नकली खाद, अधिक कीमत ,उर्वरकों की कालाबाजारी कि सुचना देने वाले को सरकार देगी प्रोत्साहन राशि
नकली खाद, अधिक कीमत ,उर्वरकों की कालाबाजारी कि सुचना देने वाले को सरकार देगी प्रोत्साहन राशि
भोपाल। प्रदेश सरकार ने किसानों के हितों की सुरक्षा और उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए ‘सूचना दाता प्रोत्साहन योजना’ लागू की है। इस योजना के तहत नकली खाद, अवैध भंडारण, तय कीमत से अधिक दाम पर बिक्री, बिना लाइसेंस खाद बेचने और सरकारी अनुदान वाले यूरिया के औद्योगिक उपयोग जैसी अवैध गतिविधियों की सूचना देने वाले व्यक्ति को 1,000 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। यह राशि जांच में शिकायत सही पाए जाने और कार्रवाई होने के बाद सीधे सूचना देने वाले के बैंक खाते में भेजी जाएगी।यह योजना 30 सितंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में लागू रहेगी। राज्य या जिले का कोई भी नागरिक, किसान या व्यापारी इस योजना के तहत शिकायत दर्ज करा सकता है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।शिकायत दर्ज कराने के लिए कार्यालयीन दिनों में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक सीएम किसान हेल्पलाइन 155253 पर कॉल करना होगा। हेल्पलाइन से कॉल संबंधित जिले के कलेक्टर कार्यालय में ट्रांसफर की जाएगी, जहां शिकायत दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता को घटना का स्थान, समय, संबंधित व्यक्ति या संस्था की जानकारी और संभव हो तो फोटो या वीडियो जैसे साक्ष्य भी उपलब्ध कराने होंगे। प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के लिए बैंक खाते की जानकारी भी देनी होगी।कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने किसानों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी, नकली खाद की बिक्री या अन्य अवैध गतिविधियां दिखाई दें तो बिना किसी डर के हेल्पलाइन पर सूचना दें। शिकायत सही मिलने पर विशेष टीम छापेमारी करेगी और 30 कार्य दिवस के भीतर प्रोत्साहन राशि सीधे खाते में भेज दी जाएगी।



