भोपाल-इंदौर समेत 29 जिलों में भारी बारिश, चक्रवात से पूर्वी एमपी में वर्षा का अलर्ट
Bhopal Indore sahit 29 jilon mein Bhari barish

भोपाल-इंदौर समेत 29 जिलों में भारी बारिश, चक्रवात से पूर्वी एमपी में वर्षा का अलर्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों के बीच सोमवार को प्रदेश के बालाघाट जिले में मूसलाधार वर्षा हुई। शाम साढ़े पांच बजे तक जिले के मलाजखंड में 74 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बैतूल में 4.0 मिलीमीटर, इंदौर में 0.1 मिलीमीटर और रीवा में 0.5 मिलीमीटर वर्षा हुई।
मंगलवार के लिए भारी वर्षा की चेतावनी
मौसम केंद्र के अनुसार आगामी चार दिनों में पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए उमरिया, शहडोल, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज से मध्यम वर्षा होने के आसार जताए गए हैं।
दो ऊपरी हवा के चक्रवात सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्षा का यह दौर ओडिशा की तरफ बढ़ रहे गहरा अवदाब और रीवा-दतिया से होकर गुजर रही मानसूनी द्रोणिका के कारण जारी है। इसके साथ ही दो ऊपरी हवा के चक्रवात भी सक्रिय हैं, जिनमें से एक दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और दूसरा उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है।
पश्चिमी जिलों में वर्षा की गतिविधियां फिलहाल धीमी
मौसम की इस प्रणाली के चलते प्रदेश के पूर्वी इलाकों में काले बादल छाए हुए हैं, जबकि पश्चिमी जिलों में वर्षा की गतिविधियां फिलहाल धीमी हैं, जहां केवल बूंदाबांदी और बौछारें ही पड़ रही हैं। राजधानी भोपाल में भी दिनभर धूप और छांव की स्थिति बनी रही।
वर्षा के बावजूद बनी हुई है उमस भरी गर्मी
प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा के बावजूद फिजा में ठंडक नहीं घुली है और नागरिकों को उमस का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। बालाघाट जिले के मलाजखंड में जोरदार वर्षा के बावजूद दिन का पारा 32.0 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। जबलपुर 34.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक रहा। सतना 35.5 डिग्री रहा जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा। सीधी 35.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक और नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी 28.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.0 डिग्री अधिक रहा।



