मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 08 जून 2026 सोमवार

12 से 18 जून 2026 तक जनकल्याण शिविर

जिले के प्रत्येक विकासखण्ड एवं नगरीय निकाय मुख्यालय पर तीन दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा

मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय, भोपाल के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के मध्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

कलेक्टर के मार्गदर्शन में रतलाम जिले के प्रत्येक विकासखण्ड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर दिनांक 12 जून से 18 जून 2026 तक तीन दिवसीय “जन कल्याण शिविर” का आयोजन किया जाएगा।

शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की केन्द्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं (सेचुरेशन एवं लक्ष्य आधारित) से वंचित पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनका पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण सुनिश्चित करना तथा आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण करना है।

शिविरों में प्रमुख गतिविधियाँ

जिले में संचालित केन्द्र एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाओं के पात्र किन्तु वंचित हितग्राहियों की विभागीय मैदानी अमले के सहयोग से पहचान कर उनका पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालयों (IHHL) हेतु हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर उनका पंजीयन एवं निराकरण।

शिविरों में कलेक्टर, अपर कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा विभागीय योजनाओं, सेवाओं, शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर यथासंभव मौके पर निराकरण सुनिश्चित करेंगे।

विभिन्न विभागों द्वारा प्रदाय की जाने वाली सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी हेतु विभागीय स्टॉल स्थापित किए जाएंगे तथा पात्र हितग्राहियों को आवेदन, पंजीयन एवं सेवा वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।

भारत सरकार एवं राज्य सरकार के विकास एवं प्रगति की प्रदर्शनी जनसंपर्क विभाग के सहयोग से आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रबुद्ध जनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

शिविरों में लाभ वितरण, हितग्राही संवाद, सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण तथा योजनाओं के संबंध में जनजागरूकता गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी। शिविर स्थल पर पर्याप्त छाया, पेयजल, स्वच्छता आदि की व्यवस्था की जाएगी।

अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों को दर्ज करने एवं निराकरण संबंधी कार्यवाही सी.एम. हेल्पलाइन पोर्टल (cmhelpline.mp.gov.in) के माध्यम से की जाएगी। पोर्टल में एक पृथक मॉड्यूल तैयार किया गया है।

जिला कलेक्टर उक्त अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय, प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरण के लिए उत्तरदायी होंगे। शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय मीडिया, सोशल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों से किया जाएगा ताकि अधिकतम नागरिक लाभान्वित हो सकें।

जिले के समस्त पात्र नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने नजदीकी जन कल्याण शिविर में अवश्य पहुंचें, आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ उठाएं। ऐसे आवेदन जिनका निराकरण तत्काल संभव नहीं होगा, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर आवेदक को सूचित किया जाएगा एवं प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।

=============

कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने कार्डियक एम्बुलेंस का किया लोकार्पण

पुनीत काम से सेवा के नए आयाम स्थापित होंगे -मंत्री श्री चैतन्य काश्यप

कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन श्री चैतन्य काश्यप द्वारा विधायक निधि से कार्डियक एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि रोटरी क्लब श्रेष्ठ सेवा संस्थान है, गंभीर मरीजों को सेवाएं उपलब्ध होना पुनीत कार्य है, जिससे मानव सेवा के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं , सबसे श्रेष्ठ सेवा मानव सेवा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज रतलाम में कार्डियक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में सभी संभव प्रयास किया जा रहे हैं। उन्होंने अपने उद्बोधन में पद्मश्री डॉ लीला जोशी द्वारा महिलाओं में एनीमिया से बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की तथा श्री गोविंद काकानी द्वारा कोविड काल में की गई सेवाओं की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा एयर एंबुलेंस सेवाओं को महत्वपूर्ण बतातें हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड धारी मरीजों के लिए एयर एंबुलेंस की सेवा निशुल्क उपलब्ध है। कार्डियक एम्बुलेंस को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल की तर्ज पर संचालन की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान रोटरी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के श्री प्रद्युम्न मजावदिया ने बताया कि एंबुलेंस में अत्याधुनिक संसाधन की व्यवस्था उपलब्ध है , एंबुलेंस का संचालन रोटरी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। उन्होंने पूर्व में प्राप्त एंबुलेंस द्वारा विगत 3 वर्षों में ढाई हजार से अधिक मरीजों को सेवा उपलब्ध कराने एवं साढे तीन लाख किलोमीटर से अधिक एंबुलेंस द्वारा दूरी तय करने की बात कही । एंबुलेंस द्वारा न्यूनतम दरों पर सेवाएं उपलब्ध रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल , उपाध्यक्ष श्री गोविंद काकानी , पद्मा श्री डॉ लीला जोशी , मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे, रोटरी क्लब के पदाधिकारी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

