राथमिक विद्यालय खड़ावदा, शासकीय माध्यमिक विद्यालय पिपलिया हाड़ी, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेवली-देवली, सांदीपनि विद्यालय तथा छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान श्री वर्मा कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका शैक्षणिक स्तर परखा। उन्होंने बच्चों से विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे और शिक्षकों द्वारा कराई जा रही पढ़ाई का अवलोकन किया। साथ ही विद्यालयों में साफ-सफाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षाओं की व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों की नियमित पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और प्रत्येक विद्यार्थी के सीखने के स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयास करें। उन्होंने गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को सहज और रुचिकर तरीके से पढ़ाने के निर्देश दिए।

अपर संचालक ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार के संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा,विभागीय अधिकारी,प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}