भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस पर मध्यभारत पश्चिम प्रांत में सेवा पखवाड़े का उत्साह

मालवांचल की सभी शाखाओं में सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की धूम।
रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, मोतियाबिंद ऑपरेशन और वृहद स्तर पर होगा पौधारोपण
उज्जैन/शामगढ़-देश की अग्रणी सामाजिक संस्था भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस (10 जुलाई) के उपलक्ष्य में मध्यभारत पश्चिम प्रांत में सेवा पखवाड़े का गरिमामय आयोजन किया जा रहा है। आगामी 15 जुलाई तक चलने वाले इस पखवाड़े के अंतर्गत पूरे प्रदेश में सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनेकों प्रकल्प चलाए जा रहे हैं।
प्रांत के विभिन्न नगरों में आयोजित होने वाले प्रमुख सेवा कार्य जिसमें उज्जैन की सभी 9 शाखाओं द्वारा संयुक्त रूप से बच्चों एवं महिलाओं के लिए वृहद एनीमिया जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में महिलाओं के रक्त की निशुल्क जांच कर पोषण आहार का वितरण भी किया जाएगा।
शामगढ़ शाखा द्वारा पीड़ित मानवता की सेवा में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इसके साथ ही निशुल्क नेत्र रोग परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का लाभ भी आमजन को मिलेगा।मंदसौर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंदसौर शाखा द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में 600 पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है, जिसकी तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।
जावरा में सेवा पखवाड़े के तहत परिषद के सदस्य नगर के सभी वार्डों में पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर लगा रहे हैं, जहां नागरिकों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त प्रांत की नीमच की तीनों शाखाएं, रतलाम की दोनों शाखाएं, आगर, देवास, बड़नगर, शाजापुर, महिदपुर, आलोट, जावद, मनासा, गरोठ और भानपुरा आदि सभी शाखाओं में स्थापना दिवस के मुख्य अवसर पर वृहद स्तर पर पौधारोपण एवं पर्यावरण की रक्षा सेमिनार, संस्कार पाठशाला सहित कई जनहितैषी सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।
परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष घनश्याम पोरवाल चिराग शाह एवं प्रांतीय पदाधिकारियों ने सभी प्रबुद्ध जनों से इन सेवा कार्यों में सहभागी बनने की अपील की है यह जानकारी प्रांत महासचिव विनोद काला ने दी।



