शोक समाचार: नीमच के वरिष्ठ इंजीनियर विनोद रत्नावत का सिलवासा में आकस्मिक निधन, शवयात्रा सुबह

शोक समाचार: नीमच के वरिष्ठ इंजीनियर विनोद रत्नावत का सिलवासा में आकस्मिक निधन, शवयात्रा सुबह 9बजे
नीमच। पोरवाल समाज के वरिष्ठ सदस्य एवं एम.पी.ई.बी. (MPEB) के सेवानिवृत्त इंजीनियर श्री रामप्रसाद जी रत्नावत के सुपुत्र विनोद रत्नावत (उम्र लगभग 52 वर्ष) का रखोली, सिलवासा (दमन-दीव) स्थित भीलोसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में हृदयघात (हार्ट अटैक) के कारण आकस्मिक निधन हो गया है।
श्री विनोद रत्नावत पिछले 25 वर्षों से वहां इंजीनियर के पद पर सेवाएं दे रहे थे। वे अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हंसमुख, मिलनसार और सामाजिक कार्यों में हमेशा अग्रणी रहने वाले विनोद जी के इस असामयिक निधन से पोरवाल समाज सहित पूरे नीमच क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है।
वे श्री मनोज रत्नावत के छोटे भाई, श्री देवेंद्र रत्नावत के बड़े भाई, तनीषा व शौर्य के पूजनीय पिता और स्व. आकाश, आयुष एवं सौम्य के काका/बड़े पापा थे।
सुबह 9 बजे निकलेगी शवयात्रा
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दिवंगत श्री विनोद रत्नावत की शवयात्रा दिनांक 17.06.2026 को प्रातः 9:00 बजे उनके निज निवास स्थान मनासा रोड, नीमच से प्रस्थान करेगी। शवयात्रा मुक्तिधाम पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।



