मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 05 जुलाई 2026 रविवार

//////////////////

मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया बीमारियों की रोकथाम हेतु मंदसौर और नीमच जिले का संयुक्त प्रशिक्षण संपन्न

मंदसौर 4 जुलाई 2026/ जिला मलेरिया अधिकारी डॉ दीपा पाठक ने बताया कि वर्षा ऋतु के प्रारंभ होते ही मच्छर एवं अन्य वाहकों से जनित बीमारियों के फैलने का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए, ‘राष्ट्रीय वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम’ के अंतर्गत मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों के नियंत्रण एवं प्रभावी प्रबंधन हेतु एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ipps training सेंटर में किया गया।

इस वर्ष वाहक जनित बीमारियों के पूर्ण नियंत्रण और शून्य मृत्यु दर के लक्ष्य को लेकर आयोजित इस संयुक्त प्रशिक्षण में मंदसौर और नीमच जिले के जमीनी स्तर के स्वास्थ्य कार्यकर्ता को प्रशिक्षित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य अमले को विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न बीमारियों की बारीकियों से अवगत कराया गया।

मास्टर ट्रेनर के रूप में उज्जैन जिला मलेरिया अधिकारी श्री दिनेश्वर ससौदिया ने डेंगू एवं जापानी इंसेफेलाइटिस के कारण, लक्षण और उसके रोकथाम के वैज्ञानिक उपायों पर अपना विस्तृत व्याख्यान दिया।

नीमच जिले के जिला मलेरिया अधिकारी श्री अल्पेश वारिया द्वारा मलेरिया एवं फाइलेरिया (हाथीपांव) के प्रभावी प्रबंधन, मरीजों की पहचान और उपचार प्रोटोकॉल के बारे में विस्तार से समझाया गया।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ दीपा पाठक ने सभी प्रकार की वाहक जनित बीमारियों की समग्र जानकारी देते हुए उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों और क्षेत्र में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर प्रकाश डाला गया।

क्षेत्र में बीमारियों के सर्वे और रोकथाम की मुख्य जिम्मेदारी जमीनी कार्यकर्ताओं की होती है। इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, इस प्रशिक्षण बैठक में मंदसौर एवं नीमच जिले के सभी सुपरवाइजर, एम.पी.डब्ल्यू. (MPW), ए.एन.एम. (ANM) और मलेरिया इंस्पेक्टर विशेष रूप से सम्मिलित रहे। सभी प्रतिभागियों को वर्षा काल के दौरान जलभराव रोकने, लार्वा नष्ट करने और त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

=========

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत युवाओं को मिलेगा 50 लाख रुपये तक का बैंक ऋण

स्वरोजगार स्थापित करने के लिए पोर्टल अथवा एमपी ऑनलाइन केंद्र पर करें आवेदन

मंदसौर 4 जुलाई 26 / जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत जिले के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार हेतु प्रोत्साहित करने के लिए लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। योजना के माध्यम से पात्र युवाओं को नवीन उद्योग, सेवा अथवा व्यवसाय स्थापित करने के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) इकाइयों की स्थापना हेतु 50 हजार रुपये से 50 लाख रुपये तक तथा सेवा एवं व्यवसाय इकाइयों के लिए 50 हजार रुपये से 25 लाख रुपये तक की ऋण सुविधा उपलब्ध है। योजना का लाभ केवल नई इकाइयों की स्थापना के लिए दिया जाएगा।

योजना के अंतर्गत आवेदक का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना, आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होना तथा न्यूनतम 8वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके साथ ही आवेदक के परिवार की वार्षिक आय अधिकतम 12 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

योजना में स्वीकृत ऋण पर हितग्राहियों को 3 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से ब्याज अनुदान का लाभ अधिकतम 7 वर्षों तक प्रदान किया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी योजना के लिए स्वयं पोर्टल के माध्यम से अथवा निकटतम एमपी ऑनलाइन केंद्र पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, परियोजना प्रतिवेदन, कोटेशन सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कम्बल केंद्र के पास, नई आबादी, मंदसौर कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

