समाचार मध्यप्रदेश नीमच 05 जुलाई 2026 रविवार

///////////////////////////////////
स्वामी विवेकानंद के आदर्श युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत : विधायक दिलीप सिंह परिहार
नीमच। युगदृष्टा, राष्ट्रऋषि एवं युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर शनिवार को नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने प्रधानमंत्री उत्कृष्ट महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।इस अवसर पर विधायक श्री परिहार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन, उनके विचार एवं राष्ट्रसेवा का संदेश आज भी युवाओं को चरित्र निर्माण, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों का अनुसरण कर ही सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र भटनागर, कॉलेज जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विश्वदेव शर्मा, मंडल अध्यक्ष दारासिंह यादव, राजेश बैरागी, लोकेश चांगल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक अमन बैरागी, नगर मंत्री शुभम बागड़ी, खेलो भारत के प्रमुख जतिन शर्मा सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र एवं समाज की सेवा करने के संकल्प के साथ हुआ।
=============
रेडक्रॉस नीमच में 6 जुलाई को निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर
चश्मे और आई ड्रॉप का होगा निःशुल्क वितरण
नीमच, 4 जुलाई 2026। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच एवं गोमाबाई नेत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में 6 जुलाई 2026 (सोमवार) को रेडक्रॉस भवन, शासकीय अस्पताल के पास, नीमच में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा।
शिविर में नेत्र विशेषज्ञों द्वारा लोगों की आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंदों को पास की नजर (रीडिंग) के चश्मों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। इसके अलावा आई ड्रॉप का भी निःशुल्क वितरण किया जाएगा, जिससे आमजन को नेत्र स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
आयोजकों ने जिले के नागरिकों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों एवं दृष्टि संबंधी समस्या से परेशान लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
================
वैध खनिज परिवहन पर सख्त कार्रवाई
6 वाहन मालिकों पर 3.88 लाख रुपये से अधिक का अर्थदंड अधिरोपित
नीमच, 4 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत छह अलग-अलग प्रकरणों में वाहन मालिकों पर कुल 3 लाख 88 हजार 975 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है।
पारित आदेशों के अनुसार पुलिस थाना नयागांव द्वारा जप्त डम्पर क्रमांक MP44ZG8103 में बिना रॉयल्टी मुरूम का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक शेखर राव पिता कमल राव शिंदे, निवासी जमुनिया खुर्द पर 2 लाख 12 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है। इसमें रॉयल्टी का 15 गुना 12 हजार रुपये तथा पर्यावरण क्षतिपूर्ति 2 लाख रुपये शामिल है।
पुलिस थाना जावद द्वारा जप्त ट्रैक्टर महिन्द्रा 585 क्रमांक MP44ZB0941 से बिना रॉयल्टी गिट्टी का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक अजय पिता ओमप्रकाश, निवासी 8 सरदार मोहल्ला, नीमच सिटी पर 30 हजार 400 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। इसमें रॉयल्टी का 15 गुना 5 हजार 400 रुपये तथा पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रुपये शामिल है।
पुलिस थाना मनासा द्वारा जप्त जेसीबी 3DX क्रमांक MP44GA2254 से मुरूम का अवैध उत्खनन पाए जाने पर वाहन मालिक सुरेश पिता गिरधारी रावत, निवासी ग्राम खेजड़ी, कराड़िया बरलाई पर 30 हजार रुपये की शास्ति लगाई गई है। इसमें रॉयल्टी का 15 गुना 15 हजार रुपये तथा पर्यावरण क्षतिपूर्ति 15 हजार रुपये शामिल है।
पुलिस थाना नयागांव द्वारा जप्त ट्रैक्टर महिन्द्रा युवो टेक 475 क्रमांक MP44ZD0776 से रेत का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक महेश पिता रामचन्द्र जूनी, निवासी चिताखेड़ा पर 34 हजार 375 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। इसमें रॉयल्टी का 15 गुना 9 हजार 375 रुपये तथा पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रुपये शामिल है।
इसी प्रकार पुलिस थाना नयागांव द्वारा जप्त ट्रैक्टर क्रमांक AP27D2824 से खण्डा पत्थर का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक दशरथ पिता जीतमल खटीक, निवासी चेनपुरा पर 28 हजार 600 रुपये की शास्ति अधिरोपित की गई है। इसमें रॉयल्टी का 15 गुना 3 हजार 600 रुपये तथा पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रुपये शामिल है