=========

पीएम सूर्य घर योजना में 1.33 लाख से ज्यादा सौर संयंत्र स्थापित : ऊर्जा मंत्री श्री तोमर

  • 942 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी जारी, 498 मेगावॉट से अधिक सौर क्षमता विकसित
  • पीएम सूर्य घर योजना से ऊर्जा आत्मनिर्भर बन रहे परिवार

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश में सौर ऊर्जा को लेकर नागरिकों में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में अब तक 1 लाख 33 हजार 121 सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। प्रदेश में कुल 498.03 मेगावॉट सौर क्षमता विकसित की जा चुकी है। साथ ही हितग्राहियों को अब तक 942.19 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि इस योजना से परिवार ऊर्जा आत्मनिर्भर बन रहे हैं। पीएम सूर्य घर योजना मध्यप्रदेश में ऊर्जा आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और आमजन को आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान के रूप में स्थापित हो रही है।

तीनों विद्युत वितरण कंपनियों में उल्लेखनीय प्रगति

पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी योजना के क्रियान्वयन में अग्रणी है। यहां 54 हजार 773 संयंत्र स्थापित किए गए। इससे 56 हजार 247 परिवारों को लाभ मिला है। क्षेत्र में 202.07 मेगावॉट क्षमता विकसित हुई है और 389.31 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी जारी की गई है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र में अब तक 47 हजार 734 सौर संयंत्र स्थापित किए गए हैं, जिनसे 50 हजार 323 परिवार लाभान्वित हुए हैं। कंपनी क्षेत्र में 185.09 मेगावॉट क्षमता के संयंत्र स्थापित हुए हैं तथा 339.28 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी जारी की गई है।

पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी क्षेत्र में 30 हजार 614 सौर संयंत्र स्थापित किए गए, जिनसे 30 हजार 899 परिवार लाभान्वित हुए हैं। कंपनी क्षेत्र में 110.87 मेगावॉट क्षमता के संयंत्र स्थापित हुए हैं तथा 213.60 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी वितरित की गई है।

उपभोक्ताओं को मिल रहा सीधा लाभ

योजना के तहत 1 किलोवॉट सौर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवॉट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में उल्लेखनीय कमी आ रही है और वे स्वच्छ ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

प्रदेश सरकार और विद्युत वितरण कंपनियां योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयासरत हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिकृत वेंडरों के माध्यम से ही सौर संयंत्र स्थापित कराएं तथा सब्सिडी प्राप्ति के लिए बैंक खाते, आधार कार्ड और बिजली कनेक्शन में दर्ज नाम एक समान रखें।

============

समान नागरिक संहिता के लिए ucc.mp.gov.in पर अपने सुझाव दे

मध्यप्रदेश राज्य में विभिन्न व्यक्तिगत तथा पारिवारिक विधियों के अंतर्गत विवाह, विवाह विच्छेद, भरण-पोषण, उत्तराधिकार एवं अन्य संबंधित विषयों के संबंध में अध्ययन और परीक्षण करने हेतु समान नागरिक संहिता के संबंध में मध्यप्रदेश शासन द्वारा उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। समान नागरिक संहिता हेतु जन-परामर्श के सुझाव प्राप्त करने के लिए वेबसाईट ucc.mp.gov.in तैयार की गई है।

जिला प्रशासन ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि समान नागरिक संहिता के लिए अपने परामर्श/सुझाव वेबसाईट ucc.mp.gov.in पर प्रेषित कर शासन का सहयोग करे।

==========

जैविक हाट बाजार में 37950 रुपए से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय

परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश ने बताया कि रविवार को जिले में आयोजित जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार में विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने अपने जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों का विक्रय किया। हाट बाजार में कुल 7 जैविक कृषक अपने उत्पाद लेकर पहुंचे और उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक जैविक उत्पादों की खरीदारी की।

 

धामनोद से आए किसान श्री चंद्रभानु द्वारा अनाज, दालें, सब्जियां, फल, केसर आम एवं मूंगफली का 18000 रुपये का विक्रय किया गया। श्री उमेश धाकड़ (बांगरोद) द्वारा घी एवं दूध 1000 रुपये का, श्री दिलीप धाकड़ सादा खेड़ी द्वारा शहद 5050 रुपए का, श्री दिलीप पाटीदार (करिया) द्वारा देसी घी 10000 रुपये का, श्री नर्सिंग कालजी पीपलघाटी द्वारा जैविक सब्जियां 2000 रुपए का, श्री तेजराम सांखला द्वारा जैविक सब्जियां एवं श्री प्रवीण पाटिल रतलाम द्वारा जैविक सब्जियां का विक्रय किया गया ।

 

जैविक हाट बाजार में कुल 37950 रुपये से अधिक के जैविक उत्पादों का विक्रय हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}