============

जिले के संपूर्ण क्षेत्र में नलकूप खनन पर 31 जुलाई तक प्रतिबंध

मंदसौर 4 जुलाई 26 / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने मध्य प्रदेश पेयजल परिक्षण अधिनियम 1986 की धारा 3 संशोधित अधिनियम 2002 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत सम्‍पूर्ण जिले में अशासकीय व निजी नलकूप खनन करने पर 31 जुलाई 2026 तक प्रतिबंध लगाया गया है। मंदसौर जिले में कोई भी व्यक्ति बिना अनुज्ञा के नलकूप खनन नहीं कर सकेगा। जो व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करेगा वह अधिनियम की धारा -3 या धारा -4 के उपबंध का उल्‍लंघन करने पर दो हजार रू के जुर्माने तथा दो वर्ष तक के कारावास या दोनों से दण्डित किया गया जायेगा। शासकीय योजना के अंतर्गत किये जाने वाले नलकूप उत्‍खनन पर यह आदेश लागू नहीं होगा। इस हेतु अनुज्ञा प्राप्‍त किया जाना आवश्‍यक नहीं होगा।

==========

सीए शाखा मंदसौर द्वारा नवीन परिसर एवं वातानुकूलित लाइब्रेरी का लोकार्पण

मंदसौर। आईसीएआई सीए शाखा मंदसौर द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन 78वें सीए दिवस के उपलक्ष्य किया गया। इस अवसर पर मंदसौर शाखा के नवीन परिसर एवं सीए विद्यार्थियों के लिए निर्मित निःशुल्क एयर कंडीशन्ड लाइब्रेरी का लोकार्पण किया गया।
शाखा जो कि पूर्व में जैन कॉलेज परिसर में थी उसे अरिहंत टॉवर स्थित रामटेकरी कॉर्नर फ़र्स्ट फ़्लोर नवीन शाखा परिसर में स्थानांतरित किया गया है। इस समारोह के दौरान राज्यसभा सांसद श्री बंसीलाल गुर्जर ने नवीन शाखा भवन एवं विद्यार्थियों के लिए निर्मित वातानुकूलित लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष सीए विनय अग्रवाल ने स्वागत भाषण देते हुए वर्ष 2026-27 की मैनेजिंग कमेटी द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
सीए दिवस के अवसर पर पौधारोपण, रक्तदान शिविर, गौशाला में गौसेवा एवं मैराथन सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रमों के सफल आयोजन में शाखा उपाध्यक्ष सीए नितेश भदादा, सचिव सीए अर्पित मेहता, कोषाध्यक्ष सीए रितेश पारिख तथा सीए अर्पित नागर का सराहनीय सहयोग रहा।
संस्था द्वारा सीए सदस्यों एवं उनके परिवारों के लिए सुंदरवन लाइफ एडवेंचर पार्क में पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।
कार्यक्रमों के सफल आयोजन में शाखा उपाध्यक्ष सीए नितेश भदादा, सचिव सीए अर्पित मेहता, कोषाध्यक्ष सीए रितेश पारिख तथा सीए अर्पित नागर,सीए दिनेश जैन, सीए राजेश मंडवारिया, सीए विकास भंडारी, सीए आयुष जैन, सीए रोहन सोमानी, सीए अर्पित रत्नावत, सीए सुबोध सिंहल, सीए नयन जैन, सीए जय विजयवर्गीय, सीए सिद्धार्थ अग्रवाल एवं अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में सीए अर्पित मेहता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
उपरोक्त जानकारी संस्था के अध्यक्ष सीए विनय अग्रवाल द्वारा प्रदान की गई।

==========

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और ऑटो चालकों की समस्या का समाधान
ट्रेन आने के समय गेट नंबर-2 तक जा सकेंगे ऑटो
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने लिया संज्ञान