पुलिस थाना सिंगोली द्वारा जप्त डम्पर क्रमांक RJ06GF7870 से गिट्टी का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन मालिक जगदीश पिता लट्टूलाल धाकड़, निवासी 18 धाकड़ मोहल्ला, डोबिया, भीलवाड़ा पर 53 हजार 600 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। इसमें रॉयल्टी का 15 गुना 3 हजार 600 रुपये तथा पर्यावरण क्षतिपूर्ति 50 हजार रुपये शामिल है।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने खनिज अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि अधिरोपित अर्थदंड की राशि 15 दिवस के भीतर शासकीय कोष में जमा होने की पुष्टि के उपरांत ही जप्त वाहनों को मुक्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
==========
जिले में अब तक औसत 200.9 मि.मी. वर्षा दर्ज
नीमच 4 जुलाई 2026, जिले में चालू वर्षाकाल के दौरान अब तक औसत 200.9 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि में औसत 314.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।
अधीक्षक भू-अभिलेख नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में एक जून से इस वर्ष अब तक नीमच में 222.0 मि.मी., जावद में 202 मि.मी., सिंगोली में 226.7 मि.मी. एवं मनासा में 153 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई हैं। जबकि गत वर्ष इस अवधि में नीमच में 293.6 मि.मी.जावद में 330.0 मि.मी., सिंगोली में 434.6 एवं मनासा में 200 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
जिले में 4 जुलाई 2026 को प्रात: 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में औसत 17.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में नीमच में 31, जावद में 20, मनासा में 3 एवं सिंगोली में 16.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
========
मध्यप्रदेश के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) ने हासिल किया अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन
पावर सेक्टर मे इस उपलब्धि से प्रदेश की प्रतिष्ठा मे हुई वृद्धि: ऊर्जा मंत्री श्री तोमर
जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के जबलपुर स्थित राज्य भार प्रेषण केंद्र (एसएलडीसी) को सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के लिए आईएसओ / आईईसी 27001:2022 अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त हुआ है। देश के बड़े राज्य भार प्रेषण केंद्रों में यह प्रमाणन प्राप्त करने वाला मध्यप्रदेश एसएलडीसी, जबलपुर अग्रणी सेंटर है।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि यह प्रमाणन दिल्ली स्थित संस्था क्वालिटी एशिया सर्टिफिकेशन द्वारा विस्तृत मूल्यांकन एवं ऑडिट के उपरांत प्रदान किया गया है। मूल्यांकन में स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर की सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली को आईएसओ/आईईसी 27001:2022 की आवश्यकताओं के अनुरूप पाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को गर्वित करने वाली इस उपलब्धि से पावर सेक्टर मे प्रदेश की प्रतिष्ठा भी बढी है।
डिजिटल प्रणालियों पर निर्भर है ग्रिड—
श्री तोमर ने आगे बताया कि वर्तमान में विद्युत ग्रिड संचालन पूर्णतः डिजिटल प्रणालियों एवं संचार नेटवर्क पर निर्भर है। ऐसे में सूचना सुरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा परिचालन आंकड़ों की गोपनीयता एवं उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। यह प्रमाणन स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर, जबलपुर में सूचना सुरक्षा जोखिमों के प्रबंधन हेतु अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं को परखने के बाद जारी किया गया हैं। इससे मध्यप्रदेश की विद्युत प्रणाली के संचालन में सूचना सुरक्षा के मानक और सुदृढ़ होने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर एमपी ट्रांसको को नई पहचान मिली है ।
परखा गया रियल टाइम ग्रिड आपरेशन से लेकर आपरेशनल टेक्नोलॉजी को—
प्रमाणन एजेंसी के समक्ष एम पी ट्रांसको के सभी संबंधित तकनीकी व स्थापना संबंधित पक्ष मजबूती और स्पष्टता से रखने वाले एम पी ट्रांसको स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर जबलपुर के
अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी श्री राजेश गुप्ता ने
जानकारी दी कि इस प्रमाणन के दायरे में स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के समस्त कार्मिक (नियमित एवं आउटसोर्स कर्मचारी), प्रक्रियाएं तथा सूचना परिसंपत्तियां सम्मिलित हैं। इसके अंतर्गत रियल टाइम ग्रिड आपरेशन (वास्तविक समय ग्रिड संचालन) विद्युत प्रणाली की शेड्यूलिंग, निगरानी एवं नियंत्रण, संचार व्यवस्था, आईएसडी एवं आईएसपी से संबंधित गतिविधियां तथा संपूर्ण आपरेशनल टेक्नोलॉजी एवं आई टी (सूचना प्रौद्योगिकी) अवसंरचना शामिल है जिन्हें की प्रमाणन जारी करने से पहले सूक्ष्मता से परखा गया ।
==========