मंदसौर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों और ऑटो चालकों को हो रही परेशानियों का भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं जेडआरयूसीसी सदस्य गौरव अग्रवाल ने संज्ञान लिया। सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग महिला को स्टेशन पर उतरने में हो रही परेशानी का वीडियो सामने आने के बाद वे रेलवे स्टेशन पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के समाधान की पहल की।
गौरव अग्रवाल ने भाजपा मंडल उपाध्यक्ष निरांत बग्गा और पार्षद ईश्वरसिंह चौहान के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे के स्थानीय अधिकारियों के साथ मौके पर चर्चा की तथा वरिष्ठ अधिकारियों से भी मोबाइल पर बात कर यात्रियों को हो रही असुविधा से अवगत कराया। इसके बाद अधिकारियों ने रास्ते में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।निरीक्षण के दौरान ऑटो चालकों की समस्या भी सामने आई। जानकारी मिली कि उन्हें गेट नंबर-2 तक जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। इसके कारण यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को लंबी दूरी पैदल तय कर ऑटो तक पहुंचना पड़ रहा था।इस संबंध में गौरव अग्रवाल ने जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्णय लिया कि ट्रेन के आगमन के समय ऑटो चालकों को गेट नंबर-2 तक आने की अनुमति रहेगी। साथ ही व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीआरपी जवानों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। इस निर्णय से यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने में सुविधा मिलेगी और ऑटो चालकों को भी राहत मिलेगी।

================

मंदसौर में सजेगा बाबा श्याम का दरबार, 5 जुलाई को पशुपतिनाथ परिसर में होगी भव्य भजन संध्या

मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ की पावन नगरी मंदसौर में आस्था और भजनों की एक भव्य शाम सजने जा रही है। शहर के पशुपतिनाथ परिसर स्थित हॉल में आज 5 जुलाई, रविवार को ‘बाबा श्याम की भव्य भजन संध्या’ का गरिमामयी आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक उत्साह से भरपूर इस कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे से होगी, जिसमें बाबा श्याम के दीवाने और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति रस का आनंद लेंगे।
इस भव्य धार्मिक उत्सव का आयोजन श्री श्याम भजन मंडल रतलाम के सहयोग से किया जा रहा है, जिनके भजनों की प्रस्तुति से पूरा परिसर श्याममय हो उठेगा। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक मंदसौर का सुरेश चंद्र दवे परिवार है, जो इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी श्रद्धा के साथ जुटा हुआ है। आयोजन समिति और दवे परिवार ने क्षेत्र के सभी श्याम प्रेमियों और धर्मप्राण जनता से भावभरा निवेदन किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस भजन संध्या में पधारें। श्रद्धालु यहाँ बाबा श्याम के अलौकिक व आकर्षक श्रृंगार के दर्शन कर सकेंगे और साथ ही परिसर में प्रज्वलित होने वाली दिव्य ज्योत की पावन उपस्थिति में सुमधुर भजनों का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे।
====
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र सिंह गुर्जर पहुंचे नाहरगढ़, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
मंदसौर। जिला कांग्रेस कमेटी मंदसौर के अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह गुर्जर शनिवार सुबह नाहरगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्री सुनील माली सहित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर हाल ही में नाहरगढ़ थाने में हुई घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
श्री गुर्जर ने कहा कि अन्याय किसी भी व्यक्ति के साथ हो—चाहे वह कांग्रेस का कार्यकर्ता हो या कोई सामान्य नागरिक—कांग्रेस उसके विरुद्ध पूरी मजबूती के साथ आवाज़ उठाएगी। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को सम्मान और न्याय मिलना चाहिए तथा अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
श्री गुर्जर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे समाज में होने वाले हर अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध एकजुट होकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करें। कांग्रेस सदैव जनहित, न्याय और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश धनगर फौजी, जिला पदाधिकारी बालेश्वर पाटीदार समरथ गुर्जर ओम प्रकाश राठौर, हरिओम मण्डलोई, तुलसीराम राठौर, पंकज बसेर, पंकज कटारिया, पंकज जाट, प्रकाश जाट, अयूब बक्श, ओम राठौर, नाहरु शाह, नाथूलाल चौधरी सहित स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे
==========

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}